अनुवाद लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
अनुवाद लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, 15 मार्च 2018

अनुवाद चिंतन पर एक परिपूर्ण दृष्टि


शर्मा, गोपाल (2017)/ अनुवाद : परंपरा और प्रयोग
नई दिल्ली : तक्षशिला
पृष्ठ : 423/ मूल्य : 900 


अनुवाद विज्ञान भाषाविज्ञान का एक अनुप्रयोग क्षेत्र है। इसकी संकल्पना अत्यंत व्यापक है। अनुवाद समीक्षा और अनुवाद मूल्यांकन जैसे क्षेत्रों का विस्तार हो रहा है। अनुवाद विज्ञान को पाठ विश्लेषण तथा संकेत विज्ञान से जोड़कर भी देखा जाता है। पहले से ही अंग्रेजी में अनुवाद विज्ञान से संबंधित अनेक पुस्तकें उपलब्ध हैं। हिंदी में भी अनुवाद की सिद्धांत और व्यवहार से संबंधित अनेक पुस्तकें बाजार में उपलब्ध हैं क्योंकि स्नातक और सनातकोत्तर स्तर पर अनेक विश्वविद्यालयों में अनुवाद को पाठ्यक्रम में शामिल कर लिया गया है। इन पुस्तकों में ज्यादातर अनुवाद की परिभाषा, स्वरूप, प्रक्रिया, क्षेत्र, प्रकार आदि से संबंधित सामग्री एवं तथ्यों में दुहराव दिखाई देता है। शोध ग्रंथों में भी प्रायः यही स्थिति है। लेकिन हाल ही में मुझे प्रो. गोपाल शर्मा की सद्यः प्रकाशित पुस्तक ‘अनुवाद : परंपरा और प्रयोग’ (2017, नई दिल्ली : तक्षशिला) देखने और पढ़ने का अवसर प्राप्त हुआ तो ऐसा प्रतीत हुआ कि यही वह पुस्तक है जिसकी अनुवाद विज्ञान के अध्येताओं और हिंदी पाठकों को भी लंबे अरसे से तलाश थी। 

प्रो. गोपाल शर्मा इथियोपिया के अरबा मिंच विश्वविद्यालय में अंग्रेजी और भाषाविज्ञान के प्रोफेसर हैं। हिंदी और अंग्रेजी दोनों में समान गति से आप शिक्षण, लेखन तथा अनुवाद कार्य करते हैं। आपकी अनेक महत्वपूर्ण पुस्तकें प्रकाशित हैं – देरिदा : विखंडन की शब्दावली, समकालीन मीडिया लेखन, राजभाषा हिंदी : विचार और विश्लेषण, संप्रेषणपरक हिंदी भाषा शिक्षण, केंद्रीय हिंदी व्याकरण, अँधेरे में : देरिदा दृष्टि से एक जगत समीक्षा, एन आउटलाइन ऑफ जनरल लिंग्विस्टिक्स, एन इंटरोडक्शन टू लिटरेरी क्रिटिसिज़्म एंड थ्योरी, प्रेमचंद इन ट्रांस्लेशन, इंग्लिश इन इथोपिया : ईशूज एंड परस्पेक्टिव्ज, नेलसन मंडेला : दि अफ्रीकन गांधी, यूथ आइकन : नरेंद्र मोदी आदि। दक्षिण भारत हिंदी प्रचार सभा, हैदराबाद से आपने प्रसिद्ध समाजभाषावैज्ञानिक प्रो. दिलीप सिंह के सफल निर्देशन में ‘सैद्धांतिक-अनुप्रयुक्त भाषाविज्ञान और हिंदी भाषा : प्रो. रवींद्रनाथ श्रीवास्तव का लेखन संदर्भ’ पर शोधकार्य किया है। सभा की मासिक पत्रिका ‘पूर्णकुंभ’ में वैनतेय शास्त्री के नाम से व्यंग्य लेखन भी किया है। 

‘अनुवाद : परंपरा और प्रयोग’ प्रो. गोपाल शर्मा की शोध दृष्टि और गहन चिंतन का सुपरिणाम है। अनुवाद अध्ययन और अध्यापन तथा शोध के लिए यह उपयोगी एवं महत्वपूर्ण पुस्तक है क्योंकि पहली बार अनुवाद अध्ययन का सर्वांगीण ढाँचा तथा अनुवाद परंपरा का भारतीय एवं पाश्चात्य परिदृश्य इस पुस्तक के माध्यम से पाठकों के समक्ष उपस्थित हुआ है। इस पुस्तक के ब्लर्ब पर यह उल्लेख किया गया है कि ‘यह पुस्तक अनुवाद अध्ययन की पाश्चात्य व भारतीय परंपराओं, सिद्धांतों और अनुवादवेत्ताओं के लेखन का अद्यतन और विस्तृत विवेचन करते हुए उसके अधुनातन प्रयोगात्मक पक्ष को विशेषतापूर्वक प्रस्तुत करती है।‘ एम.ए., एम.फिल., पीएच.डी., डिप्लोमा के छात्रों एवं शोधार्थियों के साथ-साथ प्राध्यापकों एवं शोध निर्देशकों को भी इस पुस्तक को आदि से अंत तक अक्षरशः पढ़ना चाहिए। 

‘अनुवाद : परंपरा और प्रयोग’ शीर्षक इस 423 पृष्ठों के महाकाय ग्रंथ में लेखक ने 14 शीर्षकों के अंतर्गत अनुवाद के वैश्विक परिदृश्य को समेटा है - (1) अनुवाद : महत्व, उद्देश्य, स्वरूप तथा क्षेत्र विस्तार, (2) अनुवाद : बहुस्तरीय व बहुआयामी परिभाषाएँ, (3) सफल अनुवादक की पहचान, (4) अनुवाद और भाषाविज्ञान, (5) अनुवाद की भारतीय परंपराएँ, (6) पाश्चात्य अनुवाद परंपरा, (7) प्रमुख अनुवाद चिंतक : भारतीय व पाश्चात्य, (8) समतुल्यता का सिद्धांत और अनुवाद, (9) उत्तर आधुनिकता और अनुवाद, (10) उत्तर उपनिवेशवाद और अनुवाद, (11) विखंडन और देरिदा की अनुवाद दृष्टि, (12) चित्रपट अनुवाद के विविध पक्ष, (13) मशीनी अनुवाद : उपलब्धियाँ, समस्याएँ और संभावनाएँ तथा (14) अनुवाद की नई सैद्धांतिकी। अंत में अनुवाद विज्ञान से संबंधित हिंदी और अंग्रेजी पुस्तकों की प्रामाणिक सूची भी सम्मिलित है जिसकी उपादेयता को नकारा नहीं जा सकता। 

अनुवाद के महत्व को सिद्ध करते हुए गोपाल शर्मा कहते हैं कि ईसापूर्व भारतीय जीवन का पश्चिम से जो संबंध रहा वह केवल व्यापार का न होकर सांस्कृतिक आदान-प्रदान का था जिसमें अनुवाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही होगी। (पृ.13)। लेखक की मान्यता है कि भारत में ब्रिटिश शासन की स्थापना में अनुवाद सहायक था। अनुवाद केवल भाषा का अंतरण नहीं बल्कि सांस्कृतिक अंतरण है। इससे राजनैतिक, आर्थिक, सामाजिक, वैज्ञानिक तथा औद्योगिक प्रगति भी जुड़ी हुई है। लेखक यह प्रतिपादित करते हैं कि “दाराशिकोह के उपनिषदों के अनुवाद से लेकर आज तक की परंपरा के महत्व को समझते हुए यह कहने में गर्व होना चाहिए कि इस क्षेत्र में भारतीय योगदान नगण्य नहीं, अपितु अग्रगण्य है।“ (पृ.14)। 

अनुवाद विज्ञान के छात्र, शोधार्थी एवं शोध निर्देशक प्रायः कैटफोर्ड, नाइडा और पीटर न्यूमार्क तथा रवींद्रनाथ श्रीवात्सव, सुरेश कुमार, कैलाश चंद्र भाटिया, भोलानाथ तिवारी के ही इर्द-गिर्द घूमते रहते हैं। इन विद्वानों के द्वारा प्रतिपादित परिभाषाओं को तोते की तरह रटते हैं और काम चला लेते हैं। इन परिभाषाओं से न आगे जाते हैं और न ही जाने की कोशिश करते हैं। प्रो. गोपाल शर्मा ने अपनी गहन अध्ययन दृष्टि का परिचय देते हुए अनुवाद की बहुस्तरीय एवं बहुआयामी परिभाषाएँ प्रस्तुत की हैं। चीनी भाषाविद लोंग जिंग (Long Jixing) के हवाले से वे यह स्पष्ट करते हैं कि परिभाषाओं को केवल कालक्रमानुसार न देखकर बहुस्तरीय स्वरूप के आधार पर देखना उचित होगा। भाषावैज्ञानिक, सामाजिक, सांस्कृतिक और मनोवैज्ञानिक दृष्टि से अनुवाद की अनेक परिभाषाएँ विस्तृत विवेचन के साथ इस पुस्तक में सम्मिलित हैं। यह अनेकविद संकल्पना इसलिए भी आवश्यक प्रतीत होती है कि वर्तमान युग की कोई भी गतिविधि अनुवाद के बिना नहीं चलती। “अनुवाद की कोई भी थ्योरी कभी पूर्ण नहीं होती और न ही पूर्णरूपेण व्यर्थ।“ (पृ.283)। गोपाल शर्मा अनुवाद को ‘पौधारोपण’ (transplantation) मानते हैं (पृ.283) और कहते हैं कि जिस तरह धरती पर पौधा जमाने के लिए काट-छाँट और कतर-ब्योंत की आवश्यकता होती है उसी तरह अनुवाद को जमाने के लिए भी करना होगा। 

उत्तर आधुनिकता, उत्तर उपनिवेशवाद तथा विखंडन के बारे में आजकल बहुत कुछ लिखा जा रहा है पर संकल्पना अभी भी स्पष्ट नहीं हो सकी। देखा जाए तो संरचनावाद, उत्तर संरचनावाद, फेमेनिज़्म आदि अनुवादों के माध्यम से ही सामने आए। इस संबंध में लेखक का कहना है कि “यदि सस्यूर और देरिदा को फ्रेंच से अंग्रेजी में अनुवाद के माध्यम से प्रस्तुत न किया जाता तो न संरचनावाद होता और न उत्तर संरचनावाद। न फ्रेंच फेमिनिज़्म से परिचय हो पाता, न जेंडर अध्ययन की नींव रखी जाती।“ (पृ.6)। ‘अनुवाद : परंपरा और प्रयोग’ में पहली बार उत्तर आधुनिकता तथा उत्तर उपनिवेशवाद से अनुवाद के संबंध को रेखांकित किया गया है। आज के परिप्रेक्ष्य में हिंदी ‘बाजार-दोस्त’ और ‘कंप्यूटर-दोस्त’ भाषा (शर्मा, ऋषभदेव [2015], हिंदी भाषा के बढ़ते कदम, नई दिल्ली : तक्षशिला, पृ. 183) बन चुकी है। ऐसी स्थिति में अनुवाद भी अब भाषाओं की सीमाओं से परे जाकर ‘मीडिया-अध्ययन’ और ‘मास कम्युनिकेशन’ तक पहुँच चुका है। (पृ.278)। लेखक ने यह स्मरण कराया है कि उनके बचपन में ‘रूसी से हिंदी में अनुवादित अनेक कृतियाँ नाम मात्र के मूल्य पर मिल जाया करती थीं।‘ (पृ.278)। मेरे पास आज भी रूसी से अंग्रेजी में और तेलुगु में अनूदित साहित्यिक कृतियाँ हैं जो रादुगा और प्रोग्रेस पब्लिशर्स द्वारा प्रकाशित हैं। उनमें से कुछ किताबों पर मात्र पाँच रुपए अंकित हैं और कुछ किताबों में तो मूल्य अंकित ही नहीं। 26 दिसंबर, 1991 से सोवियत संघ के विघटन के बाद रूसी साहित्य की वैसी उपलब्धता भी समाप्त हो गई है। आज अंग्रेजी का वर्चस्व है। अंग्रेजीतर भाषाओं के लेखक प्रायः यह समझते हैं कि यदि उनके साहित्य का अंग्रेजी में अनुवाद होता है तो उनका दर्जा भी बढ़ जाता है। जबकि प्रो. गोपाला शर्मा ने इसे एक उत्तर उपनिवेशी लक्षण माना है। 

उत्तर उपनिवेश काल में अनुवाद का महत्व बढ़ गया है। यदि उपनिवेशवादी ताकतों ने यह कहा कि ‘भारतीय भाषाओं में कुछ भी पठनीय व श्रेष्ठ नहीं है तो भारतीयों ने भी अपनी श्रेष्ठता का दावा करने के लिए अनुवाद को माध्यम बनाया।‘ (पृ.288)। अनुवाद कभी भी ‘वन वे ट्राफिक’ न होकर आदान-प्रदान होता है। (पृ.289)। भारत में 19वीं शती के प्रारंभ में जो ‘अनुवाद कार्य हुआ वह एक प्रकार से उपनिवेशी सोच का विस्तार है।‘ (पृ.290)। उल्लेखनीय है कि अनुवादकों को मार्ग सुझाने के साथ-साथ अनुवाद के क्षेत्र में निहित समस्याओं एवं सीमाओं का उल्लेख करते हुए विनय धारवाडकर ने अपने निबंध ‘ट्रांस्लेटिंग द मिलेनियम : इंडियन लिटरेचर इन ए ग्लोबल मार्केट’ में अनुवाद के लिए दस सूत्र निर्धारित किए हैं जिन पर इस पुस्तक में विचारोत्तेजक विमर्श सम्मिलित है। (पृ.297-298)। 

बाजार की ताकतों के सामने सब को झुकना ही पड़ रहा है। अनुवाद भी बाजार की ताकतों द्वारा संचालित है। प्रायः हम लोग यह पढ़ते आ रहे हैं कि अनुवादक वंचक होते हैं और अनुवाद दोयम दर्जे का कार्य। अनुवाद की लक्ष्य भाषा के अनुवादक की मातृभाषा से भिन्न होने पर यह खतरा और भी बढ़ जाता है। लेकिन प्रो. शर्मा याद दिलाते हैं कि देरिदा की दृष्टि से कोई भी अनुवाद दोयम नहीं होता। (पृ.311)। उनके अनुसार अनुवादक पाठक है और पाठक के साथ-साथ वह लेखक भी है और “यदि अनुवाद एक प्रकार का पठन कर्म है और या निर्वचन का प्रकार है तो वह दिए अर्थ का प्रतिस्थापन है।“ (पृ.312)। क्योंकि वे यह मानते हैं कि मूल अर्थ को खंडित करने के बावजूद एक नई टैक्स्ट या टैक्स्टों के नेटवर्क का निर्माण किया जा सकता है। (पृ.313)। ‘अनुवाद : परंपरा और प्रयोग’ में मशीनी अनुवाद, सबटाइटलिंग, फिल्मों के संवाद की प्रकृति, डबिंग, अनुवाद और जेंडर आदि अनेकानेक विषयों पर काफी विस्तार से चर्चा निहित है। 

पाठकों के लिए गोपाल शर्मा द्वारा रेखांकित कुछ तथ्यों को सूत्र रूप में यहाँ दिया जा रहा है – 

Ø अनुवाद के माध्यम से हीनता ग्रंथ की जड़ मिट सकती है। (पृ.14)। 

Ø अनुवाद तो एक ‘पाठ’ या ‘संवाद’ होता है, उसे जीवन देना, या संजीवनी देना अनुवाद का दायित्व है। (पृ.204)। 

Ø उत्तर उपनिवेशी काल में अनुवाद का महत्व यह कहकर अभिव्यक्त किया जाता है कि उपनिवेशवाद और अनुवाद एक ही सिक्के के दो पहलू हैं, इनमें अटूट संबंध है। (पृ.288)। 

Ø उपनिवेशी सिद्धांती अनुवाद को एक ऐसा माध्यम मानते हैं जिनमें उपनिवेश को अनुवाद का रूपक मानकर देखना प्रश्नांकित किया जाता है। (पृ.289)। 

Ø अनुवादक मूल-कृतिकार का जरखरीद गुलाम नहीं वह भी एक सर्जक है। वह ऐसा सर्जक है जो मूलकृति को अन्य भाषा में ढालकर एक नई आकृति देता है। (पृ.289)। 

Ø अनुवाद किसी कृति के साथ किया जाने वाला आत्मीय संवाद या संलाप है, प्रतिक्रिया है जिसमें अनुवादक स्वयंभू, स्वतंत्र, निर्भीक एवं सहृदय पाठक होता है। (पृ.289)। 

Ø अनुवाद पर प्रतिबंध की कोई चेष्टा अलाभप्रद होगी। बेहतर होगा की कोई मध्यम मार्ग हो, समस्त परिक्षेत्र का आकलन व मूल्यांकन हो और जिसे भाभा ‘in-between space’ कहते हैं तथा जिसमें अनुवाद के साथ संस्कृति का जुड़ाव भी होता है वह रहे। (पृ.289)। 

Ø हर कृति का अनुवाद मूलकृति को परिष्कृत, परिमार्जित व परिवर्धित ही नहीं करता, वह नए अर्थ का निर्धारण भी करता है। (पृ.291)। 

Ø सांस्कृतिक और भाषाई विभाजन अनुवाद के मार्ग में बाधा है। (पृ.294)। 

Ø कंप्यूटर के पास स्मृति तो होती है, किंतु मानवीय मस्तिष्क की विचार प्रक्रिया को वह नहीं पा सकता। अतः अनुवाद में निहित सर्जनात्मकता अपना पुनःसर्जन की प्रक्रिया में कोई मशीन मानवीय मस्तिष्क का स्थान नहीं ले सकती। केवल सीधी-सादी सूचनाओं अथवा आँकड़ों का भाषांतरण तो यह असीम क्षमता से कर सकती है। (पृ.391)। 

Ø एक गंभीर (मूल) स्रोत टैक्स्ट सदैव पवित्र नहीं होती, और जब कोई टैक्स्ट किन्हीं पाठकों के लिए लिखी जाती है तो उन पाठकों को उससे भटकना नहीं चाहिए। (पृ.414)। 

अंत में इस ग्रंथ की उपादेयता के संदर्भ में यह तथ्य एक साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत किया जा सकता है कि इसमें विद्वान लेखक ने देश विदेश के जिन अनेक अनुवादशास्त्रियों के सिद्धांतों और मत-मतांतरों पर विमर्श प्रस्तुत किया है उनमें रवींद्रनाथ श्रीवास्तव, भोलानाथ तिवारी, सतीश कुमार रोहरा, कैलाश चंद्र भाटिया, एन.ई. विश्वनाथ अय्यर, सत्यव्रत, गार्गी गुप्त, श्रीपाद रघुनाथ जोशी, दिलीप सिंह, नगेंद्र, अज्ञेय, कृष्ण कुमार गोस्वामी, कैटफोर्ड, नाइडा, पीटर न्यूमार्क, एंड्रे लेफेवरे, पेट्रस डेनियलस हूटिअस, सुज़ेन बेसनेट, एल्स वियरा, गेंटजलेर, वॉल्टर बेंजामिन, देरिडा, शैरी साइमन, एमिली एप्टर, गायत्री चक्रवर्ती स्पिवाक्, होमी भाभा जैसे अनेक महत्वपूर्ण नाम शामिल हैं। साथ ही न्यायसूत्र, मीमांसा, पाणिनि, शब्द रत्नावली, शब्द कल्पद्रुम की परंपरागत प्राचीन परिभाषाएँ भी सम्मिलित हैं। निष्कर्षतः, अनुवाद चिंतन या अनुवाद अध्ययन को परिपूर्णता प्रदान करने की दृष्टि से यह विमर्श अत्यंत श्लाघनीय है।

बुधवार, 21 अगस्त 2013

प्रो. ऋषभदेव शर्मा की हिंदी कविताओं का तमिल अनुवाद -1

अकादमिक प्रतिभा, नई दिल्ली - 100 059
2011/  INR 250/=
आईएसबीएन : 978-93-80042-59-6.
प्राप्ति स्थान -
 डॉ. ऋषभ देव शर्मा, 208 - ए, सिद्धार्थ अपार्टमेंट्स, 
गणेश नगर, रामंतापुर, हैदराबाद - 500 013 . 
फोन :  +91 8121435033.
गुड़िया–गाय–गुलाम (मूल : ऋषभ देव शर्मा)

परसों तुमने मुझे
चीखने वाली गुड़िया समझकर
जमीन पर पटक दिया
और पैरों से रौंद डाला पर मैंने कोई शिकायत नहीं की.

कल तुमने मुझे
अपने खूँटे की गाय समझकर
मेरे पैरों में रस्सी बाँध दी
और मेरे थनों को दुह डाला पर मैंने कोई शिकायत नहीं की.

आज तुमने मुझे
अपने हुक्म का गुलाम समझ कर
गरम सलाख से मेरी जीभ दाग दी है और अब भी चाहते हो
मैं कोई शिकायत न करूँ

नहीं!
मैं गुड़िया नहीं,
मैं गाय नहीं,
मैं गुलाम नहीं!! 
(देहरी: 2011: पृष्ठ1)


तमिल अनुवाद (नीरजा)

போம்மை-பஸு-அடிமை 


ரொம்ப காலமாய நீ ஏந்நை
சத்தமபோடும் பொம்மை என்று நிநைத்து
தீரையில நிர்லாக்ஷ்யமாஈ விஸிரிநாய
காலால மிதைத்தாய ஆநாலும நாந வாய் அஸைக்யவில்லை.

நேட்ரு நீ ஏந்நை
உந கம்புக்கு கட்டிய பஸு என்று நிநைத்து 
ஏந காலில கயிரை மாட்ரீநாய
ஏந பால மடியை கரைத்திநாய ஆநாலும நாந வாய் அஸைக்யவில்லை.

இன்று நீ என்னை
உன் அடிமை என்று நினைத்து
ஏன் நாக்கை இரும்பு ஈட்டியால் ஸுட்ரிவிட்டாய ஆனாலும் நீ நினைக்கிறா
நான் வாய் அசைக்யமாட்டேன் என்று! 

இல்லை!
நான் பொம்மை இல்லை!
நான் பசுவும் இல்லை!! 
நான் அடிமை இல்லை!!!


हिंदी लिप्यंतरण


बोम्मै-पसु-अडिमै


रोंभ कालमाय नी एन्नै 
चत्तमपोडुम बोम्मै एंड्रु निनैत्तु 
तिरैयिल निर्लाक्ष्यमाई विसिरिनाय 
कालाल मिदैत्ताय आनालुम नान वाई असैक्यविल्लै. 

नेट्रु नी एन्नै 
उन कम्बुक्कु कट्टिय पसु एंड्रू निनैत्तु 
एन कालिल कयिरै माट्रीनाय 
एन पाल मडियै करैत्तिनाय आनालुम नान वाई असैक्यविल्लै. 

इंद्रु नी एन्नै 
उन अडिमै एंड्रु निनैत्तु 
एन नक्कै इरुम्बु ईट्टीयाल सुट्रिविट्टाय आनालुम नी निनैक्कराया 
नान वाई असैक्यमाटेन एंड्रू ! 

इल्लै ! 
नान बोम्मै इल्लै ! 
नान पसुवुम इल्लै !! 
नान अडिमै इल्लै !!!



मंगलवार, 28 अगस्त 2012

अक्षर मेरा अस्तित्व




‘अक्षर मेरा अस्तित्व’ [2011] तेलुगु कवयित्री डॉ. सी. भवानीदेवी की हिंदी में अनूदित कविताओं का पहला संग्रह है. इस संकलन में 41 कविताएँ और 10 नानीलु (नन्हे मुक्तक) सम्मिलित हैं. तेलुगु में डॉ.भवानीदेवी के 7 कविता संग्रहों और 2 नानीलु संग्रहों के साथ साथ अनेक समीक्षात्मक आलेख, कहानियां और यात्रावृत्त प्रकाशित हैं. ‘अक्षर मेरा अस्तित्व’ के माध्यम से अनुवादिका श्रीमती आर.शांता सुंदरी ने डॉ.भवानीदेवी की रचनाओं से हिंदी साहित्य जगत को परिचित कराया है. ‘अक्षर मेरा अस्तित्व’ के लोकार्पण के अवसर पर मैं कवयित्री डॉ.सी.भवानीदेवी और अनुवादिका श्रीमती आर. शांता सुंदरी को हार्दिक शुभकामनाएँ देती हूँ. 

तेलुगु कविता के क्षेत्र में ‘नानीलु’ के प्रवर्तक के रूप में प्रो.एन.गोपि को जाना जाता है. भवानीदेवी ने प्रो.एन.गोपि के कवित्व से प्रेरणा पाकर इस काव्य विधा को अपनाया. जहां तक मेरा सीमित ज्ञान है, तेलुगु कवयित्रियों में इस विधा को अपनाने वाली प्रथम कवयित्री भवानीदेवी ही हैं. विवाह से संबंधित उनका एक ‘नानी’ इतना प्रसिद्ध हो चुका है कि बड़े सहज रूप में लोग उसका प्रयोग करते रहते हैं – “विवाहमा/ एंता पनि चेसावु/ ना पुट्टिंटिकि/ नन्ने अतिथिनि चेसावु.” (विवाह/ तुमने यह क्या किया/ मायके में मुझे/ मेहमान बना दिया). 

भवानीदेवी संवेदनशील कवयित्री हैं. उनकी कविताओं में मूर्त-अमूर्त और जड़-चेतन सब निहित हैं. महाकवि श्रीश्री ने कहा है कि कविता के लिए कोई भी वस्तु त्याज्य नहीं है. उनके अनुसार तो यह जगत पद्मव्यूह है और कविता एक अनबुझी प्यास है. इसीलिए शायद भवानीदेवी ने तकिया से लेकर गुड़िया, पत्थर, लालटेन, ताजमहल, विज्ञापन, घड़ी के फ्रेम,किताब, मोर पंख आदि के माध्यम से नए नए बिंब गढे – 

“मेरा बचपन/ किताबों में मोर पंख-सा छिपा हुआ है/ पत्तों के बीच में से छलकती चांदनी की तरह/ मेरी आत्मा खिलती रही उसी छत पर/ एकांत घड़ी के फ्रेम में/ काल गमन सूचक पेंडुलम की राह में/ उसी घर के दर्पण में/ वयरूप होने का पाउडर लगाया था/ मैंने घड़ी घड़ी.” (प्रतीक्षा) 

भवानीदेवी की कविताओं को पढ़ने से यह स्पष्ट होता है कि कवयित्री को समाज की चिंता है. उनकी मूलभूत चिंता व्यक्ति, वर्ग या वर्ण नहीं है बल्कि मनुष्य है. इसीलिए वे कहती हैं कि “मानवी बनूँ/ प्यूपा को तोड़कर/ तितली बनकर हवा के संग-संग उड़ जाऊं...” (नौकरी). 

कवयित्री परिवेश के प्रति संवेदनशील हैं. वे कहती हैं – “गुर्तुलेनि नेस्तम!/ भूतद्दानिकिकूडा दोरकनि नल्लपूसवैयावु/ कांक्रीटु जन्गिल्स, सेलफोनल प्रकंपनालु/ मी पसिडिगूल्लनु काटेयटम/ ना उरुकू परुगुल जीवितमलो/ ओक्कसारैना तलवलेनि विषादम” (गूडू). इस अंश का अनुवाद बहुत ही सहज और लक्ष्य भाषा की प्रकृति के अनुरूप है – “कहाँ खो गई कि नज़र ही नहीं आती!/ कांक्रीट जंगलों में सेलफ़ोन के प्रकम्पनों का/ तेरे सुनहरे घोंसले को डसना एक विषाद है/ मेरी दौड़ धूप वाली ज़िंदगी में” (उन दिनों का घोंसला). यह अंश पढ़ते समय मुझे प्रो.एन.गोपि की कविता का वह अंश याद आया जिसमें वे कहते हैं कि - “कम्युनिकेशन के शोर से घबराकर/ कबूतर उड़ते चले जा रहे हैं/ उन्हें पकड़कर रोकिए/ ‘हैलो’ के एक ही तीर से/ रसार्द्र जीवन के खजाने को मत नष्ट कीजिए.” (एन.गोपि, मरती हुई चिठ्ठी, समय को सोने नहीं दूंगा). 

भवानीदेवी मानव संबंधों को ज्यादा महत्व देती हैं. आज की संवेदनहीन दुनिया को देखकर वे विचलित होकर कहती हैं – “मानव संबंधालनु/ की बोर्ड मीद ओत्तलेम कदा!” [मानव संबंधों को/ की-बोर्ड पर दबाया तो नहीं जा सकता है न! (अक्षर मेरा अस्तित्व)]. आज का मनुष्य भीड़ में भी अकेला है. वह जीवन की आपाधापी में अपने आप तक से कटता जा रहा है. बाज़ार ने मानवीय संबंधों को अपने कब्जे में कर लिया है. “ओक्टोपस सौंदर्य के बाज़ार में/ कपड़ों और मूल्यों का शिकार करनेवाला तो/ वर्तमान विज्ञापनों का अंकों का संसार ही है!” (एक सौंदर्य वेदना-गीत). 

इसी संदर्भ में एक और उदाहरण देखिए – “मानवीय संबंधों को समाप्त करके/ घर की बोली को चबाकर रख देनेवाली/ पराई भाषा/ अमेरिका की मिट्टी के लिए/ भूखी बनी हुई है/ टूटे उजड़े घर.” (छोटा सा दीया). बाज़ार हमें अपनी मिट्टी से संबंध तोड़ने पर मजबूर कर रहा है. दिन-ब-दिन अमानुषता हमारे अंदर घर कर रही है. “भूमि मीद विस्तरिस्तुन्न येडारिला/ प्रति मनस्सुलो अमानवीयता.” (धरती पर फैलते रेगिस्तानों की तरह/ हर एक दिल में अमानुषता.). स्वार्थ ने मानव की कोमल संवेदनाओं को निगल लिया है. इस बात को कवयित्री ने नन्हे मुक्तक के माध्यम से इस प्रकार स्पष्ट किया है – “ दक्खन नेलकि/ पडमरा गालि/ मध्यतरगतिनि/ मिन्गेसिंदी.” (दक्खन की ज़मीन पर/ पश्चिमी हवा/ मध्यम वर्ग को/ निगल गई). 

यह संवेदनहीनता, संबंधहीनता और अपसंस्कृति सिर्फ शहर तक सीमित नहीं है बल्कि गाँव भी इनकी चपेट में आ गए हैं. आज गाँव के गाँव उजड़ रहे हैं क्योंकि जिन खेतों में अन्न उगाया जाना चाहिए उनमें नोटों की गड्डियाँ उगाने के लोभवश पत्थर की इमारतें खड़ी की जा रही हैं. इस अविवेकपूर्ण तथाकथित विकास का यह प्रभाव है कि-“नोटों की गड्डियाँ फैलती जा रही हैं खेतों में/ कबूतरों को भगानेवाले संगमरमर के पत्थर/ आज गाँव है/ एक उजड़ा मंदिर,” लेकिन कवयित्री यह कहती हैं कि “फिर भी मेरे पैर उसी ओर खींच ले जाते हैं मुझे/ भले ही मंदिर उजड़ गया हो/ वहाँ एक छोटा-सा दीया जलाने की इच्छा है.” (छोटा सा दिया). 

इन तमाम उदाहरणों से स्पष्ट है कि डॉ.भवानीदेवी की कविताओं में विषय वैविध्य है. स्त्री विमर्श, पर्यावरण विमर्श, भूमंडलीकरण और बाज़ारीकरण आदि समकालीन विमर्श इन कविताओं में विद्यमान हैं. अनेक सूक्तियां भी इन कविताओं में निहित हैं. (साम्राज्यवाद जब ढह जाता है/ तो साम्यवाद का स्वागत होता है.). 

स्त्री विमर्श तो इस संकलन की लगभग हर कविता में निहित है. उदाहरण के तौर पर मैं कुछ पंक्तियाँ उद्धृत करना चाहूंगी – ‘नाभिनाल के कटते ही तू पगहे से बंध गई’, ‘मेरे अंदर दबे सिंड्रोमों की वेदना’, ‘पिंजड़े में बंद पंछी की तरह नरक भोगती हूँ!’, ‘रंगीन प्लास्टिक थैले से सर्र करते फिसलकर गिरा था एक काला नाग’, ‘नौकरी, अस्मिता, सब कुछ भूल जा, शौक और दोस्ती को तलाक दे दे!’, ‘मैं आंसुओं से भरी घटा ही बनी रहूंगी, तेरे पैरों तले कबूतरी-सी कुचलती रहूंगी’, ‘पीढ़ियों से सडती आ रही निश्चेतन ‘माम्मीपन’. अभिप्राय यह है किकवयित्री को स्त्री के अस्तित्व और अस्मिता की चिंता है. प्रो.ऋषभ देव शर्मा ने इस पुस्तक की भूमिका [जिसका शीर्षक है ‘अ...’] में एकदम सही कहा है कि “मनुष्य के रूप में एक स्त्री के अस्तित्व की चिंता डॉ.भवानी के रचनाधर्म की पहली चिंता है. भारत की आम स्त्री उनकी कविता में अपनी तमाम पीड़ा और जिजीविषा के साथ उपस्थित है. इस स्त्री को तरह तरह के भेदभाव और अपमान का शिकार होना पड़ता है, फिर भी यह तलवार की धार पर चलती जाती है, मुस्कुराहटों के झड़ने पर भी अक्षर बनकर उठती है और प्रवाह के विपरीत तैरने का जीवट दिखाती है.” इसीलिए कवयित्री बार बार कहती हैं कि ‘अक्षरमे ना अस्तित्वम’ – अक्षर ही मेरा अस्तित्व है. “अब मैं अक्षर बन उठ रही हूँ/ यह प्रवाह मुझे अच्छा नहीं लगता/ इसलिए मैं विपरीत दिशा में तैर रही हूँ.” (अक्षर ही मेरा अस्तित्व है). 

कवयित्री आज की शिक्षा नीति पर भी प्रहार करती हैं. आज कोर्पोरेट कल्चर पनप रहा है. शिक्षा संस्थाएं भी व्यापार के अड्डे बन गई हैं. “इप्पुडु बल्लंटे क्लासुलु कावनि ... कासुलु चेट्टलनि/ पिल्ललंटे पट्टूबड्लनी अनिपिस्तुन्दि” (आज स्कूल का मतलब/ शिक्षा नहीं रुपयों के वृक्ष हैं/ बच्चे पूंजी हैं). कोचिंग सेंटर्स और ट्युटोरियल्स के नाम पर शिक्षा का व्यापार किया जा रहा है. बच्चों का बालपन किताबों के बोझ तले दबता जा रहा है. उनके बस्तों का वजन दिन-ब-दिन बढ़ता ही जा रहा है. बच्चे स्कूल जाने से डरने लगे हैं. वे अक्सर प्रश्न पूछते हैं – “स्कूल में है ही क्या माँ?/ किताबों का गट्ठर.../ जान जाने का डर.. बस!” (स्कूल नहीं जाऊंगा माँ!). 

कुम्भकोणम के स्कूल में अग्निकांड, 25 अगस्त 2007 को लुंबिनी पार्क और गोकुल चाट भंडार में आतंकवादी बम विस्फोट, सुनामी का विध्वंस, तस्लीमा नसरीन पर हमला, प्लांट पेटेंट, जीन लाइसेंसिंग, बाज़ार की भ्रष्ट राजनीति, शिक्षा तंत्र द्वारा लूट-खसोट, स्त्री का वस्तूकरण आदि घटनाएं डॉ.भवानीदेवी के संवेदनशील मन को झकझोरती हैं. वे इन परिस्थितियों से जूझने वाले मनुष्य से कहती हैं कि “देश की एकता ही ध्वजस्तंभ बने/ पुरखों की संस्कृति ही मूल बने/ कन्याकुमारी से हिमालय तक एक सूत्र बने/ अनवरत प्रगति चक्र बने/ तन, मन, वचन से/ हर व्यक्ति एक झंडा बन सर उठाए.” (सारे जहां से अच्छा). 

कहना ही चाहिए कि ‘अक्षर मेरा अस्तित्व’ में सम्मिलित कविताओं का हिंदी अनूदित पाठ बहुत ही सहज और सरल है. अनुवादक श्रीमती आर.शांता सुन्दरी ने हिंदी की सहज अभिव्यक्तियों का प्रयोग किया है जो लक्ष्य भाषा पर उनके मातृभाषावत अधिकार का प्रमाण है. इसके अलावा मूल तेलुगु काव्य में निहित संवेदना जिस प्रकार अनूदित पाठ में भी सुरक्षित है, उससे अनुवादक की काव्य-संवेदना का भी पता चलता है. 

मैं पुनः एक बार डॉ.भवानीदेवी और श्रीमती आर.शांता सुन्दरी को बधाई देती हूँ. 


यहाँ भी देखें - 

सोमवार, 20 अगस्त 2012

सांस्कृतिक पाठ का अनुवाद : शब्द चयन का संदर्भ


अनुवाद कार्य, अनूदित पाठ एवं समतुल्यता के रूप में अनुवाद को समझने के लिए ‘अनुवाद सिद्धांत’ एक महत्वपूर्ण सहायक बिंदु है. इसे `अनुवाद विद्या’, `अनुवाद विज्ञान’ और `अनुवादिकी’ भी कहा जाता है. ‘अनुवाद सिद्धांत’ का उद्भव मूल रूप से अनुप्रयुक्त तुलनात्मक पाठ संकेत विज्ञान से माना जाता है. यहाँ ‘तुलनात्मक’ शब्द से स्पष्ट है कि अनुवाद का संबंध दो भाषाओं से है. दोनों भाषाओं की अपनी अपनी प्रवृत्ति होती है. दोनों की तुलना अर्थ, वाक्य एवं संदर्भ के अनुसार करनी पड़ती है. अतः अर्थ, वाक्य एवं संदर्भ मीमांसा अनुवाद सिद्धांत के प्रासंगिक तत्व हैं. फिर भी इसमें संदेह नहीं कि अनुवाद की सर्वप्रथम आवश्यकता अर्थ बोध है. अतः अर्थ को खोजना, भाषिक अर्थ तथा भाषा की बाह्य स्थिति अनुवाद सिद्धांत के प्रमुख अंग हैं. 

मूल पाठ अनुवाद कार्य का मेरुदंड है. मूल पाठ की संरचना, प्रारूप, उसका स्वरूप निर्धारण, शब्दार्थ व्यवस्था आदि की सैद्धांतिक चर्चा इसके मुख्य बिंदु हैं. अनुवादक को सामाजिक – सांस्कृतिक पर्यायों का चुनाव, लिप्यंतरण, शब्द-प्रति-शब्द अनुवाद, आगत शब्दों का अनुवाद, विस्तार, संक्षेप आदि का काम अकेले ही करना पड़ता है. इस काम को सफलतापूर्वक करने के लिए अनुवादक से मुख्य अपेक्षाएँ हैं - भाषा का ज्ञान, विषय का ज्ञान, अभिव्यक्तीकरण का कौशल. 

यह आवश्यक नहीं है कि अनुवादक अनुवाद सिद्धांत की जानकारी प्राप्त करने के बाद ही अनुवाद करे. रुचि से अनुवाद करनेवाले सफल अनुवादक तो कभी कभी अनुवाद सिद्धांत की दृष्टि से उतने सक्षम नहीं होते. कुछ लोग सफल अनुवादक होने के साथ साथ सिद्धांत से भी भली भाँति परिचित होते हैं. बीसवीं शती के पूर्वार्ध में आधुनिक भाषाविज्ञान का विकास हुआ तो भाषाविज्ञान से परिचित अनुवादकों एवं भाषावैज्ञानिकों का ध्यान विशेष रूप से अनुवाद सिद्धांत की ओर आकृष्ट हुआ. 

अनुवाद समीक्षा अनुवाद सिद्धांत का अनुप्रयोगात्मक पक्ष है. मूल पाठ की तुलना में अनूदित पाठ के गुण-दोषों का विवेचन करना ही अनुवाद समीक्षा है. यह समीक्षा अनुवाद सिद्धांत पर ही आधारित होती है. जिस तरह एक साहित्य समीक्षक के लिए सर्जक होना अनिवार्य नहीं है उसी तरह अनुवाद समीक्षक के लिए अनुवादक होना अनिवार्य नहीं है. अतः अनुवादक और अनुवाद समीक्षक अलग अलग व्यक्ति होते हैं. डॉ.सुरेश कुमार की मान्यता है कि “अनुवाद समीक्षा जहाँ एक ओर अनुवाद के कौशल का मूल्यांकन है वहाँ लक्ष्य भाषा के अभिव्यक्ति संसाधनों का भी उस सीमा तक मूल्यांकन है, जिस सीमा तक उनके द्वारा मूलभाषा पाठ के विभिन्न पक्षों की लक्ष्य भाषा में शुद्ध तथा उपयुक्त रीति से आवृत्ति हुई है. इस प्रकार अनुवाद समीक्षा में अनुवाद के व्यक्तिपरक और निर्वैयक्तिक (भाषापरक) पक्षों के बीच संतुलन रहता है.” (डॉ.सुरेश कुमार, अनुवाद सिद्धांत की रूपरेखा, पृ. 124-125). उन्होंने यह भी बताया है कि अनुवाद समीक्षा के कतिपय निर्धारित सोपान हैं जो निम्नलिखित हैं – 

1. “अनुवाद समीक्षा के लिए पाठयुगल - मूल भाषा पाठ तथा उसका अनुवाद - का चयन. 

2. मूल भाषा पाठ का विश्लेषण – मूल अभिप्राय, प्रमुख भाषा प्रकार्य, अर्थ व्यंजना, प्रतिपाद्य, प्रयुक्ति या भाषा शैली (वाक्य रचना और शब्दकोश पर आधारित), साहित्यिक गुण, सांस्कृतिक विशेषताएँ, उद्दिष्ट पाठक वर्ग तथा सामान्य परिवेश. 

3. मूल पाठ तथा अनुवाद की विस्तृत तुलना – असमान बिंदुओं पर विशेष बल देते हुए. 

4. (क) दोनों पाठों के समग्र प्रभावों के बीच अंतर का आकलन, तथा 

    (ख) अनुवादक द्वारा प्रयुक्त अनुवाद प्रणाली का संकेत करते हुए अनुवाद का मूल्यांकन. ‘अंतर का         आकलन’ की प्रक्रिया में ही अनुवाद के दोषों और सीमाओं का भी विवेचन किया जाएगा.” (वही, पृ.126). 

यहाँ यह प्रश्न भी सामायिक है कि आखिर अनुवाद समीक्षा का प्रयोजन क्या है. इस प्रश्न पर प्रो.सुरेश कुमार ने विस्तार से चर्चा की है. उनके अनुसार अनुवाद समीक्षा के अनेक प्रयोजन संभव हैं. यथा - 

1. इससे अनुवाद कार्य के स्तर को ऊँचा उठाने में सहायता मिलती है. अनूदित पाठ के गुण–दोषों के विवेचन से अनुवाद कार्य की त्रुटियों का ज्ञान होता है जिन्हें दूर करने का प्रयत्न किया जाता है. इसके फलस्वरूप अनुवाद कार्य के स्तर में सुधार होता है. 

2. इससे अनुवादकों के सामने श्रेष्ठ अनुवाद का मानक रूप उपस्थित होता है. गुण-दोष विवेचन के उपरांत सुधारे हुए अनुवाद को अनुवादक अपना आदर्श मानकर अपने कार्य में प्रवृत्त होता है. 

3. अनुवाद समीक्षा से विशिष्ट कालखंड में और विशिष्ट ज्ञान क्षेत्र में अनुवाद संबंधी विचारों पर प्रकाश पड़ता है. शाब्दिक तथा प्रकार्यात्मकता के आधार पर भी समीक्षा के कुछ बिंदु निर्धारित होंगे. 

4. अनुवाद समीक्षा के द्वारा महत्वपूर्ण लेखकों की रचनाओं तथा महत्वपूर्ण अनुवादकों के अनुवाद कार्य के विवेचन और मूल्यांकन में सहायता मिलती है. 

5. अनुवाद समीक्षा के द्वारा मूल भाषा और लक्ष्य भाषा के शब्दकोश एवं व्याकरण की तथा भाषा शैली एवं पाठ प्रारूप संबंधी असमानताओं का समीक्षात्मक विवेचन कर सकते हैं. इस प्रकार दोनों भाषाओं के व्यतिरेकी संबंधों के विषय में जानकारी बढ़ा सकते हैं. 

6. अनुवाद समीक्षा का शिक्षणात्मक आयाम भी है. अनुवाद समीक्षा को सिखाकर अनुवादक – शिक्षार्थी की अनुवाद सिद्धांत चेतना को व्यावहारिक स्तर पर पुष्ट करते हैं. (वही, पृ.125-126). 

भाषा एक कल्पवृक्ष है जो सामाजिक मान्यताओं के अनुरूप विकसित है. अतः अनुवाद एक श्रेष्ठ कार्य है चूँकि वह दो सभ्यताओं, संस्कृतियों, कालखंडों, भावों अथवा विचारों के बीच का सेतु है. अनुवाद का स्वरूप पुनःसृजन जैसा होने के कारण मौलिक कृति और अनूदित कृति में अंतर अवश्य रहेगा. प्रो.दिलीप सिंह इस बात पर बल देते हैं कि “अनुवाद की दृष्टि से भाषा की अर्थगत संरचना को समझने के पहले यह निर्धारित करना भी अनुवादक के लिए आवश्यक होता है कि रूपात्मक संरचना (formal structure) और अर्थगत संरचना (semantic structure) एक दूसरे से भिन्न होते हैं.” (प्रो.दिलीप सिंह, अनुवाद की व्यापक संकल्पना, पृ.46). उनकी मान्यता है कि “अर्थगत संरचना के विश्लेषण के समय प्रतीक के सामाजिक–सांस्कृतिक संदर्भों का विश्लेषण अनिवार्य है. अर्थात इकाई के समाज स्वीकृत एवं समाज प्रयुक्त अर्थ प्रतीक से संबद्ध होने की संभावना बराबर रहती है. अतः अनुवाद में इकाई की बहुव्याप्ति और चयनगतता (substitutability) पर भी अपनी दृष्टि रखनी पड़ती है.” (वही). 

अभिप्राय यह है कि अनुवाद करते समय अनुवादक के समक्ष अनेक प्रकार की समस्याएँ उपस्थित होती हैं, यथा - भाषावैज्ञानिक समस्याएँ, संरचना के अर्थ पक्ष की समस्याएँ, भाषेतर संदर्भ की समस्याएँ, विशिष्ट प्रयोग क्षेत्र की समस्याएँ, अनुवाद के आधार क्षेत्र की समस्याएँ, क्षेत्र रूपांतरण की समस्याएँ और समाज-सांस्कृतिक समस्याएँ. यहाँ हम इनमें से समाज-सांस्कृतिक समस्याओं पर कुछ विचार करेंगे. 

किसी साहित्यिक कृति का अनुवाद करना अनुवादक के लिए साहित्येतर पाठ की अपेक्षा अधिक चुनौतीपूर्ण है. कठिनाई तब और बढ़ जाती है जब पाठ में भिन्न समाजिक और सांस्कृतिक पक्ष हों. मूलतः भारतीय संस्कृति सामासिक संस्कृति है अतः किसी भी भारतीय भाषा से हिंदी में या हिंदी से अन्य भारतीय भाषाओं में अनुवाद करते समय अनुवादक के लिए समस्याएँ उतनी नहीं होतीं जितनी अंग्रेजी में या अंग्रेजी से अनुवाद करते समय होती हैं. अनुवाद में प्रमुख रूप से तीन प्रकार की सामाजिक–सांस्कृतिक समस्याएँ आती हैं – 

1. “ऐसी सामाजिक–सांस्कृतिक शब्दावली के पर्याय खोजने की समस्या जिसके लिए लक्ष्य भाषा में समान शब्द उपलब्ध न हों. 

2. मुहावरों और लोकोक्तियों के अनुवाद की समस्याएँ. 

3. लोक जीवन से लिए गए बिंबों, अलंकारों और मिथकों के अनुवाद की समस्याएँ. 

इन समस्याओं से अनुवादक के टकराव को समझने के लिए यहाँ हम राष्ट्रकवि डॉ.रामधारी सिंह ‘दिनकर’ के प्रसिद्ध खंडकाव्य ‘कुरुक्षेत्र’ को सामाजिक-सांस्कृतिक पाठ के रूप में ग्रहण करके उसके अंग्रेजी अनुवाद (अनुवादक : डॉ.पी.आदेश्वर राव) का पाठाधारित और भाषिक विश्लेषण शब्द चयन के स्तर पर कर सकते हैं. कतिपय उदाहरण द्रष्टव्य हैं - 

मूल : सिंधु (पृ.8) 
अंग्रेजी अनुवाद : The Ocean (पृ. 4) 

समीक्षा : मूल में `सिंधु’ भवसागर के अर्थ में प्रयुक्त है. भारतीय दर्शन के अनुसार जीवात्मा मृत्यु के पश्चात इस संसार रूपी भवसागर को पार कर जाती है. अंग्रेजी अनुवाद में ‘The Ocean’ शब्द का प्रयोग किया गया है जो `सिंधु’ का शाब्दिक अर्थ है. इससे भारतीय दर्शन की संकल्पना स्पष्ट नहीं होती. 


मूल : घृत (पृ.11) 
अंग्रेजी अनुवाद : oil (पृ.8) 

समीक्षा : संस्कृत में `घृत’ का अर्थ है `घी’. मूल में इस शब्द का प्रयोग ‘जलती आग में घी डालना’ अर्थात गुस्से को और भड़काने के अर्थ में हुआ है. अंग्रेजी अनुवाद में प्रयुक्त ‘oil’ शब्द से ‘तेल’ का आभास होता है. अंग्रेजी अनुवाद में मूल से भिन्न अर्थ द्योतित हो रहा है. 


मूल : महासंगर (पृ.37) 
अंग्रेजी अनुवाद : a deadly large scale of war (पृ.34) 

समीक्षा : पांडवों और कौरवों के बीच उत्पन्न कलह कुरुक्षेत्र में परिणत हुआ. मूल में इसी भीषण युद्ध की ओर संकेत करते हुए `महासंगर’ शब्द का प्रयोग किया गया है. अंग्रेजी अनुवाद में ‘a deadly large scale of war’ का प्रयोग हुआ है जो वस्तुतः भावानुवाद है. इससे मूल में निहित समाज–सांस्कृतिक पक्ष स्पष्ट नहीं हो रहा है. 


मूल : कर-कंकण (पृ. 60) 
अंग्रेजी अनुवाद : Bangles (पृ. 58) 

समीक्षा : कर-कंकण भारतीय संस्कृति में सौभाग्य का प्रतीक है. जब कोई स्त्री विधवा हो जाती है तब उसके हाथों के कंगन को तोड़ दिया जाता है. मूल में इसी की ओर संकेत किया गया है. अंग्रेजी अनुवाद में प्रयुक्त 'bangle' शब्द से मूल में निहित प्रतीकार्थ स्पष्ट नहीं हो रहा है. 


मूल : यजन (पृ.71) 
अंग्रेजी अनुवाद : The burning fire of penance (पृ.70) 

समीक्षा : `यजन’ का अर्थ है यज्ञ करना. किसी प्रकार की कार्य सिद्धि के लिए यज्ञ किया जाता है. भारतीय संस्कृति में यही माना जाता है कि मनुष्यों की महत्ता प्रबल साधना में ही निहित है. इसी तथ्य को उजागर करने के लिए मूल में `यजन’ शब्द का प्रयोग किया गया है. अंग्रेजी अनुवाद में भावानुवाद का सहारा लेते हुए ‘the burning fire of penance’ का चयन किया गया है क्योंकि पाश्चात्य संस्कृति में इस तरह की (यज्ञ की) संकल्पना नहीं है. 

मूल : कर्म (पृ.16) 
अंग्रेजी अनुवाद : act (पृ.13) 

समीक्षा : मानव जीवन एक कर्मक्षेत्र है. अर्थात यहाँ कर्म ही प्रधान है. गीता में श्रीकृष्ण ने निष्काम कर्म की प्रेरणा दी है – ‘कर्मण्येवाधिकारस्ते मा फलेषु कदाचनः’ (2-52). मूल में गीता के इसी तथ्य की ओर संकेत करते हुए ‘कर्म’ शब्द का प्रयोग दार्शनिक संदर्भ में किया गया है. अंग्रेजी अनुवाद में ‘act’ शब्द का प्रयोग किया गया है जिससे मूल से भिन्न अर्थ द्योतित होता है. 


मूल : पंचाग्नि (पृ.73) 
अंग्रेजी अनुवाद : five fold fires (पृ.73) 

समीक्षा : भारतीय दर्शन के अनुसार पंचाग्नि अर्थात पाँच अग्नियाँ, जिनके मध्य में योगी कठिन तपस्या करते हैं, पंचेंद्रियों से प्राप्त पाँच प्रकार की विषय वासनाओं (शब्द, रूप, रस, गंध तथा स्पर्श) का प्रतीक है. अंग्रजी अनुवाद में ‘five fold fires’ का प्रयोग किया गया है जिससे मूल में निहित दार्शनिक अर्थ स्पष्ट नहीं हो रहा है. अनुवादक ने व्याख्या का सहारा लेते हुए मूल में निहित भाव को स्पष्ट करने का प्रयास किया है. 

मूल : त्रिविध ताप (पृ.90) 
अंग्रेजी अनुवाद : triple heat (पृ.90) 

समीक्षा : भारतीय दर्शन के अनुसार ‘त्रिविध ताप’ से आशय है – आधि दैहिक, आधि दैविक और आधि भौतिक ताप. इसी संकल्पना की ओर संकेत करते हुए मूल में ‘त्रिविध ताप’ शब्द का प्रयोग किया गया है. अनुवाद में प्रयुक्त शब्द ‘triple heat’ से मूल से भिन्न अर्थ ध्वनित होता है. अनुवादक मूल की संकल्पना को स्पष्ट करने में इस लिए असफल है क्योंकि पाश्चात्य संस्कृति में इस तरह की संकल्पना नहीं है. 


मूल : मंदराचल (पृ. 91) 
अंग्रेजी अनुवाद : Mandar Mountain (पृ. 91) 

समीक्षा : भारतीय दर्शन के अनुसार मंदराचल वह पर्वत है जिसे देवताओं और राक्षसों ने समुद्र मंथन करते समय मथनी बनाया था. अंग्रेजी अनुवाद में लिप्यंतरण का प्रयोग किया गया है. परंतु पाद टिप्पणी के अभाव में वह अपर्याप्त प्रतीत होता है. 

मूल : हठयोगी (पृ. 102) 
अंग्रेजी अनुवाद : The Saint (पृ. 101) 

समीक्षा : भारतीय दर्शन के अनुसार भगवान को पाना योग है. हठयोग अर्थात वह योग जिसमें शरीर को साधने के लिए बड़ी कठिन मुद्राओं और आसनों आदि का विधान है. हठयोग का प्रयोजन विविध आसनों द्वारा उन पाँच प्रकार के प्राणों (प्राण, अपान, व्यान, समान तथा उदान) को नियंत्रित करना है जो आत्मा को घेरे हुए हैं. यह योग किसी भौतिक लाभ के लिए नहीं अपितु भौतिक बंधन से आत्मा की मुक्ति के लिए किया जाता है. हठयोग वस्तुतः चित्तवृत्तियों के प्रवाह को संसार की ओर जाने से रोककर अंतर्मुखी करने की एक प्राचीन भारतीय साधना पद्धति है जिसमें प्रसुप्त कुंडलिनी को जाग्रत कर नाड़ी मार्ग से ऊपर उठाने का प्रयास किया जाता है. इस योग का आचरण करने वाला हठयोगी कहलाता है. अनुवाद में ‘The Saint’ का सामान्य प्रयोग किया गया है जिससे मूल में निहित आधात्मिक और सांस्कृतिक भाव स्पष्ट नहीं हो सका है. इससे अच्छा यह होता कि लिप्यंतरण का सहारा लेकर पाद टिप्पणी में इसकी व्याख्या कर दी जाती. 


मूल : मोक्ष मंत्र ( पृ. 103) 
अंग्रेजी अनुवाद : the magical hymns (पृ. 102) 

समीक्षा : शास्त्रों के अनुसार जीव का जन्म और मरण के बंधन से छूट जाना ही मोक्ष है. उसके लिए जिन मंत्रों का उच्चारण किया जाता है उन्हें मोक्ष मंत्र कहते हैं. इसी अर्थ की ओर संकेत करते हुए मूल में इस पद का प्रयोग किया गया है. अनुवाद में ‘magical hymns’ का प्रयोग किया गया है. ‘Magical’ शब्द से ‘जादूई’ का अर्थ प्रतीत होता है. वस्तुतः मोक्ष का अर्थ है Salvation. अतः मोक्ष मंत्र के लिए यदि ‘Hymns of Salvation’ का प्रयोग किया होता तो बेहतर होता. 

इस प्रकार `कुरुक्षेत्र’ में प्राप्त कतिपय सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों और उनके अंग्रेजी अनुवाद के तुलनात्मक अनुशीलन से यह स्पष्ट है कि इस काव्य का मूल पाठ सांस्कृतिक होने के कारण इसका अनुवाद करना अत्यंत चुनौतीपूर्ण कार्य रहा होगा. अंग्रेजी अनुवाद में शब्दानुवाद, शाब्दिक अनुवाद, भावानुवाद, लिप्यंतरण और ग्रहण की नीति को अपनाया गया है. दिनकर वस्तुतः सांस्कृतिक चेतना से ओतप्रोत रचनाकार है जिनके काव्य का विजातीय भाषा में अनुवाद करना कठिन होते हुए भी लक्ष्य भाषा पाठ में समतुल्य अभिव्यक्तियों, व्याख्यात्मक अनुवाद तथा पाद टिप्पणी की तकनीक द्वारा मूल संदेश के अधिकतम संप्रेषण को सार्थक बनाया गया है. 
  • 'भाषा, संस्कृति और लोक' : भाषाविज्ञान की व्यावहारिक पीठिका (विद्यानिवास मिश्र स्मृति ग्रंथमाला), प्रधान संपादक - डॉ. दयानिधि मिश्र, संपादक - प्रो. दिलीप सिंह, 2012, वाणी प्रकाशन, नई दिल्ली में प्रकाशित आलेख 

सोमवार, 19 मार्च 2012

अनुवाद विज्ञान के अध्ययन-अध्यापन की समस्याएँ

भारतीय भाषाओं में अनुवाद का इतिहास बहुत पुराना है. आज साहित्य के अलावा विज्ञान और तकनीकी क्षेत्र, पत्रकारिता, खेलकूद, कार्यालय, वाणिज्य, बैंकिंग, प्रशासन, विधि और प्रौद्योगिकी आदि अनेकानेक क्षेत्रों में अनुवाद की भूमिका निर्विवाद है. इन सभी क्षेत्रों में कार्यरत अनुवादकों के समक्ष अनुवाद करते समय विषय से संबंधित, पारिभाषिक शब्दावली से संबंधित आदि अनेक समस्याएँ उत्पन्न हो सकते हैं. पर मैं यहाँ अकादमिक स्तर पर अनुवाद विज्ञान के अध्ययन–अध्यापन की समस्याओं पर प्रकाश डालने का प्रयास कर रही हूँ.

अकादमिक स्तर पर हमारे यहाँ अर्थात दक्षिण भारत हिंदी प्रचार सभा में अनुवाद का अध्ययन – अध्यापन तीन स्तरों पर होता है – स्नातकोत्तर अनुवाद डिप्लोमा, एम.ए. और शोध. अक्सर यह पाया जाता है कि इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेनेवाले छात्रों की मातृभाषा अलग अलग होती है अतः इस समस्या का निराकरण हेतु अनुवाद पाठ्यक्रमों में हिंदी और अंग्रेजी भाषाओं को चुना गया है. फिर भी छात्रों के समक्ष कठिनाइयां उत्पन्न हो जाती हैं चूंकि अंग्रेजी किसी की भी मातृभाषा नहीं है और मूलतः यह विदेशी भाषा है. कुछ छात्रों के लिए हिंदी भी सीखी हुई भाषा है. 

अनुवाद विज्ञान के अध्ययन-अध्यापन की मूल भूत समस्याओं पर ध्यान केंद्रित करने से पहले अनुवाद पर चर्चा करना समीचीन होगा. यह सर्वविदित तथ्य है कि अनुवाद विज्ञान अनुप्रयुक्त भाषाविज्ञान की शाखा है. इसमें व्यतिरेकी विश्लेषण और तुलनात्मक अध्ययन दोनों सहायक शाखाएं हैं. एक तरह से देखा जाए तो अनुवाद भाषिक व्यापार है. आज यह व्यापार हर क्षेत्र के लिए अनिवार्य हो चुका है. मूलतः एक भाषा अर्थात स्रोत भाषा में निहित तथ्यों को दूसरी भाषा अर्थात लक्ष्य भाषा की प्रकृति के अनुसार फिर से प्रस्तुत करना अनुवाद है. इस कार्य में सिर्फ भाषा का आदान-प्रदान नहीं होता है बल्कि सांस्कृतिक विरासत का आदान-प्रदान होता है. इसलिए अनुवाद को सांस्कृतिक सेतु कहा जाता है. 

अनुवाद करने के लिए अनुवादक भी एक सहायक साधन है. इस कार्य को संपन्न करने के लिए प्रमुख रूप से अनुवादक को द्विभाषिक होना चाहिए. स्रोत भाषा और लक्ष्य भाषा ज्ञान के साथ साथ अनुवादक को विषय का ज्ञान, दोनों भाषाओं पर विशेष अधिकार और पारिभाषिक शब्दावली का ज्ञान होना आवाश्यक है. इन सबसे महत्वपूर्ण घटक है दोनों भाषिक परिवेशों से संबंधित संस्कृति का ज्ञान. इसके अभाव में सफल अनुवाद संभव नहीं है. 

प्रशिक्षण के माध्यम से अनुवाद सीख सकते हैं और सिखा भी सकते हैं. अनुवाद करने के लिए स्रोत भाषा के भाषिक अभिव्यक्तियों को समझना चाहिए और मूल भाषा के अर्थ को नष्ट किए बिना उन भाषिक अभिव्यक्तियों को लक्ष्य भाषा में प्रस्तुत करना चाहिए. अनुवादक से अपेक्षा की जाती है वह मूल लेखक के बराबर योग्य हो परंतु ऐसा नहीं होता है. अनुवादक को दोनों भाषाओं के व्याकरण, शब्द ज्ञान, भाषा प्रकृति, स्वनिक एवं स्वनिमिक व्यवस्था की दृष्टि से स्रोत एवं लक्ष्य भाषा का सम्यक ज्ञान होना चाहिए. इतना ही नहीं प्राकृतिक प्रतिभा भी होना आवश्यक है क्योंकि अक्सर यह पाया गया है कि स्रोत एवं लक्ष्य भाषा ज्ञान तथा विषय की अच्छी जानकारी होने पर भी हर कोई व्यक्ति सफल अनुवाद कार्य नहीं कर सकता है. अनुवाद को पुनःसृजन (Recreation) कहा जाता है इसलिए अनुवादक के पास नैसर्गिक प्रतिभा के साथ साथ अनुवाद कार्य के प्रति रूचि और दोनों भाषाओं की सांस्कृतिक पृष्ठभूमि का ज्ञान होना नितांत आवश्यक है. विशेष रूप से साहित्यिक अनुवादक के लिए. इसके अभाव में प्रायः सफल अनुवाद संभव नहीं हो सकता है. भाषाई ज्ञान और सांस्कृतिक ज्ञान की अपर्याप्तता से होनेवाली त्रुटियाँ कुछ इस प्रकार होते हैं – 

स्रोत भाषा अंग्रेजी की कम जानकारी के कारण छात्र प्रायः इस प्रकार की त्रुटियाँ करते हैं - 

  • ‘What is your Christen name?’ इस वाक्य का अनुवाद प्रायः विद्यार्थी इस तरह करते हैं – ‘आपका ईसाई नाम क्या है?’ यह गलत अनुवाद है. ‘Christen’ का अर्थ ‘ईसाई’ नहीं है बल्कि इसका अर्थ है ‘जन्म लेना’. अतः इस वाक्य सही अनुवाद होगा – ‘आपका जन्म नाम क्या है? 

  • इसी प्रकार एक और उदाहरण देखें – ‘He hardly works.’ कुछ छात्र इस वाक्य का अनुवाद यूं करते हैं – ‘वह कठोर परिश्रम करता है.’ जब कि इसका आशय यह है कि अमुख व्यक्ति कामचोर है. 
लक्ष्य भाषा हिंदी की कम जानकारी के कारण भी इस प्रकार की त्रुटियाँ करते हैं - 

  • ‘द्वार पर पहरा बैठा दो.’ छात्र इसका अनुवाद सामान्य रूप से इस तरह करते हैं – ‘Make the guard sit at the gate.’ पर इसका सही औए सटीक अनुवाद है – ‘Deploy a guard at the door.’
  • ‘ऊंट के मुंह में जीरा’ का अनुवाद ‘Jeera in a camel’s mouth’ के रूप में करते हैं. जबकि इसका सटीक अनुवाद है – ‘A Drop in the Ocean.’ 
स्रोत और लक्ष्य भाषाओं की कम जानकारी के कारण अक्सर छात्र अर्थ का अनर्थ कर बैठते हैं. इसके एकाध उदाहरण देखें – 

  • Well equipped hospitals – कुओं से सुसज्जित अस्पताल. (साधनयुक्त अस्पताल) 
  • Foreign elements in the blood – खून में विदेशी तत्व. (खून में बाहरी तत्व) 
  • Railway sleepers washed away – सोनेवाले रेलवे कर्मचारी बह गए. (रेल की पटरियां बह गए) 
  • I am feeling chilly – मुझे मिर्ची लग रही है. (मरी तो कुल्फी जमी जा रही है या मुझे ठंड लग रही है.) 
इसी तरह पारिभाषिक शब्दावली की कम जानकारी के कारण भी छात्र गलत अनुवाद करते हैं. कुछ उदाहरण देखें – 

  • The judgement is reserved – सुनवाई सुरक्षित है. (सुनवाई स्थगित किया गया है.) 
  • Labour Pain - ‘श्रम पीड़ा’ (प्रसव पीड़ा) 
  • Labour Room – श्रामिक कक्ष (प्रसूति गृह) 
  • The tonsils are the body’s own professional vaccinator – टांसिल शरीर के अपने व्यावसायिक टीका लगाने वाले हैं. (टांसिल शरीर में स्थित प्राकृतिक रोग निरोधक का कार्य करते हैं.) 

विषय की जानकारी के अभाव में संक्षिप्तियों का भी गलत अनुवाद कर बैठते हैं. देखिए – 

  • SALT – एस ए एल टी का अनुवाद ‘साल्ट’ (नमक) करते हैं जब कि यह ‘Strategic Arms Limitation Treaty’ का संक्षिप्त रूप है. 
  • PRINCE – पी आर ऐ एन सी ई का अनुवाद प्रायः छात्र ‘राजकुमार’ करते हैं लेकिन यह ‘Programmed International Computer Environment’ का संक्षिप्त रूप है. 
यह पहले भी कहा जा चुका है कि अनुवाद सांस्कृतिक सेतु है. अतः अनुवाद करने के लिए दोनों भाषाओं की संस्कृति का ज्ञान भी अनिवार्य है. इसके अभाव में अर्थ का अनर्थ तो होगा ही और साथ ही सांस्कृतिक पतन भी होगा. सांस्कृतिक प्रभाव के कारण एक भाषा दूसरी भाषा से कुछ न कुछ शब्द ग्रहण कर लेती है. हर भाषा के शब्द संस्कृति के वाहक होते हैं. हिंदी भाषा में प्रयुक्त कुछ मिठाइयों था खाद्य पदार्थों – जलेबी, रबड़ी, रायता का अंग्रेजी भाषा में अनुवाद करना कठिन है. इसी तरह भारतीय भाषाओं में प्रयुक्त कुछ खाद्य पदार्थों – इदियाप्प्म, वडा, अदिरसम, अरिसेलु, बोब्बटटलू आदि का अनुवाद करना भी कठिन है. इसी प्रकार अंग्रेजी के सेंडविच, बर्गर आदि का. वस्तुतः अनुवाद समतुल्य होता है सामान नहीं. ऐसे में जब तक हम किसी भी भाषा की मूल संस्कृति को नहीं जानेंगे तब तक सटीक अनुवाद करना संभव नहीं है. अंग्रेजी में प्रयुक्त अभिव्यक्ति ‘Herculean Task’ के लिए हिंदी में ‘भागीरथ प्रयास’ का प्रयोग किया जाता है. हमारे छात्र न ही Hercules को जानते हैं और न ही भगीरथ को. तो अनुवाद क्या कर पाएंगे! 

एक और उदाहरण देखें - 

“I saw a black crow 

Sitting on a Hemlock tree 

Showering dew drops upon me.” 

इस कविता में प्रयुक्त सभी शब्द परिचित शब्द हैं. अतः इसका सामान्य अनुवाद इस तरह किया जा सकता है– 

“मैंने देखा एक काला कौआ 

हेमलोक पेड़ पर बैठा हुआ 

मुझ पर छिड़क रहा है ओस की बूँदें.” 

पर इस कविता में निहित प्रतीकार्थ को समझना होगा. इसके लिए पहले स्रोत भाषा की संस्कृति को समझना आवश्यक है. वास्तव में यह शोक गीत है. ‘Hemlock Tree’ एक विषैला वृक्ष है. कविता में यह शब्द ‘मृत्यु’ के प्रतीकार्थ में प्रयुक्त है. ‘Black Crow’ उस ‘Priest’ का प्रतीक है जो मृतक के शरीर पर ‘पवित्र जल’ छिड़क रहा है. जब तक हम किसी भाषिक परिवेश और उसकी संस्कृति को नहीं जानेंगे तब तक साहित्यिक अनुवाद नहीं कर सकते हैं. यह समस्या शोध छात्रों के समक्ष भी उपस्थित होती है. अनुवाद मूल्यांकन और परीक्षण करने के लिए शोधार्थियों को भी भाषिक परिवेशों और संस्कृतियों का समुचित ज्ञान अनिवार्य है. इसीलिए अनुवाद विज्ञान को पढ़ते और पढ़ाते समय छात्रों एवं अध्यायपकों के समक्ष अनेक कठिनाइयां उत्पन्न हो जाते हैं.


  • 15 मार्च, 2012 को हैदराबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय में 'दक्षिण भारत में हिंदी के अध्ययन-अध्यापन की समस्याओं' पर केन्द्रित त्रिदिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला में प्रस्तुत किया गया आलेख    

मंगलवार, 13 सितंबर 2011

प्रतिष्‍ठित कवयित्री डॉ.कविता वाचक्नवी की हिंदी कविताओं का तमिल अनुवाद




प्रतिष्‍ठित कवयित्री डॉ.कविता वाचक्नवी की निम्नलिखित तीन हिंदी कविताओं का तमिल अनुवाद 

  • साधना (अनु. साधनै)
  • गौरैया (अनु. अन्ना पिरवै)
  • अभ्यास (अनु. पयिर्चि)
हिंदी कविता 
साधना 

एक मछली सुनहरी
ताल के तल पर ठहरी
ताकती रही रात भर
दूर चमकते तारे को.


ब्राह्‍ममुहूर्त में 
गिरी एक ओस बूँद
गिरा तारे का आँसू
मछली के मुँह में 
पुखराज बन गया.


तमिल अनुवाद
साधनै

ओरु तंग निरमुल्ला मीनु
इरैवेल्लाम मिन मिनिक्कुम नक्षत्तिरत्तै
ओयामल पार्तुकोंड्रु
कोलत्तोरमा निंड्रदु.


ब्राह्‍ममुहूर्तत्तिल
वानत्तिलंदु ओरु पनि तुलि विलुंददु
नक्षत्तिरत्तिन कन्नीर 
मीनिन वाइल पुगुंदु
पुष्यरागामाइ मारिनदु.


हिंदी कविता
गौरैया

धूप के मुहाने पर
पाँव रख 
छोटी - सी गौरैया एक
खड़ी हो जाती है.
धूप समझती 
चिड़िया के पंखों का विस्तार भी
समेट लिया मैंने
और सोचती है चिड़िया
रोक सकती हूँ धूप
मैं अभी
ठहर जाऊँ यदि - तब भी
डरती है धूप 
मेरी छाया तक से भी.


तमिल अनुवाद
अन्ना पिरवै

वेइलिन वासलिले
काल वैइत्तु 
निक्कुम
ओरु अन्ना पिरवै.
वेइलिन योसनै इदु - 
अन्ना पिरवैइन रेक्खैगलै
नान इरिक्कि अनैत्तुकोल्वेन
आनाल अन्ना पिरवैइन सिंधनै इदु - 
इंद वेइलै निरुत्तिविडुवेन
नान इप्पोलुदे 
निरिंदिविट्टालुम - 
वेइल भयंदिविडुम
एन निललै पार्तु.


हिंदी कविता
अभ्यास

भोर का 
चिड़ियों की चह्‌ - चह्‌ का
जिन्हें अभ्यास हो
रात्रि का निर्जन अकेलापन
उन्हें
कैसे रुचे ?


तमिल अनुवाद
पयिर्चि

पोलुदु विडिंददुम
परवैगलिन ची... ची... नादत्तुडन
विलयाडुम मनिदनुक्कु
रात्रियिन निशब्द तनिमै
अवर्गलक्कु
रुचुक्कुमा ? 








बुधवार, 21 जुलाई 2010

अनुवाद : अर्थ और परिभाषा



अर्थ

  • ‘अनुवाद’ भाषाओं के बीच संप्रेषण की  प्रक्रिया है.  इसके लिए अंग्रेज़ी में ‘ट्रांसलेशन’, फ्रेंच में ‘ट्र्डुक्शन’, अरबी में ‘तर्जुमा’, तमिल में `मोळीपेयरपु ' और तेलुगु में ‘अनुवादमु’ तथा ‘तर्जुमा’ और कन्नड़ तथा मराठी में `अनुवाद', पंजाबी में 'उलथा', 'अनुवाद', कश्मीरी में 'तरजमु', सिंधी में 'तर्जुमो', 'अनुवादु' आदि शब्द प्रचलित हैं. इसी प्रकार मलयालम भाषा में अनुवाद के पर्याय के रूप में पोरुलितरिप्पू, भाषांतरं, पारिभाषिकं , अनुवादं और तर्ज्जमा शब्द चलते हैं.

  • ‘ट्रांसलेशन’ शब्द लैटिन के ‘ट्रांस’ और ‘लेशन’ के संयोग से बना है जिसका मतलब है ‘पार ले जाना’. (Translation = Trans+Lation = to go through)

  • (i) `अनुवाद’ शब्द का संबंध ‘वद्‌’ धातु से है, जिसका अर्थ है ‘बोलना’ या ‘कहना’.
  • (ii) ‘वद्‍’ धातु में ‘घञ्‌’ प्रत्यय लागाने से ‘वाद’ शब्द बनता है, और फिर उसमें ‘पीछे’, ‘बाद में’, ‘अनुवर्तिता’ आदि अर्थों में प्रयुक्‍त ‘अनु’ उपसर्ग जुड़ने से ‘अनुवाद’ शब्द बनता है।अनु+वाद=अनुवाद = पुन:कथन/ किसी के कहने के बाद कहना.

  • अनुवाद का अर्थ है ‘प्राप्‍तस्य पुन: कथने’ या ‘ज्ञातार्थत्स्य प्रतिपादने’. अर्थात्‌ ‘पहले कहे गए अर्थ को फिर से कहना’।.(शब्दार्थ चिंतामणि)

  • The root word of `Translation' is `Translatum'(l), which means `Carrying over'. It means the rendering of a text into another language. (Chambers Twentieth Century Dictionary)

पाश्‍चात्य परिभाषाएँ :

  • Translation is the replacement of textual material in one language by the equivalent textual material in another language. (J.C.Catford)
अर्थात्‌ एक भाषा की पाठ्‍य सामग्री को दूसरी भाषा की समानार्थक पाठ्‍य सामग्री से प्रतिस्थापित करना अनुवाद कहलाता है.

  • Translating consists in producing in the receptor language the closest natural equivalent to the message of the source language. First in meaning and secondly in style. (E.A.Nida & Taber)
अर्थात्‌ मूल भाषा के संदेश के समतुल्य संदेश को लक्ष्य भाष में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया को अनुवाद कहते हैं. संदेशों की यह समतुल्यता पहले अर्थ फिर शैली की दृष्‍टि से निकटतम एवं स्वाभाविक होती है.

  • To Translate is to change into another language retaining the sense. (Samuel Jhonson)
अर्थात्‌ एक भाषा से दूसरी भाषा मे भावार्थ का परिवर्तन ही अनुवाद है.

  • Translation is the replacement of a representative of a text in one language by a representation of an equivalent text in a second language. (Hartman & Stork)
अर्थात्‌ एक भाषा या भाषा सेदूसरी भाषा या भाषा भेद में प्रतिपाद्‍य को स्थानांतरित करने की प्रक्रिया या उसके परिणाम को अनुवाद कहते हैं.

  • Translation is the expression in another language (or target language) of what has been expressed in another, source language, preserving semantic and stylistic equivalence. (Roger T.Bell)
अर्थात्‌ मूल भाषा पाठ के अर्थ एवं शैली का अन्य भाषिक संस्कृति के अर्थ एवं शैली तत्वों में अंतरण ही अनुवाद है.

  • Translation is the interpretation of verbal signs by some other language. (Roman Jackobson)
अर्थात्‌ एक भाषा के मौखिक चिह्‌नों का अन्य भाषा के द्वारा प्रतिपादन ही अनुवाद है.

  • Translation is the transference of the context of a text from one language into another, bearing in mind that we cannot always dissociate the context from the form. (Foresten)
अर्थात्‌ एक भाषा में रचित पाठ के कथ्य को दूसरी भाषा में रूपांतरित करना अनुवाद है. हमें यह मानकर नहीं चलना चाहिए कि कथ्य और भाषा रूप हमेशा अलग अलग होते हैं.

  • Translation is a custom house through which passes, if the custom officers are not alert, more smuggled goods of foreign idioms, than through any other linguistic frontiers.
अर्थात् अनुवाद एक कस्टम हाउस है, जिससे होकर स्रोत भाशा के प्रयोग का विदेशी माल भाह्सा में अन्य स्रोतों की तुलना में अधिक आ जाता है, यदि अनुवादक उपेक्षित सतर्कता न बरते.



  • A translation should give a complete transcript of the ideas of the original work. The style and the manner of writing should be of the same character as that of the original. A translation should have all the ease of the original composition. (Alexander Frazer Titler)
अर्थात अनुवाद में मूल का अम्पूर्ण भाव समाहित होना चाहिए. अनुवाद की शैली तथा लेखन विधि मूल के जैसी होनी चाहिए. अनुवाद को मूल की तरह सहज होना चाहिए.



  • A Translation should affect as in the same way as the original may be supposed to have affected its first hearers. (Mathew Arnold)
अर्थात अनुवाद ऐसा होना चाहिए कि उसका वही प्रभाव पड़े जो मूल का उसके पहले श्रोताओं पर पडा होगा.


भारतीय परिभाषाएँ :

  • अनुवाद की प्रविधि एक भाषा से दूसरी भाषा में रूपांतरित करने तक सीमित नहीं है. एक भाषा के रूप के कथ्य को दूसरे रूप में प्रस्तुत करना भी अनुवाद है. छंद में बताई बात को गद्‍य में उतारना भी अनुवाद है. (डॉ.विश्‍वनाथ अय्यर)
  • भाषा ध्वन्यात्मक प्रतीकों की व्यवस्था है और अनुवाद है इन्हीं प्रतीकों का प्रतिस्थापन. अर्थात्‌ एक भाषा के प्रतीकों के स्थान पर दूसरी भाशा के निकटतम समतुल्य और सहज प्रतीकों का प्रयोग.(डॉ.भोलानाथ तिवारी)
  • एक भाषा के विशिष्‍ट भाषा भेद के विशिष्‍ट पाठ को दूसरी भाषा में इस प्रकार प्रस्तुत करना अनुवाद है जिसमें वह मूल के भाषिक अर्थ, प्रयोग के वैशिष्‍ट्‍य से निष्‍पन्न अर्थ, प्रयुक्‍ति और शैली की विशेषता, विषय वस्तु तथा संबद्ध सांस्कृतिक वैशिष्‍ट्‍य को यथासंभव संरक्षित रखते हुए दूसरी भाषा के पाठक को सवाभाविक रूप से ग्राह्‌य प्रतीत है. (डॉ.सुरेश कुमार)
  • एक भाषा (स्रोत भाषा) की पाठ समग्री में अंतर्निहित तथ्य का समतुल्यता के सिद्धांत के आधार पर दूसरी भाषा (लक्ष्‍य भाषा) में संगठनात्मक रूपांतरण अथवा सर्जनात्मक पुनर्गठन ही अनुवाद है.(डॉ.रवींद्रनाथ श्रीवास्तव)
  • अनुवाद एक सांस्कृतिक सेतु है.
  • अनुवाद सामाजिक - सांस्कृतिक  लेन-देन का सशक्त माध्यम है. 



    रविवार, 28 मार्च 2010

    मनोवैज्ञानिक पाठ का अनुवाद


    साहित्येतर पाठ का अनुवाद करते समय अनुवादक को जिन समस्याओं का सामना करना पड़ता है वे साहित्यिक पाठ के अनुवाद की समस्याओं से कई अर्थों में भिन्न होती हैं. हम जनते हैं कि साहित्यिक पाठ में अनेक प्रकार की समाज-सांस्कृतिक अर्थ छवियाँ और शैलीगत विशेषताएँ निहित होती हैं जिनसे जूझे बिना उसका अनुवाद नहीं हो सकता. साहित्येतर पाठ के अनुवादक के समक्ष ये चुनौतियाँ तो नहीं होती परंतु इससे इनकार नहीं किया जा सकता कि उसे सबसे पहले विषय के ज्ञान की चुनौती का सामना करना पड़ता है. इसके अतिरिक्‍त साहित्येतर पाठ का स्वरूप तकनीकी भाषा से निर्मित होता है, अतः स्रोत भाषा की प्रयुक्‍ति के समकक्ष लक्ष्य भाषा में प्रयुक्‍ति की तलाश साहित्येतर पाठ के अनुवाद की मुख्य चिंता होती है. यदि मनोवैज्ञानिक पाठ के संदर्भ में बात करें तो कहना होगा कि (1) अनुवादक को मनोविज्ञान ‘विषय ’ की सामन्य जानकारी होनी चाहिए तथा (2) मनोविज्ञान की भाषा (प्रयुक्‍ति) पर आधिकार तो अनिवार्य है ही.

    वस्तुतः अनुवाद दो भाषाओं के मध्य घटित होनेवाला संप्रेषण व्यापार है. आज अनेक क्षेत्रों में यह व्यापार अनिवार्य हो गया है. यह भी कहा जा सकता है कि जहाँ भाषा है वहाँ अनुवाद भी स्वतः निहित है. अनुवाद ‘अनुप्रयुक्‍त भाषाविज्ञान ’ (Applied Linguistics) का एक अंग है. अतः मनोभाषाविज्ञान (Psycholinguistics) के क्षेत्र में भी अनुवाद का महत्वपूर्ण योगदान है. सामान्यतः अनुवाद में स्रोत भाषा की संपूर्ण सामग्री का लक्ष्य भाषा के समतुल्य शब्दों में प्रतिस्थापित नहीं होता. ‘समतुल्य शब्दों को खोज निकालना ’ ही अनुवाद कार्य की प्रमुख समस्या है.

    मनोविज्ञान एक विशिष्‍ट प्रयुक्‍ति क्षेत्र है. भाषाविज्ञान और मनोविज्ञान का बहुत गहरा संबंध है. विचारों का सीधा संबंध मस्तिष्‍क तथा मनोविज्ञान से है. मानसिक गुत्थियों एवं ग्रंथियों का पता लगाने व उन्हें सुलझाने तथा मानसिक रोगियों के उपचार में उनके द्वारा कही गई ऊल-जलूल बातों का विश्‍लेषण करने आदि में भाषाविज्ञान की क्षेत्र में प्रयुक्‍त पारिभाषिक शब्दावली और अभिव्यक्‍तियों का अनुवाद करते समय अनुवादक के सामने समस्या उत्पन्न हो सकती है.

    मनोवैज्ञानिक क्षेत्र में भाषा का विशिष्‍ट प्रयोग

    मनोवैज्ञानिक क्षेत्र की विशिष्‍टता यह है कि उसमें जो प्रचलित तकनीकी शब्द और अभिव्यक्‍तियाँ हैं उन्हीं का प्रयोग किया जाता है. अतः अनुवादक के लिए यह अनिवार्य है कि वह इस विशिष्‍ट भाषा-प्रयोग की जानकारी रखता हो, अन्यथा उसके लिए इसे समझना दुष्‍कर हो जाएगा.

    नवनिर्मित तथा अनूदित शब्द

    अंग्रेज़ी पारिभाषिक शब्दों का अनुवाद भारतीय भाषा या हिंदी में करना वांछनीय है क्योंकी अंग्रेज़ी में प्रयुक्‍त शब्दों का अर्थ सामान्य भारतीय कम जानते हैं. अर्थात्‌ उनमें पारदर्शिता का अभाव रहता है. किंतु हिंदी में गढ़े जानेवाले शब्दों का एक सुनिश्‍चित आश्रय लेना उपयुक्‍त है, चूँकि संस्कृत में प्रजनन शक्‍ति (Generative Power) है. संस्कृत धातुओं में उचित उपसर्ग और प्रत्यय जोड़कर हजारों पारिभाषिक शब्दों का निर्माण किया जा सकता है.

    Mind - मन / मनस
    Conscious - चेतन
    Subconscious - अवचेतन / अर्धचेतन
    Unconscious - अचेतन
    Psychology - मनोविज्ञान
    Psychoanalysis - मनोविश्‍लेषण
    Psychiatry - मनोचिकित्सा
    Psychiatrist - मनोचिकित्सक
    Abnormal Psychology - असामान्य मनोविज्ञान
    Individual Psychology - वैयक्‍तिक मनोविज्ञान
    Sex - यौन
    Libido - कामवृत्ति
    Ego - अहम्‌
    Super Ego - पराहम्‌
    Complex - कुंठा / ग्रंथि / मनोग्रंथि
    Inferiority Complex - हीनताग्रंथि
    Superiority Complex - उच्चताग्रंथि

    ग्रहीत शब्द

    Eros - एरोज
    Thenetos - थेनेटोस
    Oedipus - इडीपस
    Electra - इलेक्‍ट्रा
    Sex - सेक्‍स
    Libido - लिबिडो
    Histeria - हिस्टीरिया
    Psychoneurotic - सैकोन्यूरोटिक
    Death Instinct - डेथ इंसटिंक्‍ट

    अनुकूलित शब्द

    Id - इद / इदम्‌

    संकर शब्द

    Super Ego - सुपराहम्‌

    अर्थ आधारित अनुवाद

    अर्थ या भाव को ध्यान में रखकर निर्मित शब्द -

    Oedipus - मातृरति
    Electra - पितृरति
    Eros - जीवनवृत्ति
    Thenetos - मृत्युवृत्ति
    Libido - कामवृत्ति
    Histeria - मनोरोग
    Histeric Patient - मनोरोगी

    इस प्रकार स्पष्‍ट है कि तकनीकी क्षेत्र होने के कारण मनोवैज्ञानिक पाठ का अनुवाद करने के लिए पारिभाषिक शब्दावली और अभिव्यक्‍तियों के ज्ञान की विशेष अपेक्षा होती है. यह भी ध्यान रखने की बात है कि यथासंभव इन पाठों के अनुवाद का पाठधर्मी होना श्रेयस्कर है.