चित्र लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
चित्र लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

मंगलवार, 21 दिसंबर 2021

कविता को समझने के लिए ....



तू काव्य :
सदा-वेष्टित यथार्थ
चिर-तनित,
भारहीन, गुरु,
अव्यय।

तू छलता है
पर हर छल में
तू और विशद, अभ्रान्त,
अनूठा होता जाता है। (अज्ञेय)

कविता सहृदय और संवेदनशील मनुष्य के मन की उपज है। इसे एक निश्चित परिभाषा में बाँधना कठिन कार्य है। फिर भी अनेक विद्वानों ने इसे पारिभाषित करने का प्रयास किया है। कविता को पारिभाषित करते हुए रामचंद्र शुक्ल ने अपने निबंध ‘कविता क्या है?’ में कहा है कि ‘कविता मनोवेगों को उत्तेजित करने का एक उत्तम साधन है।’ काव्यशास्त्र में इन्हीं मनोवेगों को रस कहा जाता है।

भारतीय काव्यशास्त्रियों ने कवि और कविता को उदात्त माना है। भारतीय काव्यशास्त्र में कवि को महत्व दिया गया है। भरतमुनि समेत अनेक आचार्यों ने काव्य के गुणों की चर्चा की है। आनंदवर्धन ने तो कवि को प्रजापति कहा है (अपारे काव्य संसारे कविरेव प्रजापति)। पाश्चात्य दार्शनिक प्लेटो ने कविता को उन्माद कहा है, तो विलियम वर्ड्सवर्थ ने कविता को तीव्र मनोभावों का सहज उच्छलन कहा है। चाहे कोई भी कुछ भी कहे, साहित्य अथवा कविता व्यक्ति के आंतरिक मनोभावों की अभिव्यक्ति है। सृजनात्मकता का परिचायक है। कविता की शक्ति का एक बड़ा उदाहरण यह है कि भारत के स्वतंत्रता आंदोलन के समय कविता ने जनमानस को जागृत करने का कार्य किया है। कवि के सामने अनेक तरह की चुनौतियाँ रहती हैं। जब तक पाठक काव्य-वस्तु में नहीं डूबेंगे, तब तक कविता के अर्थ को समझ नहीं पाएँगे। इस ‘डूबने’ की प्रक्रिया को विद्यानिवास मिश्र शब्दार्थ-व्यापार कहते हैं, ‘क्योंकि शब्द ही डूबने का प्रेरक भी है, शब्द ही तिरने का साधन भी।’ (विद्यानिवास मिश्र, रीतिविज्ञान, पृ. 35)। वे आगे यह कहते हैं कि ‘कविता बोलचाल की भाषा से ही नहीं, एकदम भदेसी एवं अंतरंग अनगढ़ बोलचाल की भाषा से शब्द लेने के लिए लाचार हो जाती है।’ (वही, पृ. 47)। कहने का तात्पर्य है कि कवियों की मानसिकता में जैसे-जैसे परिवर्तन होगा, वैसे-वैसे कविता के प्रतिमान बदलने लगेंगे। कविता को समझने के लिए सूक्ष्म दृष्टि की आवश्यकता होती है। मेरे हाथ एक ऐसी पुस्तक लगी जो कविता को समझने के लिए अत्यंत उपयोगी है। ‘हिंदी कविता : अतीत से वर्तमान’ (2021) शीर्षक यह पुस्तक कविता को समझने के लिए सहायक सिद्ध होगी। साहित्य रत्नाकर, कानपुर से प्रकाशित इस पुस्तक के रचनाकार हैं प्रसिद्ध तेवरीकार प्रो. ऋषभदेव शर्मा। इस पुस्तक को पढ़ते समय पाठकों में सहज जिज्ञासा जागृत होगी, क्योंकि इस पुस्तक ने यह स्पष्ट कर दिया है कि कवि महत्वपूर्ण नहीं है बल्कि महत्वपूर्ण है प्रवृत्तियाँ; और वे परिस्थितियाँ जिनके कारण प्रवृत्तियों का जन्म होता है।

इस पुस्तक में कुल आठ सोपान हैं। पहला सोपान है ‘नींव का परिवेश और विचारों की यात्रा’, जो विशेष रूप से 1950 के बाद की कविता को समझने में सहायक है। इसमें यह देखने को मिलता है कि 1950 से लेकर 1970 तक की काव्य-यात्रा का एक महत्वपूर्ण पक्ष है लोक जीवन और लोक संस्कृति तथा प्रकृति के साथ कविता का रागात्मक संबंध। इस कालखंड में अनेक काव्यांदोलन उभर कर सामने आए। इन आंदोलनों की पृष्ठभूमि में परिस्थितियों के प्रति आक्रोश और नए रास्ते खोजने की चाहत को प्रमुख रूप से देखा जा सकता है, जिनके कारण काव्य-स्थितियाँ बदलीं और नई प्रवृत्तियों का जन्म हुआ। परिवर्तनों को प्रोत्साहन मिला। कवियों की मानसिकता बदलने लगी। ‘परंपरा और परिवेश के बीच संवाद-सेतु के रूप में कार्य करने वाला कवि जब दोनों को ही आत्मसात कर लेता है, तब उस युग की सच्ची कविता पैदा होती है।’ (पृ. 38)। सो, हुई।

कविता और राष्ट्रीयता का गहरा संबंध होता है। दोनों को अलग करके देखना कठिन कार्य है। ‘कविता जिस परंपरा से जीवन ग्रहण करती है, वह किसी समाज और राष्ट्र की सांस्कृतिक परंपरा ही होती है।’ (पृ. 48)। साहित्य के विद्यार्थी यह भलीभाँति जानते हैं कि आठवें-नवें दशक की कविता का मूल स्वर यही ‘राष्ट्रीय चेतना’ है। इसे लेखक ने ‘देश के सिर से बहते हुए रक्त से कविता की बातचीत’ शीर्षक दूसरे सोपान में बखूबी उकेरा है। इसमें यह स्पष्ट कर दिया गया है कि ‘कविता ने व्यक्ति को देश के एकदम निकट ले जाने की कोशिश की है, क्योंकि उसकी निकटता प्राप्त किए बिना निर्माण की संभावनाएँ क्षीण हो जाती हैं। ... राष्ट्र-निर्माण के लिए गाँव को समझना और उसके जीवन को पहचानना अनिवार्य है।’ (पृ. 57)।

आधुनिक समाज को नियंत्रित करने वाले दो प्रमुख तत्व हैं - विज्ञान और परंपरागत सामाजिक मान्यताएँ तथा मूल्य। स्वस्थ समाज के निर्माण में इन दोनों की भूमिका को नकारा नहीं जा सकता। 1970 के बाद की परिस्थितियों पर दृष्टि केंद्रित करने से यह स्पष्ट होता है कि सामाजिक मूल्य तेजी से बदलने लगे। मूल्य-ह्रास की प्रक्रिया तेजी से शुरू हुई। इन परिस्थितियों ने कवि की रचनाशीलता को भी प्रभावित किया। परिणामस्वरूप कविता की प्रवृत्तियाँ बदलने लगीं। नई सभ्यता विकसित होने लगी। मनुष्य का जीवन दबावों के बीच फँस गया। ‘पारस्परिक प्रेम, सहानुभूति और परिचय के अभाव ने मनुष्य को एक कैलेंडर की शक्ल दे दी है, जिसमें वर्ष भर के समय का लेखा-जोखा तो होता है किंतु जीवंतता नहीं होती’ (पृ. 72), तो कवि पुनर्विचार करने के लिए प्रेरित हुआ। जनपक्षधरता का गुण उभरकर सामने आने लगा। इसका खुलासा ‘सामाजिकता, परंपराबोध और कविता’ शीर्षक तीसरे सोपान में हुआ है।

‘कविता और राजनीति का आमना-सामना’ शीर्षक चौथे सोपान में यह स्पष्ट कर दिया गया है कि ‘कविता ने जनपक्षीय राजनैतिक मूल्यों को ग्रहण करके राजनीति के यथार्थ तथा जनता के मन के आक्रोश को मुख्य रूप से अभिव्यक्ति दी है।’ (पृ. 99)। आज़ादी के बाद देश में धीरे-धीरे कुर्सीधर्मी राजनीति पनपने लगी। ‘हिंसा’ इस कुर्सीधर्मी राजनीति का दूसरा चरित्र है। सन सत्तर के बाद देश भर में जो हिंसक घटनाएँ हुईं उनके पीछे राजनीति का हाथ है। जन-प्रतिनिधि ‘रक्षक’ के बदले ‘भक्षक’ बनने लगे। व्यक्ति केंद्रित राजनीति पनपने लगी। तानाशाही का उदय होने लगा। जनता का मोहभंग होने लगा। उनके स्वप्न बिखरने लगे। निरंकुशता बढ़ने लगी। ऐसी स्थिति में संघर्ष अनिवार्य था। 1970 के बाद की कविता ने इन परिस्थितियों को चित्रित ही नहीं किया, बल्कि इनके कारण उत्पन्न असंतोष और आक्रोश को भी अभिव्यक्त किया।

1960 के आस-पास हिंदी कविता के क्षेत्र में अनके काव्यांदोलन हुए। जैसे नवगीत, अकविता, अभिनव कविता या एण्टी कविता, ताजी कविता, सांप्रतिक कविता, अस्वीकृत कविता, सचेतन कविता, बीट कविता, विद्रोही कविता, युयुत्सावादी कविता, साठोत्तरी कविता, सहज कविता, सनातन सूर्योदयी कविता, अगीत, ग़ज़ल, तेवरी, मंत्र कविता आंदोलन आदि। इनमें से कुछ आंदोलन आठवें-नवें दशक की कविता के साथ भी चलते देखे जा सकते हैं। ‘आंदोलनों के मंच पर बोलती कविता’ शीर्षक पाँचवे सोपान में इन आंदोलनों और परिस्थितियों का परिचय सम्मिलित है, जो हर पाठक को जानना बेहद जरूरी है।

1970 के बाद कविता जिन सामाजिक परिस्थितियों से प्रभावित हुई उनसे ‘कविता की समग्र दृष्टि से साक्षात्कार’ शीर्षक सोपान में परिचित हुआ जा सकेगा। सत्तर के बाद की कविता के संबंध में कुछ आक्षेप हैं। जैसे वक्तव्य की प्रधानता, शहरी वातावरण की प्रधानता, भारतीय जीवन की ठोस चुनौतियों का अभाव आदि। परंतु इस सोपान में यह स्पष्ट किया गया है कि ‘इस काल की कविता में जनवादी काव्यांदोलन नए तेवर और तैयारी के साथ उभरा। इन कविताओं में संघर्ष का तेवर मुख्य है और राजनीतिक तथा आर्थिक शोषण इनका उपजीव्य है।’ (पृ. 182)। उपलब्धियों की दृष्टि से इस दशक की कविता संपन्न कविता है।

इक्कीसवीं सदी की कविता में एक बार फिर कथात्मकता, छंद और लय की वापसी हुई। समकालीन रचनाधर्मिता के मर्म को जानना हो, तो ‘कविता की रचनाधार्मिता : जनपद और लोक’ शीर्षक सोपान से गुजरना काफ़ी है। लेखक ने यह प्रतिपादित किया है कि विश्वसनीयता, लोकचित्त, विचार, नई भाषा की तलाश आदि समकालीन रचनाधार्मिता के प्रमुख बिंदु हैं। उन्होंने यह भी निरूपित किया है कि इस कविता में स्थानीयता और तात्कालिकता के बावजूद सार्वभौमता और विश्वदृष्टि को साधा जा सका है।

उत्तर आधुनिक विकेंद्रीकरण के कारण समाज, राजनीति, साहित्य, कला और दर्शन आदि सभी क्षेत्रों में नए-नए खंड बन रहे हैं- स्त्री, दलित, आदिवासी, अल्पसंख्यक, किन्नर, किसान, वृद्ध आदि। कहने का आशय है कि हाशिये के भीतर धकेले गए समुदाय अब अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। ‘उत्तर आधुनिकता के क्षितिज पर विमर्शों का इंद्रधनुष’ शीर्षक अंतिम सोपान में इस बात की गहन चर्चा करते हुए लेखक ने विशेष रूप से दलित, स्त्री और आदिवासी विमर्श पर केंद्रित कविता का आकलन किया है और निरूपित किया है कि बहुकेंद्रीयता नई सदी के आरंभिक दशकों की मुख्य परिस्थिति भी है, और प्रवृत्ति भी।

अंततः कहना ही होगा कि कविता के क्षेत्र में अनुसंधानरत शोधार्थियों और शोध निर्देशकों के लिए ‘हिंदी कविता : अतीत से वर्तमान’ निश्चित रूप से एक आकर ग्रंथ सिद्ध होगा। यह पुस्तक बहुत ही प्रासंगिक है। इस पुस्तक को ध्यान से पढ़ेंगे तो आप अनेक प्रवृत्तियों और उप-प्रवृत्तियों को जरूर चिह्नित कर सकेंगे। लेकिन इसके लिए परिश्रम करना ही होगा। जिन खोजा तिन पाइयाँ, गहरे पानी पैठ, मैं बपुरा बूडन डरा, रहा किनारे बैठ! (कबीर)। लेखक ने समकालीन कविता के सागर में गहरा गोता लगाकर ही ये मोती खोजे हैं।

***

समीक्षित पुस्तक : हिंदी कविता : अतीत से वर्तमान तक
लेखक : ऋषभदेव शर्मा
प्रकाशन वर्ष : 2021
प्रकाशक : साहित्य रत्नाकर, कानपुर
पृष्ठ : 224
मूल्य : रु. 495/-

'महाबली' : संतन कहा सीकरी सों काम




यह अत्यंत हर्ष का विषय है कि 2021 का प्रतिष्ठित व्यास सम्मान असग़र वजाहत (5 जुलाई, 1946) को उनके नाटक ‘महाबली’ (2019) के लिए प्रदान किया जा रहा है। ‘स्रवंति’ परिवार की ओर से उन्हें हार्दिक अभिनंदन! स्मरणीय है कि वे हिंदी अकादमी दिल्ली के श्रेष्ठ नाटककार सम्मान (2009-10), संगीत नाटक अकादमी अवार्ड (2014), दिल्ली हिंदी अकादमी के सर्वोच्च शलाका सम्मान (2016) से अलंकृत हो चुके हैं।

असग़र वजाहत सुप्रसिद्ध नाटककार, कहानीकार, उपन्यासकार और व्यंग्यकार हैं। अँधेरे से (1977), दिल्ली पहुँचना है (1983), स्विमिंग पूल (1990), सब कहाँ कुछ (1991), मैं हिंदू हूँ (2006), डेमोक्रेसिया (2010) आदि उनके प्रसिद्ध कहानी संग्रह हैं। मुश्किल काम (2010) और भीड़तंत्र (2018) लघुकथा संग्रह हैं। 10 प्रतिनिधि कहानियाँ, मेरी प्रिय कहानियाँ, पिचासी कहानियाँ और असग़र वजाहत : श्रेष्ठ कहानियाँ - उनकी चयनित कहानियों के संग्रह हैं। फ़िरंगी लौट आये, वीरगति (1981), इन्ना की आवाज़ (1986), समिधा, जिस लाहौर नहीं देख्या ओ जम्याइ नई (1991), गोडसे@गांधी.कॉम (2012), पाकिटमार रंगमंडल आदि उनके प्रसिद्ध नाटक हैं। सबसे सस्ता गोश्त (2015) उनके 14 नुक्कड़ नाटकों का संग्रह है। सात आसमान (1996), पहर-दोपहर, कैसी आगी लगाई (2006), बरखा रचाई (2011), धरा अँकुराई (2014) उनके उपन्यास हैं। इनके अतिरिक्त उन्होंने आलोचना, धारावाहिक, यात्रावृत्तांत और पटकथाएँ भी लिखी हैं।

असग़र वजाहत ने लेखन की शुरूआत कहानी के माध्यम से की। इस पर प्रकाश डालते हुए एक साक्षात्कार में उन्होंने कहा है कि ‘सबसे पहले कहानी लिखी। उर्दू में लिखी पहली कहानी ‘वो बिक गई’ शहरे तमन्ना अख़बार में 1962-63 में अलीगढ़ में छपी थी।’ उनकी मान्यता है कि साहित्य को सार्थक दिशा नई चुनौतियों से मिलती है। रंगों से संवेदना प्रकट करना यदि कला है, तो शब्दों से संवेदना की अभिव्यक्ति लेखन है। उन्होंने इसी लेखन को अपना शस्त्र बनाया। अपने लेखन के संबंध उन्होंने कहा है, ‘अभिव्यक्ति या अपनी बात कहने और जो कुछ हमारे आस-पास हो रहा है इसका एक तरह से विरोध करने का जो कलात्मक जीवन हो सकता है या लोगों के बदलने और लोगों के अंदर कुछ इच्छाएँ जगाने की कोशिश की जा सकती है, उसके लिए अलग-अलग तरीके अपनाते हैं। इसके लिए मैंने लेखन को अपनाया।’ साहित्य में एक दौर ऐसा भी आया, जब अपशब्दों को यथार्थ की पहचान माना जाने लगा था। लेकिन असग़र वजाहत अपशब्दों के प्रयोग का यह कहकर खंडन करते हैं कि चटखारे के लिए अपशब्दों के प्रयोग कहानी को कमज़ोर व भद्दा बनाते हैं। अतः ऐसे प्रयोगों से साहित्यकार को बचना चाहिए।

असग़र वजाहत एक सफल नाटककार हैं। उन्हें यह पता है कि नाटक के माध्यम से न ही पैसा कमाया जा सकता है और न ही किसी का समर्थन, फिर भी उन्होंने इस विधा को सशक्त बनाया। उनका कहना है, ‘मैं अच्छी तरह जानता हूँ कि नाटक में न पैसा है, न प्रसिद्धि और न ही कोई सरकारी समर्थन या सहयोग। फिर भी नाटक लिख रहा हूँ। सिर्फ आत्माभिव्यक्ति और आत्म-संतुष्टि के लिए।’ आत्माभिव्यक्ति और आत्म-संतुष्टि के लिए लिखे गए नाटक ‘महाबली’ के कारण उन्हें आज व्यास सम्मान से पुरस्कृत किया जा रहा है।

‘महाबली’ नाटक के बारे में कहें तो यह नाटक सत्ता और कला के बीच के संबंधों पर आधारित है। इसमें मुगल सम्राट अकबर और तुलसीदास की बातचीत है जो सत्ता और कला के संबंधों पर विस्तृत प्रकाश डालती है। इस नाटक की भूमिका में स्वयं असग़र वजाहत ने इस बात की पुष्टि की है कि ‘सम्राट अकबर को अपने दरबार में प्रतिभाओं को जमा करने का शौक था। वह आज भी अपने नौ रत्नों के लिए जाना जाता है। नौ रत्नों के अतिरिक्त उसके दरबार में अलग-अलग प्रकार के विद्वान, धर्मशास्त्री, कलाविद् और हर क्षेत्र की प्रतिभाएँ दिखाई देती हैं। ऐसी स्थिति में सहज ही अनुमान लगाया जा सकता है कि सम्राट अकबर ने महाकवि तुलसीदास को अपने दरबार में बुलाने की कोशिश की होगी। इतिहास में इसका कोई प्रमाण नहीं मिलता। लेकिन इसकी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। नाटक में यह दर्शाया गया है कि सम्राट अकबार ने तुलसीदास को सीकरी बुलाया था और वे सीकरी नहीं गए। इस घटना के माध्यम से तुलसीदास और अकबर ही नहीं, बल्कि राजसत्ता और कला के पारस्परिक द्वंद्व को उभारा गया है।’

इतिहास में इसका कोई प्रमाण नहीं कि तुलसीदास और सम्राट अकबर दोनों की भेंट हुई थी। लेकिन असग़र वजाहत यह मानते हैं कि दोनों का मिलना जरूरी है। उन्होंने अपनी कल्पना को विस्तार दिया और दोनों के बीच संवाद स्थापित किया। और इस संवाद के माध्यम से उन्होंने लोकतंत्रीकरण, राजसत्ता और कला के संबंध में गहन विचार-विमर्श प्रस्तुत किए। वे नई पीढ़ी के रचनाकारों से यह अपील करते हैं कि ‘नई पीढ़ी के लेखकों को वही लिखना चाहिए जो वे पूरी तरह अनुभव करते हों। जिस पर उनका विश्वास हो। जो उन्हें दिल से निकली हुई बात लगती हो। नए लेखकों को किसी तरह का विशेष आग्रह लेकर नहीं चलना चाहिए।’

पुनश्च : दक्षिण भारत में असग़र वजाहत शोधार्थियों और शोध निर्देशकों में अति लोकप्रिय हस्ताक्षर हैं। उच्च शिक्षा और शोध संस्थान, दक्षिण भारत हिंदी प्रचार सभा के हैदराबाद केंद्र में ‘असग़र वजाहत के कहानी संग्रह ‘डेमोक्रेसिया’ में समकालीन बोध और व्यंग्य’ विषय पर मेरे ही निर्देशन में राहुल ने 2014 में लघुशोध प्रबंध प्रस्तुत किया था।

मंगलवार, 15 सितंबर 2015

नहीं रहे उत्कट जीवट के धनी साहित्यकार बालशौरि रेड्डी

हिंदी-तेलुगु का एक सुदृढ़ सेतु गिर गया 

1 जुलाई, 1928 - 15 सितंबर, 2015
यह अत्यंत दुखद समाचार है कि तेलुगु और हिंदी के सुप्रसिद्ध साहित्यकार, ‘चंदामामा’ के पूर्व संपादक और बालसाहित्यकार, उत्कट जीवट के धनी बालशौरि रेड्डी हमारे बीच नहीं रहे. 15 सितंबर, 2015 को सुबह लगभग 10 बजे के आस-पास फोन की घंटी बजी और उठाते ही यह दुखद समाचार सुनने को मिला. अपने कानों पर यकीन नहीं कर पाई क्योंकि 8 सितंबर को उनसे फोन पर बात हुई थी तो कह रहे थे - बेटी भोपाल जा रहा हूँ विश्व हिंदी सम्मलेन में भाग लेने. आने के बाद बात करेंगे. वे मुझे बेटी कहकर संबोधित करते थे 

चूंकि रड्डी जी और मेरे पिताजी अच्छे दोस्त थे. बचपन में तो मैं उनकी गोद में खेली थी. उनकी जिजीविषा इतनी सक्षम थी कि वे दो बार मौत से जीत चुके थे. संकोच करते हुए रड्डी जी के घर फोन किया. उधर से भैया (उनके सुपुत्र) ने फोन उठाया और जब मैंने उनसे यह कहा कि ‘भैया यह मैं क्या सुन रही हूँ?’ तो उन्होंने कहा – ‘ठीक ही सुना है. सुबह 8.30 बजे चाय पी रहे थे और हम सबसे बात करते करते अचानक ही लुढ़क गए.’ बस इतना ही कह पाए. उनकी सिसकियाँ सुनाई दे रही थी. 

बालशौरि रेड्डी का जन्म आंध्र प्रदेश के कृष्णा जिला में स्थित गोल्लल गूडूर में 1 जुलाई, 1928 को हुआ था. उनकी मातृभाषा तेलुगु थी. अपनी मातृभाषा के साथ साथ हिंदी के लिए भी वे समर्पित थे. वे हमेशा यही कहा करे थे कि मेरी दो-दो मातृभाषाएँ हैं - तेलुगु और हिंदी. तेलुगु के साथ साथ हिंदी में भी उन्होंने अनेक मौलिक रचनाओं का सृजन किया. बालसाहित्य के साथ साथ उपन्यास, कहानी, नाटक निबंध, समीक्षा, आलोचना आदि विधाओं के माध्यम से उन्होंने दक्षिण भारत की संस्कृति को हिंदी पाठकों तक पहुँचाने का काम किया. मौलिक लेखन के साथ साथ अनुवादों के माध्यम से भी उन्होंने दक्षिण और उत्तर के भेद को मिटाने का प्रयास किया. 

पाश्चात्य देशों की तुलना में भारत में आज भी बालसाहित्य की कमी है. इस क्षेत्र में बालशौरि रेड्डी का प्रयास सराहनीय है. ‘चंदामामा’ पत्रिका के माध्यम से उन्होंने बालसाहित्य लेखन को आगे बढ़ाया. उनकी मान्यता थी कि देश का भविष्य बच्चों के बौद्धिक एवं मानसिक विकास पर ही निर्भर होता है. इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए उन्होंने हिंदी के बालपाठकों के लिए ‘तेलुगु की लोक कथाएँ’, ‘आंध्र के महापुरुष’, ‘तेनाली राम के लतीफे’, ‘तेनाली राम के नए लतीफे’, ‘बुद्धू से बुद्धिमान’, ‘न्याय की कहानियाँ’, ‘तेनाली राम की हास्य कथाएँ’, आदर्श जीवनियाँ’, ‘आमुक्तमाल्यदा’ जैसी बालोपयोगी रचनाएँ कलात्मक रूप से प्रस्तुत की. बालसाहित्य के संबंध एक साक्षात्कार में उन्होंने कहा था कि “बच्चों के लिए लिखा गया साहित्य मनोरंजक हो. उनका हित करने वाला हो. साहित्य का कार्य है मानव मात्र को योग्य नागरिक एवं उत्कृष्ट सामाजिक बनाना, जीवन यात्रा में सही दिशा में बोध कराना. साहित्य मनोरंजन भी करे, साथ ही परोक्ष रूप से उसमें सामाजिक और नैतिक मूल्यों से युक्त मानदंड स्थापित करने की क्षमता भी हो.” उल्लेखनीय है कि उनकी पहली रचना बालसाहित्य की ही रचना थी. 

हिंदी प्रचार-प्रसार में बालशौरि रेड्डी का योगदान उल्लेखनीय है. यदि उन्हें राष्ट्रीय भावना से ओतप्रोत व्यक्ति कहें तो अतिशयोक्ति नहीं होगी. नेताओं की कथनी और करनी में अंतर देखकर वे चिंतित हो जाते थे. इसीलिए वे कहा करते थे - “हमारे राष्ट्रीय नेता तथा शासन तंत्र से जुड़े हुए लोग मंच पर अथवा हिंदी दिवस, सप्ताह या पखवाड़े के समारोहों में उत्तेजित स्वर में हिंदी के प्रति जोश प्रकट करते हैं तथा प्राचीन सांस्कृतिक वैभव का गुणगान करते थकते नहीं. किंतु व्यावहारिक रूप में कार्यान्वयन का जब प्रश्न उठता है, तब नाना प्रकार की समस्याओं की दुहाई देकर अपने को अधिक उदार होने की, प्रशस्ति पाने का नाटकीय अभिनय करते हैं. हमारे यहाँ कथनी और करनी में जमीन-आसमान का अंतर दर्शित होता है.” जो लोग यह मानते हैं कि हिंदी के विकास में क्षेत्रीय भाषाएँ बाधक बनती हैं उनकी धारणा को खंडित करते हुए वे कहा करते थे कि “मातृभाषा कभी भी राष्ट्रभाषा के मार्ग में बाधक नहीं बन सकती. सभी क्षेत्रीय भाषाएँ पुष्प हैं जो राष्ट्र रूपी हार की शोभा बढ़ाते हैं. हिंदी के विकास के पड़ाव में अंतर्धारा के रूप में मातृभाषा कार्य कर सकती है.” 

बालशौरि रड्डी क्रियाशील व्यक्ति थे. वे यह मानते थे कि आराम हराम है. महात्मा गांधी के व्यक्तित्व और उनके विचारों से वे प्रभावित हुए तथा अपने जीवनकाल में उनके विचारों का पालन करते रहे. उनसे जब भी मुलाकात होते थी तो वे कहा करते थे – मुझे तो 100 साल तक जीने की उम्मीद है. उनकी जिजीविषा को देखकर हम सब आश्चर्य व्यक्त करते थे. हिंदी-तेलुगु का एक सुदृढ़ सेतु गिर गया. आज 13 साल पहले ही उनके सौ साल पूरे हो गए. ऐसे महान व्यक्तिव को अश्रुपूरित श्रद्धांजलि. 

बुधवार, 24 दिसंबर 2014

स्मृतियों में बसी गंगा की तरंग

9 जून 2014. 
रात की नींद गायब. कल नजीबाबाद जो जाना है ‘परिलेख हिंदी साधक सम्मान’ लेने. इसकी कल्पना भी नहीं की थी. 

10 जून 2014.
सुबह के चार बजे. तैयार हो गई और ठीक पाँच बजे माँ-पापा, भाई और तीन साल की बेटी से विदा लेकर पति के साथ घर से हैदराबाद नामपल्ली रेलवे स्टेशन की ओर निकल पड़ी. 5.40 तक स्टेशन पहुँच गई और ठीक छह बजकर पाँच मिनट पर गाड़ी ने दिल्ली की ओर प्रस्थान किया. सफर बहुत अच्छा रहा. ठीक सामने की सीट पर एक सरदार जी और उनकी पत्नी रमणिक कौर जी (यही नाम बताया उन्होंने) थे. समय बीतता गया और ऐसे ही हम लोगों के बीच सहज वार्तालाप शुरू हुआ. वे दोनों अमृतसर जा रहे थे गुरुद्वारे का दर्शन करने. वार्तालाप से बहुत ही सरल और मिलनसार लगे. नागपुर स्टेशन पर इंजिनियरिंग और सी.ए. के कुछ विद्यार्थियों की टोली चढ़ी. वे मनाली जी रहे थे. उसमें एक व्यक्ति अपने परिवार (पत्नी और आठ साल की बेटी) को भी साथ लेकर जा रहा था. रात भर वे लोग मस्ती करते रहे. सफर में थकान महसूस ही नहीं हुई. जब भी कमर में दर्द होने लगता था तो ऊपर बर्थ पर जाकर सो जाती थी. पहली बार उत्तर की ओर यात्रा कर रही थी. 

आंध्र प्रदेश – अरे बाबा अब तो यह क्षेत्र तेलंगाना हो गया. जब तक गाड़ी तेलंगाना क्षेत्र में चल रही थी तब तक भौगोलिक परिवेश कुछ और था. जैसे जैसे गाड़ी महाराष्ट्र में पहुँची धीरे धीरे भौगोलिक परिस्थिति बदल गई. तेलंगाना के क्षेत्र में सूखे पेड़ दिखाई दे रहे थे. कहीं कहीं बंजर भूमि थी तो कहीं कहीं बुआई के लिए तैयार भूमि दिख पडी. नीम, ताड़, आम, छोटे खजूर और बरगद के पेड़ तो हैं ही, हर जगह टीक और बबूल के वृक्ष भी हैं. गर्मी का तो पता नहीं चला क्योंकि वातानुकूलित कोच में बैठकर यात्रा कर रही थी. महाराष्ट्र में पहुँचते ही मौसम बदला सा गया. बारिश की बूँदें भी गिरीं. नागपुर से जैसे ही गाड़ी आगे बढ़ी, संतरे के बाग ही बाग थे. जगह जगह पर आम के बाग थे. पहाड़ों के बीच से जब गाड़ी गुज़री तो बहुत ही अच्छा लगा. कहीं कहीं तो गाड़ी सुरंग से गुज़री. कहीं जंगल था, तो कहीं पहाड़, कहीं सपाट भूमि तो कहीं घाटी. देखने लायक है भारत की प्राकृतिक संपदा. 

11 जून 2014

गाड़ी सुबह 9 बजे के आस-पास दिल्ली पहुँची. पापा के शिष्य अगस्टिन जी गाड़ी लेकर स्टेशन पहुँच गए हमें लेने. हम स्टेशन से सीधे आई.एस.बी.टी. - कश्मीरी गेट पहुँच गए और वहाँ से नजीबाबाद जाने वाली बस में चढ़ गए. ड्राइवर की सीट के पीछे वाली सीट खाली थी तो वहीं आराम से बैठ गए. बस चल पड़ी नजीबाबाद की ओर. जैसे ही बस दिल्ली के बाहर पहुँची तो रास्ते में लीची और रसीले आम दिख गए. हैदराबाद में तो लीची एकदम सूखी होती हैं. लेकिन यहाँ बड़ी बड़ी लाल-लाल रसीली लीची. देखते ही मन ललचाने लगा. बस आगे बढ़ती गई और मैं दोनों तरफ के पेड़-पौधों को देखने लगी. फलों से लदे हुए आम और लीची के पेड़. वाह! क्या बात है! बस रुकने का नाम नहीं ले रही थी. दोपहर हो गई और भूख लग रही थी तो खजूर खाते हुए गए. हैदराबाद से ही लिए थे साथ. मेरठ पार करने के बाद ड्राइवर ने एक ढाबे के पास बस रोक दी और हम सब वहाँ उतरे और ठंडे पानी से मुँह धोया तो मानो जान में जान आ गई. फिर हमने वहाँ चटपटी चाट का मजा लिया, शिकंजी भी पी और फिर आकर बस में विराज गए. रास्ते में अनेक छोटे छोटे गाँव थे. उनके नाम बड़े ही मजेदार लगे. जैसे – भैंसा, फिटकरी, चौलापुरा, इंचौली, बहसूमा, कौल, झुनझुनी, सदपुर, सैफपुर, रामराज, बहसुमा, भगवंतपुरम, मीराँपुर, डाबका, पठानपुरा, मलियाना, पुट्ठा, कुंडा, पतला, निवाडा आदि. मतलब यह है कि दक्षिण के स्थान नामों के अभ्यासी मन को ये नाम बहुत नए और रोचक लगे! और हाँ, ट्रकों व दूसरे वाहनों पर मजेदार स्लोगन भी पढ़ने को मिले. एक ट्रक पर लिखा हुआ था ‘हँस मत पगली प्यार हो जाएगा.’

एक मजेदार बात. एक यात्री को कहीं उतरना था पर ड्राइवर ने बस उसके वांछित स्थान पर नहीं रोकी. यात्री ने कटाक्ष पूर्वक ड्राइवर को संबोधित किया - ‘अपणे घर ही ले कै जागा क्या?’ ड्राइवर भी हाजिर जवाब निकाला. बोला – ‘क्या, मेरा कान बजै? कंडक्टर सै सिट्टी ना बजवा सकै था क्या?’ यह है हमारी लोक बोलियों के बतरस की संपदा जो शहरों की नकली भाषा से गायब है. एक व्यक्ति हाजमे की गोलियाँ बेच रहा था. उसके बेचने का तरीका भी भा गया. वह लोकभाषा (कौरवी) में लोगों को विश्वास दिलाने की कोशिश कर रहा था. क्या रेटॉरिक थी उसकी भाषा में. तब समझ में आया कि दिलीप सर क्यों कहते हैं कि भाषा का असली व्यवहार उसके प्रयोक्ता समाज में रहकर ही सीखा जा सकता है. 

होटल ब्ल्यू डाइमंड में 
नजीबाबाद पहुँचते पहुँचते पाँच बज गए. वहाँ बस स्टैंड के पास आयोजक हमारे स्वागत में खड़े थे. रिक्शा कर लिए गए. चेन्नै, हैदराबाद और आंध्र प्रदेश के रिक्शों से यहाँ के रिक्शे अलग ही थे. बहुत बरसों के बाद रिक्शे पर चढ़ी तो मजा आ गया. ब्ल्यू डाइमंड होटल पहुँचे. होटल में डॉ. रजनी शर्मा, डॉ. सुशील कुमार त्यागी, आकाशवाणी के ताहिर महमूद और प्रदीप सिंह ने अगवानी की.

भाई अमन कुमार त्यागी के परिवार के साथ 

थोड़ी देर आराम करने के बाद शाम को वहाँ से परिलेख कला एवं संस्कृति समिति, नजीबाबाद के संस्थापक भाई अमन कुमार त्यागी के घर पहुँचे. वहाँ उनका पूरा परिवार स्वागत में जुटा हुआ था. भाभी और बच्चे (अक्षि और तन्मय), डॉ. सुशील कुमार त्यागी आदि. खाना लाजवाब था. खाने के बाद होटल की ओर पैदल चल पड़े. चाँदनी रात थी. रेलवे स्टेशन क्रॉस करके जाना था. ब्रिज पर चढ़कर स्टेशन पार करते समय निर्मल आकाश में चंद्रमा की मनमोहक छटा निहारने योग्य थी. हम लोगों ने चाँदनी में कुछ फोटोग्राफी भी की. पूरे समय अमन भाई जाने कहाँ-कहाँ के रोचक किस्से सुनाते रहे. बड़े ठहरे से अंदाज में बात करते हैं अमन जी – कोई जल्दी नहीं, कोई तनाव नहीं! 

12 जून 2014. 

सुबह सुबह आँख खुल गई तो हम तैयार हो गए. डॉ. रजनी शर्मा के सुपुत्र आ गए और डॉ. ऋषभ देव शर्मा जी
डॉ. रजनी शर्मा की पोती गौरी  
तथा डॉ. पूर्णिमा शर्मा जी के साथ हमें अपने घर ले गए नाश्ते पर. गरमा गरम जलेबी और ब्रेड रोल के साथ लस्सी. मजा आ गया. सच कहूँ तो सुबह सुबह इस तरह का नाश्ता पहली बार किया. वहाँ से फिर होटल लौटे. थोड़ी ही देर में रुड़की से श्रद्धेय गुरुवर डॉ. योगेंद्रनाथ शर्मा अरुण जी आए. अरुण जी मुझे बेटी मानते हैं. ईमेल और फोन पर तो उनसे बातचीत होती रहती थी पर प्रत्यक्ष दर्शन पहली बार हुए. इतने में वहाँ ‘अमर उजाला’ के संवाददाता पहुँच गए और हम लोगों के साक्षात्कार लिए. अमन भाई ने आकाशवाणी – नजीबाबाद में रिकॉर्डिंग की भी व्यवस्था की थी; यों बाद में डॉ. योगेंद्रनाथ शर्मा अरुण जी हम सबको सीधे आकशवाणी भवन ले गए. पहले डॉ. ऋषभ देव शर्मा जी की रिकॉर्डिंग हुई बाद में मेरी. मैंने ‘हिंदी तथा तेलुगु के प्रमुख संतों की रचनाओं में अंतःसंबंध’ शीर्षक वार्ता प्रस्तुत की. उधर अमन कुमार त्यागी जी के घर उनके पिताजी (श्री महेंद्र अश्क जी), माताजी और अन्य परिवारी जन हमारी प्रतीक्षा में बैठे थे. 

खाना खाते खाते तीन बज गए तो हम तुरंत होटल की ओर निकल पड़े चूँकि 4 बजे से परिलेख कला एवं संस्कृति समिति तथा लोक समन्वय समिति, नजीबाबाद का सम्मान समारोह था. 4 बजे के आसपास हम समारोह स्थल पहुँच चुके थे. बढ़िया बैनर लगा हुआ था – बैनर पर अपना और अपनी पुस्तक का चित्र देखकर मैं रोमांचित तो हुई, विचलित भी हो उठी – मैं इस सबकी अधिकारी हूँ भी या नहीं! 


सम्मान कार्यक्रम समाप्त होते होते आठ बज ही चुके थे. हम सब सीधे अमन भाई के घर पहुँचे. खाना खाकर वहाँ से होटल की ओर प्रस्थान. सब कुछ सपने जैसा लग रहा था. सचमुच मैंने अपने अत्यंत साधारण सी हिंदी सेवा के लिए इतनी स्वीकृति और सम्मान की न तो आशा की थी, न अपेक्षा. यह सब मुझे अनायास ही मिला रहा है – मेरे मातापिता और गुरुजन के आशीर्वाद से! 

13 जून 2014 

ठीक 7 बजे राजकुमार जी हाजिर हो गए हमें अपने घर ले जाने. आदरणीय राजकुमार जी के बारे में यह बताना जरूरी है कि प्रो. देवराज जी के अनन्य और घनिष्ठ मित्र हैं और प्रो. ऋषभ देव शर्मा जी के प्रति भी वैसा ही स्नेहभाव रखते हैं. किस्सागोई में राजकुमार जी अमन जी से इक्कीस निकले. हमें इर्द गिर्द बिठाकर घर के बुजुर्ग की तरह जाने कितनी ‘ऐतिहासिक’ वारदातें उन्होंने सुना डालीं. उनसे ही मुझे ‘साहित्य कुंभ’ तथा ‘साहित्य मंथन’ की ऐतिहासिकता का पता चला. वहाँ से हम गुरुवर डॉ. प्रेमचंद्र जैन जी के घर जाने वाले थे लेकिन कुछ ऐसी अप्रत्याशित स्थितियाँ आ गईं कि जा न सके. और इस तरह नजीबाबाद का हमारी यह सारस्वत यात्रा अधूरी रह गई. 

फिर कार्यक्रम बना कण्वऋषि आश्रम जाने का. पहले यह तय किया गया था कि आश्रम देखकर वहाँ से रुड़की और वहाँ से खतौली जाएँगे. दरअसल, भाई अमन कुमार त्यागी ने जब कहा था कि परिलेख सम्मान ग्रहण करने के लिए नजीबाबाद आना होगा तो मैंने गर्मी में इतनी लंबी यात्रा के डर से आनाकानी शुरू कर दी थी. इस पर उन्होंने मुझे ललचाने की कोशिश की. दो लालच दिए. एक - आपको इस बहाने हरिद्वार और गंगा स्नान का भी पुण्य मिल जाएगा. दो - शायद आपको नहीं पता कि नजीबाबाद के एकदम पास में कोटद्वार में कण्व ऋषि का आश्रम है जो दुष्यंत और शकुंतला की प्रणय कथा से जुड़ा है. यहाँ आएँगी तो वहाँ भी चलेंगे. 

अमन भाई ने अपना वादा निभाया. गंगा स्नान भी कराया और कण्व आश्रम भी दिखाया. साथ में थे अमन भाई,
तन्मय 
उनकी बहुत प्यारी बिटिया अक्षि, चपल और अत्यंत प्रिय बेटा तन्मय, मनमीत के संपादक अरविंद कुमार जी, दिल्ली से आए हुए पत्रकार उपेंद्र जी, गुरुकुल कांगड़ी ज्वालापुर के डॉ. सुशील कुमार त्यागी. डॉ. ऋषभ देव शर्मा और डॉ. पूर्णिमा शर्मा तो मेरे अभिभावक की तरह आए ही थे. इन सबके साथ मालिनी नदी के किनारे फैले कण्व आश्रम में जाना रोमांचकारी अनुभव रहा. दो ट्रकों को रोकने की शक्ति का प्रमाण दे चुके ‘पावर योगी’ जयंत जी (आधुनिक भीम) का दर्शन और भी रोमांचक रहा. उन्होंने स्वयं सारे क्षेत्र का संदर्शन कराया. 
अर्जुन के साथ 

नन्हे लंगूर अर्जुन को मैं कभी नहीं भूल पाऊँगी जो अक्षि और तन्मय को घुड़की देने के बाद चुपके से मेरी गोद में आ बैठा था और इशारे कर करके कभी सिर, कभी पीठ, कभी बगल को खुजवाता रहा था. 

हरिद्वार पहुँचकर गंगा स्नान का पुण्य भी प्राप्त किया. हरिद्वार पहुँची तो मन प्रफुल्लित हो उठा. वहाँ तक जाकर गंगा स्नान किए बिना वापस आना कैसे संभव हो सकता है! हर की पौड़ी पहुँचकर गंगा नदी को नमन किया और जलप्रवाह में धीरे धीरे प्रवेश किया तो शीतल गंगाजल के स्पर्श से तन और मन आनंद से भर उठे. मुझे ऐसा लगा कि मानो माँ का कोमल स्पर्श है. सच कहूँ तो पहले डुबकी लगाने में डर रही थी लेकिन जब यह देखा कि छोटे-छोटे बच्चे गंगा स्नान का आनंद उठा रहे हैं तो मन के भीतर से आवाज आई कि चलो आगे बढ़ो. बस एक सांस में तीन डुबकी लगा ही दी. गंगा की वह पुलक भरी तरंग सदा सदा के लिए स्मृतियों में बस गई है. 

रुड़की पहुँचने से पहले गुरुकुल कांगड़ी गए – डॉ. सुशील कुमार त्यागी जी के घर. वहाँ से रुड़की. डॉ. ऋषभ देव शर्मा जी के भतीजे आशीष जी और पंकज जी ने गर्मजोशी से अगवानी की. उनके साथ ही श्रद्धेय डॉ. योगेंद्र नाथ शर्मा अरुण जी के घर जाना हुआ. अरुण जी और उनकी श्रीमती जी की जिंदादिली देखकर बड़ी प्रेरणा और ऊर्जा जैसी मिलती लगी. कभी कभी सोचती हूँ कि ये लोग बड़ी बड़ी उपलब्धियों और प्रकांड विद्वत्ता के बावजूद इतने सरल, निश्छल और बालसुलभ स्वभाव वाले कैसे रह लेते हैं! वहाँ से खतौली की ओर चल पड़े. गंगा जी तो साथ साथ चल रही थीं. एक जगह पर सर ने कहा, देखो, यहाँ गंग नहर और गंगा नदी ऊपर नीचे हैं! बहुत खूब! पल भर में ही गाड़ी क्रास हो चकी थी. 

आराध्या 
पूरी यात्रा के दौरान पूर्णिमा मै’म से लीची, चाट, कुल्फी आदि की बातें होती रहीं. खतौली पहुँचने से आशीष जी और पंकज जी ने पुरकाजी में एक जगह गाड़ी रोकी और गरमागरम चाट खिलाई. खतौली पहुँचकर घर के पास ही कुल्फी की दूकान पर मलाईदार कुल्फी का आनंद लिया. अरे हाँ, इससे पहले रुड़की में भी तो एक बड़ा गिलास लस्सी का भरपूर मजा लिया था. आशीष और पंकज का सेन्स ऑफ ह्यूमर तो कमाल का है. रास्ते भर मस्ती करते हुए चले. वाह, मजा आ गया! पूर्णिमा मैडम ने परिवार के सदस्यों से परिचय कराया. आशीष जी की बेटी आराध्या ने तो मेरा मन ही मोह लिया. तस्वीरें लेने की कोशिश की तो पहले मुँह इधर-उधर करती रही बिलकुल मेरी बेटी की तरह. पर थोड़ी ही देर में पोज देना शुरू कर दिए. यही स्नेह का नाता तो हमें जीवित रखता है! 

मैंने सोचा था कि रात का खाना स्किप कर दूँ. पर मुझसे नहीं हुआ. गरमागरम रोटियाँ (शायद मिस्सी रोटी), सब्जी, अचार. स्वादिष्ट भोजन. पेट भरके खाया और आराम से सो गई. 

पूरी यात्रा के दौरान मुझे एक पल के लिए भी यह अहसास नहीं हुआ कि मैं अपने घर छोड़कर कहीं अजनबियों के बीच गई हूँ. सब अपने ही थे. आत्मीय. 

14 जून 2014 

खतौली से दिल्ली की ओर प्रस्थान. सर और आशीष जी आए मुझे बस में बिठाने के लिए. साथ में नन्ही आराध्या भी थी. हाइवे पर बस रोककर, मुझे विधिवत बिठाकर, ड्राइवर को बताकर, तसल्ली करके ही आशीष जी बस से उतारे. बस तेजी से दिल्ली की ओर जा रही थी. उस वक्त मुझे ऐसा लगा कि अपनों से कटकर कहीं दूर जा रही हूँ.

दिल्ली में अगस्टिन आ गए. एपी भवन पहुँचने से पहले रास्ते में लाल किला घूमकर देखा. भोजनोपरांत पार्लियामेंट, इंडिया गेट आदि. फिर रात की गाड़ी से हैदराबाद की वापसी.



शुक्रवार, 18 जुलाई 2014

‘गुलमोहर’ : कालिमा पर लालिमा की विजय

(13 जुलाई 2014 को ‘गुलमोहर’ के
लोकार्पण के अवसर पर )
पुस्तक ‘गुलमोहर’ की लेखिका श्रीमती शांति अग्रवाल को हार्दिक बधाई देती हूँ. शांति अग्रवाल जी से मेरी मुलाकात छह वर्ष पूर्व कादंबिनी क्लब की एक मासिक गोष्ठी में हुई थी. जब कभी मौक़ा निकालकर कादंबिनी क्लब की गोष्ठी में जाती हूँ तो वहाँ शांति अग्रवाल जी से मुलाकात तो हो ही जाती है पर वार्तालाप न के बराबर. बस एक हल्की सी मुस्कान और अभिवादन. शायद इससे ज्यादा कुछ नहीं. गोष्ठियों के कारण ही मैं उनकी कहानी कला से परिचित हूँ.

आदरणीया डॉ. अहिल्या मिश्र जी ने जब फोन पर कहा कि शांति अग्रवाल की पुस्तक ‘गुलमोहर’ का लोकार्पण इस समारोह के अवसर पर हो रहा है और मुझे पुस्तक का परिचय देना है तो मैं मना नहीं कर पाई. उन्होंने स्वयं इस पुस्तक को मुझ तक पहुँचाया. 

यह पुस्तक 2010 के ‘साहित्य गरिमा पुरस्कार’ से पुरस्कृत है. गीता प्रकाशन, हैदराबाद से प्रकाशित इस कहानी संग्रह में कुल 21 कहानियाँ हैं. इन कहानियों में पग पग पर जीवनानुभूति, कहानीकार की भावुकता और संवेदनाएँ प्रकट हो रही हैं. 

इस कहानी संग्रह में संकलित पहली कहानी ‘मदर डे’ ने मुझे उस बच्चे के बारे में सोचने के लिए मजबूर कर दिया जिसने एक ‘सेरोगेट मदर’ की कोख से जन्म लिया है. पहले किसी अनाथ आश्रम से या फिर किसी रिश्तेदार से बच्चे को गोद लिया जाता था. अब एक कदम आगे बढ़कर लोग ‘सेरोगेट मदर’ के माध्यम से बच्चे को अपना रहे हैं. किसी स्त्री से सौदा कर लिया जाता है और बच्चे के जन्म के बाद उसे वापस अपनी दुनिया में छोड़ दिया जाता है. लेकिन उस माँ पर क्या बीतती होगी जिसने नौ महीने उस बच्चे को अपनी कोख में पाला-पोसा. और उस बच्चे की मानसिक स्थिति क्या होगी जिसे हर वक्त ‘किराए की कोख का जना’ कहकर दुत्कारा जाता है. इस कहानी को पढ़ते समय मुझे सलमान खान, रानी मुखर्जी और प्रीति जिंटा की फिल्म ‘चोरी चोरी चुपके चुपके’ (2001) की याद आती रही जो विक्टर बेनर्जी, शर्मिला टैगोर और शबाना आज़मी की फिल्म ‘दूसरी दुल्हन’ (1983) का रीमेक थी. निस्संदेह, इस कहानी के माध्यम से शांति अग्रवाल जी ने हमारे समय की एक ज्वलंत भावनात्मक समस्या को उजागर किया है. इस कहानी में पूरा परिवार इस बात से अवगत है. तनु उस बच्चे को स्वीकार नहीं कर पाती और हर वक्त उसे ‘किराए की कोख का जना’ कहकर डाँटती-फटकारती रहती. आठ साल तक राहुल माँ की ममता से वंचित रहता है. जब तनु उस पर चोरी का इल्जाम लगाती है तो वह और भी विचलित हो जाता है. उसकी मानसिक स्थिति से परेशान कमला रानी राहुल को उसकी सगी माँ महिमा के पास ले जाती है और उसे सौंपते हुए कहती है – ‘आज ‘मदर डे’ के दिन एक दूसरे के लिए इससे और उत्तम उपहार कोई हो ही नहीं सकता था.’

इस काहानी संग्रह की शीर्षक कहानी ‘गुलमोहर’ में लेखिका ने ‘मैं’ शैली को अपनाया है. मौली अपने हाथों से गुलमोहर का पेड़ लगाती है. पति की मृत्यु के बाद वह उस पेड़ से अपना दुःख-दर्द बाँटती रहती है. वह अपने अतीत से बाहर नहीं आना चाहती. लेकिन रोड वाइडेनिंग में उसका वह गुलमोहर बगिया के बाहर हो जाता है जिसके साथ उसका अतीत जुड़ा हुआ है. वह परेशान हो उठती है. एक दिन उसके पिता जी एक ऐसी बच्ची को घर ले आते हैं जिसके माँ-बाप दोनों एड्स से ग्रस्त होकर इस दुनिया से जा चुके हैं. मौली पहले उस बच्ची से दूर ही रहती है पर धीरे धीरे उसकी मासूमियत से बंधकर वह उसे अपनाने को मजबूर हो जाती है. वह उस बच्ची (गुलाबी) को माँ बनकर अपना लेती है. कहानी के अंत में लेखिका की टिप्पणी देखें – ‘उधर गुलमोहर बाहर चला गया. बगिया की नई दीवार खड़ी हो गई. मौली को अब अपने गुलमोहर का गम नहीं था. एक नया गुलमोहर उसकी गोद में था. उसे बड़ा करना था. *** अपनी गोद में गुलमोहर को पाकर मौली महक उठी.’ ममता को केंद्रीय विषय बनाकर शांति अग्रवाल ने कई कहानियाँ लिखी हैं जैसे चाची, ममता की पीड़ा, अम्मा, स्नेह स्पर्श आदि. साथ ही इनकी कहानियों में जातिगत भेद भाव का विरोध भी है. इसे ‘मंदिर के फूल’ नामक कहानी में देखा जा सकता है. इस कहानी में मोहन और ज़ाकिर दोनों अच्छे दोस्त हैं. मंदिर के पुजारी उन्हें हर रोज चरणामृत और पुष्प देते थे. ज़ाकिर के बीमार पड़ने पर पुजारी जी स्वयं उसके घर जाकर उसे पुष्प दे आते थे. टपोरी इस बात को उल्टा घुमाकर मोहल्ले में इस तरह फैलाता है कि पुजारी ज़ाकिर की माँ से मिलने जा रहा है. बस और क्या हिंदू-मुस्लिम समुदयों के बीच झगड़ा शुरू हो जाता है. मारपीट में घायल पुजारी का देहांत हो जाता है. ज़ाकिर को बुरा लगता है. मोहन और ज़ाकिर के परिवार वाले मिलकर पुजारी का अंतिम संस्कार करते हैं. यहाँ लेखिका लिखती हैं ‘पंडित जी के ‘मंदिर के फूल’ जात-पांत से दूर और भी गहरी मित्रता के बंधन में बंध गए.’ 

शांति अग्रवाल जी की कहानियों का केंद्रीय स्वर पारिवारिकता और मनुष्यता का स्वर है. वे मानवतावादी कहानीकार हैं. ‘रजनीगंधा’ में उन्होंने विवाह संस्था को स्त्री शोषण से मुक्त करने की बात उठाई है तो ‘कन्यादान’ में बदनाम गली की दलाल होते हुए भी एक स्त्री की ममता और बहनापे का चित्रण अत्यंत मार्मिक बन पड़ा है. ‘मुंडेर पर की गिलहरी जीव’ दया का संदेश देती है जिसे पर्यावरण विमर्श के साथ भी जोड़कर देखा जा सकता है. ‘अधूरा प्रयाश्चित’ में पारिवारिक संबंधों में संदेह का घुन लगने का परिणाम दिखाया गया है तो ‘सति’ में संस्कृति में प्रदर्शन और पाखंड का घुन लगने की परिणति समाज विरोधी, स्त्री विरोधी और मानव विरोधी दुष्कृत्य के रूप में सामने आती है. ‘एक रुपया’ शीर्षक कहानी अवमूल्यन पर आधारित है – पैसे का भी और मनुष्य का भी. 

‘दोषी कौन?’ में भारतीय समाज की उस पुरुषवादी दृष्टि का हिंसक प्रतिकार दिखाया गया है जो स्त्री को केवल वासनापूर्ति का यंत्र समझती है. पुरुष द्वारा संबंधों की गरिमा का हनन स्त्री को चंडी बनने के लिए पहले भी विवश करता रहा और आज भी कर रहा है. ‘कबाड़ होती जिंदगी’ में उपभोक्तावादी युग में जीवन की तुलना में वस्तुओं के अधिक मूल्यवान होने की त्रासदी को सामने लाया गया है तो ‘किट्टी पार्टी’ में नवधनाढ्य वर्ग की स्त्रियों के आचरण की पोल खोली गई है. इसी प्रकार ‘करू कुरू स्वाहा’, ‘अंतिम संस्कार’, ‘मानवता जीवित है’, ‘मेरे अपने’ और ‘सुखिया’ जैसी कहानियाँ भी मानवीय संबंधों की रक्षा के लिए लेखिका की चिंता को प्रकट करती हैं. 

अंत में यही कहना है कि यद्यपि लेखिका की दृष्टि ऐसे आदर्श और बेहतर भविष्य के निर्माण की ओर है जहाँ परिवार और समाज में सबके संबंध मधुर हों. परंतु इसके लिए वे कोई सपनों की दुनिया नहीं रचती, बल्कि अपनी कथावस्तु उसी यथार्थ दुनिया से उठाती है जिसमें ऊँच-नीच है, भेदभाव है, घरेलू हिंसा और स्त्री शोषण है, ईर्ष्या और द्वेष है, जीवन मूल्यों का हनन है और इन सबसे बढ़कर है उदासी, असफलता और मौत. वस्तुतः ये कहानियाँ मृत्यु की कालिमा पर ‘गुलमोहर’ की लालिमा की विजय की कहानियाँ हैं. 



गुलमोहर
शांति अग्रवाल
गीता प्रकाशन, हैदरबाद
2014
पृष्ठ 136
मूल्य - रु.395

रविवार, 13 जुलाई 2014

प्रकृति, लोक और समकाल के बिंबों के कवि : केदारनाथ सिंह



वरिष्ठ हिंदी कवि केदारनाथ सिंह को सर्वोच्च साहित्य सम्मान ज्ञानपीठ पुरस्कार (2013) से सम्मानित किया जा रहा है. हिंदी साहित्य में उनसे पहले सुमित्रानंदन पंत, रामधारी सिंह दिनकर, सच्चिदानंद हीरानंद वात्स्यायन अज्ञेय, महादेवी वर्मा, श्रीनरेश मेहता, निर्मल वर्मा, कुंवर नारायण, श्रीलाल शुक्ल और अमरकांत को यह पुरस्कार मिल चुका है. 

केदारनाथ सिंह का जन्म 7 जुलाई 1932 को उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के गाँव चकिया में हुआ. 1956 में बनारस हिंदू विश्वविद्यालय से एम.ए. (हिंदी) और 1964 में पीएच.डी. की उपाधि प्राप्त की. उन्होंने कई कॉलेजों में अध्यापन का कार्य किया और अंत में जवाहरलाल नेहरु विश्वविद्यालय से हिंदी विभाग के अध्यक्ष पद से सेवानिवृत्त हुए. 

‘तीसरा सप्तक’ के हवाले से यह कहा जा सकता है कि समकालीन कविता के प्रमुख हस्ताक्षर केदारनाथ सिंह ने व्यवस्थित लेखन 1950 से आरंभ किया. उनकी कुछ प्रमुख कृतियाँ हैं – [कविता संग्रह] अभी बिल्कुल अभी, जमीन पक रही है, यहाँ से देखो, बाघ, अकाल में सारस, उत्तर कबीर और अन्य कविताएँ, तालस्ताय और साइकिल, सृष्टि पर पहरा; [आलोचना] कल्पना और छायावाद, आधुनिक हिंदी कविता में बिंब विधान, मेरे समय के शब्द, मेरे साक्षात्कार; [संपादन] ताना बाना (आधुनिक कविता से एक चयन), समकालीन रूसी कविताएँ, कविता दशक, साखी (अनियतकालिक पत्रिका), शब्द (अनियतकालिक पत्रिका) आदि. 

विश्वनाथ प्रसाद तिवारी का मानना है कि 'केदारनाथ सिंह की कहानियों में ‘मैं’ की चेतना कवि की कविताओं को आत्मपरक बनाती है. वह मनुष्य की नियति को, उसकी पीड़ा को, समय के दबाव को अपने भोग के स्तर पर निजी बनाकर व्यक्त करता है. आशा, आकांक्षा, प्यास, अतृप्ति, बेचैनी, अकेलेपन की उदासी इस कवि में कहीं बहुत गहरी है.’ (आग की ओर इशारा, समकालीन हिंदी कविता, पृ. 159). इसके अलावा जो चीज केदारनाथ सिंह की कविताओं को विशिष्ट बनाती है, वह है लोक की गंध. उन्होंने ‘तीसरा सप्तक’ के अपने वक्तव्य में कहा था – “मानव संस्कृति के विकास में कवि का योग दो प्रकार से होता है – नवीन परिस्थितियों के तल में अंतःसलिला की तरह बहती हुई अननुभूति लय के आविष्कार के रूप में तथा अछूते बिंबों की कलात्मक योजना के रूप में.” कहना न होगा कि उन्होंने अपने काव्य में अपने इस वक्तव्य को चरितार्थ किया है. उनकी कविताओं में प्रकृति अनेक भावों का आलंबन रही है. विशेष रूप से ग्राम्य प्रकृति. वे गाँव से शहर की ओर प्रस्थान करते हैं और फिर शहर से गाँव की ओर, पर कहीं भी उनमें अतीतजीवी ठहराव नहीं दिखाई देता. इनकी कविताओं में गाँव की प्राकृतिक आभा की अनेक छवियाँ दिखाई देती हैं. इस संबंध में उनका मत द्रष्टव्य है- “मैं गाँव का आदमी हूँ और दिल्ली में रहते हुए भी एक क्षण के लिए भी नहीं भूलता कि मैं गाँव का हूँ. यह गाँव का होना कोई मुहावरा नहीं है, बल्कि इसके विपरीत मेरे जीवन की एक गहरी लगाव भरी वास्तविकता है, जिसे मैं अनेक स्तरों पर जीता हूँ. साल के कम से कम डेढ़-दो महीने मैं गाँव में गुजारता हूँ और वहाँ के सुख-दुःख में हिस्सा लेता हूँ. दरअसल मुझे लगता है कि मेरे भीतर एक सहज किसान के लगाव काम करते हैं और यह अकारण नहीं है कि उससे जुड़े हुए अनेक संकेत शायद मेरी रचना में भी ढूँढ़े जा सकते हैं. इसके साथ ही एक और बात मैं महसूस करता हूँ और वह यह कि हिंदी कविता की अपनी परंपरा शुरू से ही गाँव से जुड़ी रही है. मैं आज की कविता को जब अत्यधिक नागरिक होते देखता हूँ तो मुझे कई बार अपने भीतर एक डर पैदा होता है कि कहीं वह अपना जातीय स्वरूप खो न दे. यह तय है कि आज हम उस तरह गाँव की तरफ लौट नहीं सकते, जैसे मध्ययुग के कवि कर सकते थे. पर यह मुझे बराबर लगता है कि गाँव की चेतना और आधुनिक जीवन की वास्तविकता के बीच एक संतुलनपूर्ण तनाव समकालीन हिंदी कवि के लिए जरूरी है. मेरी कोशिश उसी दिशा में है.” (मेरे समय के शब्द, पृ. 182). 

विश्वनाथ प्रसाद तिवारी का कहना है कि केदारनाथ सिंह की कविताओं में नदी, नाले, फूल, जंगल, तट धूप, सरसों के खेत, धानों के बच्चे, बन, सांध्यतारा, बसंत, फागुनी हवा, पकड़ी के पात, कोयल की कूक, पुरवा-पछुवा हवा, शरद प्रात, हेमंती रात, चिड़िया, घास, फुनगी आदि – बहुरूपी प्रकृति संसार रूपायित मिलेगा. उदाहरण स्वरूप देखें – “आदमी के जनतंत्र में/ घास के सवाल पर/ होनी चाहिए लंबी एक अखंड बहस/ पर जब तक वह न हो/ शुरूआत के तौर पर मैं घोषित करता हूँ/ कि अगले चुनाव में/ मैं घास के पक्ष में/ मतदान करूँगा/ कोई चुने या न चुने/ एक छोटी सी पत्ती का बैनर उठाए हुए/ वह तो हमेशा मैदान में है./ कभी भी.../ कहीं से भी उग आने की/ एक जिद है वह.” (घास, सृष्टि पर पहरा).

कविता और काव्य भाषा के संबंध में केदारनाथ सिंह का मत है कि कविता में स्वतः ही बिंब का निर्माण होता है. इसके कारण पूरी कविता विलक्षण हो जाती है. वह पाठकों को एक क्षण के लिए रुककर सोचने के लिए बाध्य कर देती है. वह इतना विवश कर देती है कि उस पर कोई सतही टिप्पणी न कर सके और न ही कोई अंतिम निर्णय पर पहुँच सके. इस संबंध में वे कहते हैं कि “गद्य से कविता जिन अर्थों में भिन्न होती है, उनमें से एक यह है कि वह पाठ प्रक्रिया के दौरान एक खास तरह की रचनात्मक बाधा उपस्थित करती चलती है. यह रचनात्मक बाधा कविता में जिन तत्वों के जरिए उत्पन्न की जा सकती है, उनमें सबसे प्रमुख है बिंब. बिंब पाठक को रोकता-टोकता चलता है और एक हद तक उसे विवश करता है कि वह रुके और सोचे और समग्र कविता के बारे में तुरत-फुरत कोई फैसला न दे दे. यह रचनात्मक बाधा शायद एक ऐसी कसौटी है जिस पर हम कविता का श्रेणी विभाजन कर सकते हैं. मुक्तिबोध की कविताएँ शायद इस तरह की बाधा सबसे ज्यादा उपस्थित करती हैं और मुक्तिबोध जिन कारणों से बड़े कवि हैं, उनमें यह प्रमुख है. यह अवश्य है कि बिंब अपने आप में कविता का साध्य नहीं है. वह हर हालत में संप्रेषण की एक लंबे समय से आजमाई हुई विधि है, जो आज के कवि के लिए, जिसके निकट भाषा दिनोंदिन अवमूल्यित होती जा रही है, बहुत महत्वपूर्ण है.” (मेरे समय के शब्द, पृ. 182). 

अक्सर साहित्य, आलोचना और कविता आदि की जरूरत को लेकर प्रश्न किया जाता है. इस पर टिप्पणी करते हुए कवि-आलोचक केदारनाथ सिंह कहते हैं कि “कविता की जरूरत है, क्योंकि वह मनुष्य के अस्तित्व की बुनियादी माँगों में से एक है.” (मेरे समय के शब्द, पृ. 185). कवि का मानना है कि कविता विषम परिस्थितियों में भी व्यवस्था की असाधारणता के भीतर से अपना रास्ता निकाल लेगी. वे ठोंक बजाकर कहते हैं कि कविता से अतिरिक्त माँग नहीं की जानी चाहिए. यह खुशफ़हमी भी नहीं पालनी चाहिए कि कविता क्रांति लाएगी; हाँ, क्रांति के लिए वातावरण अवश्य बना सकती है. वे कहते हैं कि “बेहतर होगा कि हम कविता से वही माँग करें, जो वह दे सकती है. मेरी मान्यता है, एक अच्छी कविता क्रांति के उपयुक्त वातावरण बनाने में सैकड़ों राजनैतिक प्रस्तावों से कहीं ज्यादा काम करती है.” (मेरे समय के शब्द, पृ. 186).

भाषा के बारे में केदारनाथ सिंह कहते हैं – “बिना कहे भी जानती है मेरी जिह्वा/ कि उसकी पीठ पर भूली हुई चोटों के/ कितने निशान हैं/ कि आती नहीं नींद उसकी कई क्रियाओं को/ रात-रात भर/ दुखते हैं अक्सर कई विशेषण./ कि राज नहीं – भाषा/ भाषा - भाषा सिर्फ भाषा रहने दो मेरी भाषा को/ अरबी-तुर्की बांग्‍ला तेलुगु/ यहाँ तक कि एक पत्‍ती के हिलने की आवाज भी/ मैं सब बोलता हूँ जरा-जरा/ जब बोलता हूँ हिंदी.” (हिंदी).

‘देवनागरी’ कविता को ही देखें- “यह मेरे लोगों का उल्लास है/ जो ढल गया है मात्राओं में/ अनुस्वार में उतर आया है कोई कंठावरोध.” (देवनागरी). 

केदारनाथ सिंह बंदिशों के नहीं, स्वतंत्रता के पक्षधर हैं. वे मनुष्य की ही स्वतंत्रता की बात नहीं करते बल्कि प्रकृति की हर चीज की स्वतंत्रता की बात करते हैं – “माटी को हक दो- वह भीजे, सरसे, फूटे, अंखुआए,/ इन मेडों से लेकर उन मेडों तक छाए,/ और कभी न हारे,/ (यदि हारे)/ तब भी उसके माथे पर हिले,/ और हिले,/ और उठती ही जाए-/ यह दूब की पताका-/ नए मानव के लिए!” (हक दो).

डॉ. परमानंद श्रीवास्तव का मानना है कि “केदारनाथ सिंह का काव्यसंसार आज के भारतीय समाज के प्रति गहरी संवेदनात्मक उन्मुखता या लगाव प्रमाणित करने वाला संसार है. इस संसार में पहले की अपेक्षा अधिक सहज यथार्थ दर्शन का साक्ष्य मिलेगा – वह सहजता मिलेगी जो चीजों की तह तक पाठक को ले जाने में अर्थ ग्रहण करती हो और वह आधुनिक ऐतिहासिक विवेक भी मिलेगा जो सामाजिक संघर्ष जैसी वास्तविकता को अधिक स्पष्ट देखने में सक्षम प्रतीत हो. अनुभव और शिल्प की कुछ खास रूढ़ियों में फँसी आज की कविता को नया मोड़ देने की कोशिश में केदारनाथ सिंह जैसे कवि एक बार स्वयं अपनी अब तक की रचना प्रक्रिया का पुनः परीक्षण करते दिखाई देते हैं.” (परमानंद श्रीवास्तव, कविता में संवेदना और विचार की घुलावट, शब्द और मनुष्य, पृ. 145). इसी कोशिश के तहत उन्होंने हिंदी काव्य भाषा को एक नया आयाम प्रदान किया है जिसका एक पक्ष लोकतत्व से चेतना प्राप्त करता है तो दूसरा बिंब विधायिनी नवोन्मेषकारी प्रतिभा से अनुप्राणित दीखता है. शैली की दृष्टि से उनका काव्य अत्यंत अर्थगर्भित होते हुए भी सहज संप्रेष्य है. इस संबंध में उनकी प्रसिद्ध कविता ‘अनागत’ की विवेचना करते हुए प्रो. रवींद्रनाथ श्रीवास्तव द्वारा दिए गए निष्कर्ष को यहाँ उद्धृत समीचीन होगा – “अर्थ संप्रेषण की इस प्रक्रिया के परिणामस्वरूप हम निर्जीव ‘अनागत’ को सजीव व्यक्तित्व धारण करते पाते हैं. हम देखते हैं कि व्यक्ति रूप में उसका निवास स्थल कवि व्यक्तित्व का ‘अवचेतन मन’ है जहाँ से ‘कौंधकर’ वह चेतन मन के दर्पण में अपना प्रतिबिंब डालता है और अपनी सत्ता का आभास कवि व्यक्तित्व को देता रहता है. वह न केवल चेतन मन के दर्पण में ‘कौंध’ कर अपने ठोस वस्तुरूप की प्रतिछवि डालता है अपितु ‘चीख’ कर अपने दर्द को अभिव्यक्त रूप देने वाले एक सजीव प्राणी के रूप में उभरता है. वह मानव रूप है अतः पीड़ा की संवेदनात्मक अनुभूति की उसमें क्षमता भी है. कवि व्यक्तित्व के साथ उसके मानवोचित संबंधों की स्थिति उसके जीवंत पक्ष की ओर संकेत देती है और कवि को विवश करती है कि उसकी चीखपूर्ण वाणी की सार्थकता का पता लगाए और उसके तथा अपने बीच के संबंधों की प्रकृति पर निर्णय दे.” (प्रो. रवींद्रनाथ श्रीवास्तव, अनागत : शैली का काव्यस्तर, शैलीतत्व : सिद्धांत और व्यवहार, पृ. 169, 1988, (सं) प्रो. दिलीप सिंह). 

वस्तुतः डॉ. केदारनाथ सिंह उन विरले कवियों में से हैं जिन्होंने अभिव्यक्ति के लिए ‘अतिकथन और मितकथन के बीच का रास्ता’ ‘बड़ी चिंता के साथ’ खोजा है. एक ओर वे प्रकृति और लोकसंपृक्ति के सहारे जमीन से जुड़ते हैं तो दूसरी ओर समकालीन जीवन के तनावों को भी बड़बोलेपन से बचकर साक्षी भाव के साथ चित्रित करते हैं. ऐसे कवि के समक्ष अभिधात्मक होने का खतरा सदा विद्यमान रहता है परंतु जैसा कि डॉ. रामस्वरूप चतुर्वेदी कहते हैं, बिंब का रास्ता अपनाकर उन्होंने सहज ही इस खतरे से अपनी कविता को बचा लिया है. “वे काव्य विकास के अपने हर दौर में वस्तु के स्तर पर जमीन से जुड़े रहे हैं और विधान के स्तर पर बिंब से. सामान्यतः जमीन की महिमा का बखान करने वाले अधिकतर कवि अभिधा और सपाटबयानी पर आश्रित रहते हैं जैसे नागार्जुन, सुमन या कि आगे चल कर धूमिल. केदारनाथ सिंह का रास्ता इनसे अलग है, जो कवि कर्म की दृष्टि से जितना कठिन है उपलब्धि की दृष्टि से उतना ही सर्जनात्मक.”(रामस्वरूप चतुर्वेदी, हिंदी साहित्य और संवेदना का विकास, पृ. 242)

शुक्रवार, 4 जुलाई 2014

मैं ऋणी हूँ!

12 जून 2014 को नजीबाबाद में परिलेख हिंदी साधक सम्मान समारोह में उस समय मैं कृतज्ञता और आनंद से भर कर मन ही मन रो दी जब पता चला कि आदरणीय मैडम डॉ. पूर्णिमा शर्मा द्वारा लिखे गए मेरे इस परिचय को पुस्तिका के रूप में प्रकाशित किया गया है. मैडम! मैं आजीवन आपकी ऋणी रहूँगी. 
--

नत नयन, प्रिय कर्मरत मन नीरजा 
-    डॉ. पूर्णिमा शर्मा


डॉ. गुर्रमकोंडा नीरजा 
सहज समर्पण भाव और विनम्रता से हिंदी की मौन सेवा में लगी रहने वाली डॉ. गुर्रमकोंडा नीरजा भाषा और साहित्य से अपेक्षाविहीन प्रेम करती हैं. उन्हें आज तक किसी ने किसी तरह की शिकायत करते नहीं सुना. असुविधाएँ हैं, तो हुआ करें. वे बस अपने कर्म में किसी निष्काम कर्मयोगी की भाँति लगी रहती हैं. ‘नत नयन, प्रिय कर्मरत मन’ – तोड़ती पत्थर! कभी कोई धन्यवाद दे दे तो तरल मुस्कान से चेहरा खिल उठता है. लेकिन ज्यादातर धन्यवाद कोई देता नहीं – लोग काम निकलवाने में तो माहिर होते हैं लेकिन अपनी ओर से आगे बढ़कर सहयोग व सहायता देने वालों को धन्यवाद देना कतई जरूरी नहीं समझते. ऐसा नहीं है कि डॉ. नीरजा लोगों के इस ‘नाशुक्रे’ स्वभाव को नहीं जानतीं लेकिन इसे क्या कहिए कि तमाम तरह के ‘थैंकलेस’ काम करने के अपने स्वभाव को बदलना ही नहीं चाहतीं. तो ऐसी हैं हमारी डॉ. गुर्रमकोंडा नीरजा. वे सदा हिंदी के नाम पर हर किसी का सहयोग करने को तत्पर रहती हैं और यही कारण है कि हैदराबाद के हिंदी जगत में – छात्रों, शोधार्थियों, अध्यापकों, पत्रकारों और साहित्यकारों के बीच – वे अच्छी खासी लोकप्रिय हैं. 


डॉ. गुर्रमकोंडा नीरजा का जन्म 11 मार्च 1975 को चेन्नै में हुआ. उनकी माताजी का नाम श्रीमती कुसुमा और पिताजी का नाम श्री गुर्रमकोंडा श्रीकांत है. माताजी सुशिक्षित गृहिणी हैं और पिताजी तेलुगु के सम्मानित पत्रकार एवं साहित्यकार. बचपन से ही नीरजा ने माँ से आत्मगोपन और पिता से गंभीरता का संस्कार पाया. उसी काल में उनके मन में कला, साहित्य, संगीत और नृत्य के प्रति प्रेम के बीज रोपे गए. आरंभिक शिक्षा-दीक्षा उन्होंने तमिल और अंग्रेजी माध्यम से प्राप्त की. घर में मातृभाषा तेलुगु का व्यवहार सीखा तथा तीन वर्ष की आयु से ही हिंदी की भी विधिवत शिक्षा प्राप्त की. मैट्रिक के बाद उन्होंने चिकित्सा संबंधी क्षेत्र में जाने का सपना देखा और विज्ञान विषयों की विधिवत पढ़ाई की. इसी बीच उन्हें अपने पिता और परिवार सहित चेन्नै से हैदराबाद आना पड़ा. दरअसल उनके पिता चेन्नै से प्रकाशित होने वाली पत्रिका ‘सोवियत भूमि’ के तेलुगु संस्करण के संपादक थे जो सोवियत संघ के विघटन के बाद बंद हो गई. श्रीकांत जी सपरिवार हैदराबाद आ गए और कई वर्ष तक आंध्र प्रदेश के लोकप्रिय नेता-अभिनेता श्री एन.टी. रामाराव के पी.आर.ओ. के रूप में कार्यरत रहे. एन.टी.आर. के निधन के बाद तेलुगु समाचार पत्रों ‘उदयम’ और ‘वार्ता’ में काम किया. कुछ वर्ष वे ‘वार्ता’ समूह द्वारा संचालित पत्रकारिता विद्यालय के प्राचार्य भी रहे. परिवार के इस साहित्य और राजनीति मिश्रित परिवेश को आत्मसात करते हुए डॉ. जी. नीरजा ने 1995 में माइक्रोबायोलॉजी, जेनेटिक्स और केमिस्ट्री विषय लेकर उस्मानिया विश्वविद्यालय से प्रथम श्रेणी में बी.एससी. उत्तीर्ण की. इसके बाद मेडिकल लैब टेक्नोलॉजी में पीजी डिप्लोमा भी कर डाला. जैसा कि होना था, इस पाठ्यक्रम के बाद वे एक वर्ष अपोलो अस्पताल में माइक्रोबायोलॉजिस्ट के रूप में कार्यरत रहीं. अर्थात चिकित्सा संबंधी क्षेत्र में जाने का सपना पूरा हो गया. लेकिन पारिवारिक संस्कार शायद इस सपने से अधिक प्रबल था. भाषा और साहित्य का प्रेम बार-बार जोर मारता था. और एक दिन संस्कार ने सपने को जीत लिया. नीरजा ने वह नौकरी छोड़ दी और हिंदी क्षेत्र में छलांग लगा दी. 



2000 ई. में गुर्रमकोंडा नीरजा ने दक्षिण भारत हिंदी प्रचार सभा के उच्च शिक्षा और शोध संस्थान से प्रथम श्रेणी में एमए हिंदी की उपाधि अर्जित की तथा स्वर्ण पदक प्राप्त किया. सौभाग्यवश उन्हें प्रो. दिलीप सिंह जैसे भाषावैज्ञानिक और प्रो. ऋषभ देव शर्मा जैसे साहित्य मर्मज्ञ अध्यापकों का अहेतुक स्नेह मिला तथा इन दोनों गुरुजन की प्रेरणा से उन्होंने अनुवाद समीक्षा और अनुवाद तुलना जैसे अछूते क्षेत्र में शोधकार्य का निर्णय लिया. 2001 में उन्होंने ‘कुरुक्षेत्र : अंग्रेजी अनुवाद की समीक्षा’ पर एमफिल की शोधोपाधि प्राप्त की तथा एक और स्वर्ण पदक अर्जित किया. आगे उन्होंने ‘श्रवणकुमार कृत उपन्यास ‘प्रेत’ : अंग्रेजी अनुवाद का संदर्भ’ विषय पर शोधप्रबंध प्रस्तुत करके 2006 में पीएचडी उपाधि प्राप्त की. अपने इन शोधकार्यों के आधार पर डॉ. जी. नीरजा को बहुभाषाविद अनुवाद समीक्षक के रूप में प्रतिष्ठा प्राप्त हुई. इस अवधि में उन्होंने स्नातकोत्तर अनुवाद डिप्लोमा और पत्रकारिता डिप्लोमा की परीक्षाएँ भी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण कर डालीं.



एमए के बाद से ही गुर्रमकोंडा नीरजा ने कई विद्यालयों में हिंदी अध्यापन का कार्य आरंभ कर दिया था. पीएचडी के बाद 2007 में उन्हें उच्च शिक्षा और शोध संस्थान, दक्षिण भारत हिंदी प्रचार सभा के हैदराबाद परिसर में प्राध्यापक के रूप में विधिवत नियुक्ति प्राप्त हो गई. और यहाँ से शुरू हुआ भाषा और साहित्य की सेवा का उनके जीवन का नया अध्याय. उन्होंने अपनी निष्ठा और श्रमशीलता के आधार पर अल्प अवधि में ही छात्रों के मन में अपनी जगह बना ली. उन्हें स्नातकोत्तर कक्षाओं में सामान्य भाषाविज्ञान, अनुवाद विज्ञान, व्यतिरेकी विश्लेषण, अन्य भाषा शिक्षण, प्रयोजनमूलक हिंदी और समाजभाषाविज्ञान जैसे विषयों की विशेषज्ञ के रूप में जाना जाता है. 



शोध निर्देशक के रूप में भी डॉ. गुर्रमकोंडा नीरजा की उपलब्धियाँ प्रशंसनीय रही हैं. उनके निर्देशन में संपन्न शोधकार्यों की सूची के अवलोकन से यह पता चलता है कि उनका ज्ञान क्षेत्र कितना व्यापक एवं वैविध्यपूर्ण है. उनके द्वारा निर्देशित तुलनात्मक साहित्य और अनुवाद समीक्षा संबंधी शोधकार्यों में तेलुगु-हिंदी कविताओं में विद्रोही चेतना, विश्वनाथ सत्यनारायण कृत ‘वेयिपडगलु’ का हिंदी अनुवाद ‘सहस्रफण’ : अनुवाद समीक्षा, एन. गोपि कृत तेलुगु काव्य ‘कालान्नि निद्रपोनिव्वनु’ का हिंदी अनुवाद : तुलनात्मक अध्ययन, माधवीकुट्टी कृत मलयालम उपन्यास ‘वंडीकालकल’ का हिंदी अनुवाद, मुदिकोंडा शिवप्रसाद के तेलुगु उपन्यास ‘रेज़िडेंसी’ का हिंदी अनुवाद : अनुवाद समीक्षा एवं अनुवाद मूल्यांकन जैसे शोधकार्य सम्मिलित हैं. इसी प्रकार भाषा संबंधी शोधकार्य के रूप में वाणिज्यिक हिंदी : समस्याएँ और संभावनाएँ (बैंकिंग हिंदी के विशेष संदर्भ में) का उल्लेख किया जा सकता है. मीडिया विमर्श जैसे नए क्षेत्र में शोध कराना अत्यंत चुनौतीपूर्ण कार्य है. डॉ नीरजा ने इस चुनौती को स्वीकार करते हुए अलका सरावगी के उपन्यास ‘एक ब्रेक के बाद’ में मीडिया विमर्श, हिंदी ब्लॉगिंग में महिला ब्लॉगरों का योगदान विषयों पर भी शोधकार्य कराए हैं. स्त्री विमर्श डॉ. नीरजा का विशेष रुचि क्षेत्र है जिसका प्रमाण उनके द्वारा निर्देशित महुआ माजी के उपन्यास ‘मैं बोरिशाइल्ला’ में स्त्री विमर्श, चंद्रकांता कृत ‘हाशिए की इबारतें’ में स्त्री विमर्श, नीलम कुलश्रेष्ठ के कहानी संग्रह ‘हैवेनली हेल’ में स्त्री विमर्श, सिम्मी हर्षिता के उपन्यास ‘जलतरंग’ में स्त्री विमर्श, विष्णु प्रभाकर के उपन्यास ‘अर्द्धनारीश्वर’ में स्त्री विमर्श, मनोज सिंह के उपन्यास ‘कशमकश’ में स्त्री विमर्श जैसे शोधप्रबंध बाकायदा देते हैं. इसी प्रकार दलित, आदिवासी और अल्पसंख्यक विमर्श का क्षेत्र भी उन्होंने अछूता नहीं छोड़ा है. इस संदर्भ में उनके द्वारा निर्देशित के.एस. तूफ़ान का दलित विमर्श : ‘टूटते संवाद’ का विशेष संदर्भ, मधुकर सिंह के उपन्यास ‘बाजत अनहद ढोल’ में आदिवासी विमर्श, नई शती के कथा साहित्य में अल्पसंख्यक विमर्श (मुस्लिम समाज के विशेष संदर्भ में) शीर्षक शोधकार्यों का अवलोकन किया जा सकता है. उनके द्वारा निर्देशित अन्य शोधप्रबंधों में श्रीलाल शुक्ल के साहित्य का समाजशास्त्रीय अध्ययन, पुनर्जागरण के संदर्भ में बालकृष्ण भट्ट कृत ‘निबंधों की दुनिया’ का अनुशीलन, अनंत काबरा के कविता संग्रह ‘पड़ाव पर ठहरे कदम’ में सामाजिक यथार्थ, विश्वनाथ अय्यर के ललित निबंधों में दक्षिण भारत की झलक, रामदरश मिश्र के उपन्यास ‘जल टूटता हुआ’ में आंचलिकता, हरिशंकर परसाई के निबंधों में व्यक्तित्व और वैचारिकता (‘निबंधों की दुनिया’ का विशेष संदर्भ), कमलेश्वर के कहानी संग्रह ‘देस-परदेस’ में चित्रित सामाजिक समस्याएँ, उषा प्रियंवदा के कहानी संग्रह ‘एक कोई दूसरा नहीं’ में वस्तु और शिल्प, क्षमा शर्मा के कहानी संग्रह ‘रास्ता छोड़ो डार्लिंग’ में मध्यवर्ग, श्रीलाल शुक्ल के उपन्यास ‘राग दराबारी’ में राजनैतिक चेतना, अमरकांत के उपन्यास ‘सूखा पत्ता’ में आधुनिकताबोध, राजेंद्र अवस्थी की कहानियों में आधुनिकताबोध, रामदरश मिश्र की कहानियों में ग्राम चेतना शामिल हैं. 


'परिलेख हिंदी साधक सम्मान' समारोह (12/6/2014) के अवसर पर प्रकाशित  परिचय पुस्तिका का आवरण 


नीरजा को कविताएँ लिखने का शौक छात्र जीवन से रहा. यदाकदा छपती भी रहीं. लकिन जब 2008 में उन्हें दक्षिण भारत हिंदी प्रचार सभा की द्विभाषी (हिंदी-तेलुगु) साहित्यिक मासिक पत्रिका ‘स्रवंति’ के संपादन का दायित्व मिला, तब से उनके लेखन में नियमितता आई. यही समय था जब उन्होंने गंभीरता से तेलुगु के पुराने-नए साहित्य का अध्ययन आरंभ किया और सहज सरल भाषा शैली में तेलुगु साहित्य तथा साहित्यकारों के संबंध में लिखना आरंभ किया. उनके तेलुगु भाषा-साहित्य विषयक लेखन को ‘स्रवंति’ के साथ साथ उनके ब्लॉग ‘सागरिका’ के माध्यम से पर्याप्त लोकप्रियता प्राप्त हुई. उनके ऐसे लेखों का एक संग्रह ‘तेलुगु साहित्य : एक अवलोकन’ शीर्षक से 2012 में पुस्तकाकार प्रकाशित हुआ जिसे सुधी पाठकों और विद्वानों का भरपूर स्नेह मिला. शीर्षस्थ तेलुगु कवि प्रो. एन.गोपि ने इस कृति की प्रशंसा करते हुए लिखा कि “तेलुगु भारत में हिंदी के बाद सबसे ज्यादा बोली जाने वाली भाषा है. अतः तेलुगु में निहित साहित्यिक धरोहर से हिंदी जगत को परिचित कराना अत्यंत आवश्यक है. डॉ. नीरजा केवल विदुषी भर नहीं अपितु समय समय पर अपने आप को अद्यतन रखने वाली आलोचक भी हैं. इसलिए वे स्वाभाविक रूप से इतिहास बोध से भी संपन्न हैं. खास तौर पर समकालीन तेलुगु साहित्य को वे जिस दृष्टि से देख रही हैं, वह निरंतर परिवर्तित होते साहित्य के अनुशीलन का परिचायक है.” इसी प्रकार प्रमुख हिंदी भाषावैज्ञानिक प्रो. दिलीप सिंह ने भूमिका में कहा कि “गुर्रमकोंडा नीरजा ने तेलुगु साहित्य का परिचयात्मक आकलन अपनी इस पुस्तक में दिया है. लेखिका ने जटिलता भरे विस्तार की जगह उन मुद्दों को उभारने की कोशिश की है जिनसे तेलुगु साहित्य की सामाजिकता अथवा लौकिकता का उद्घाटन हो सके और इसके जरिए तेलुगु साहित्य में मनुष्य और मनुष्यता का जो भाव प्रारंभ से ही अंतर्भुक्त है, उभार पा सके. जी.नीरजा की यह पैनी दृष्टि ही पुस्तक की प्राण-रेखा है.” इस पुस्तक की प्रशंसा करते हुए प्रो. ऋषभ देव शर्मा ने लिखा है कि “पुस्तक ‘तेलुगु साहित्य : एक अवलोकन’ में लेखिका डॉ. जी.नीरजा ने तेलुगु के अनेक प्रतिष्ठित साहित्यकारों का साहित्यिक परिचय देते हुए जहाँ एक ओर इस बात का खयाल रखा है कि सूचना और विवेचन दोनों का मणिकांचन संयोग हो सके, वहीं यह भी ध्यान रखा है कि इन निबंधों के माध्यम से हिंदीभाषी समाज आंध्र प्रदेश के सामाजिक-सांस्कृतिक वैशिष्ट्य को भी हृदयंगम कर सके. विषयवस्तु की दृष्टि से यह निबंध संग्रह तेलुगु साहित्य के विविध कालों, विविध विधा प्रकारों, विविध प्रवृत्तियों और विविध साहित्यकारों को समेटे हुए है.” इतना ही नहीं, महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय, वर्धा के अनुवाद एवं निर्वचन विद्यापीठ के अधिष्ठाता प्रो. देवराज ने नीरजा की इस पुस्तक की विस्तृत समीक्षा करते हुए ‘संकल्य’ मासिक में लिखा है कि “गुर्रमकोंडा नीरजा की इस पुस्तक में अन्नमाचार्य, कृष्णदेव राय, त्यागराज, वीरेशलिंगम पंतुलु, कशीनाथुनि नागेश्वराराव पंतुलु, गुरजाडा वेंकट अप्पाराव, उन्नव लक्ष्मीनारायण, जनकवि श्री श्री, दिगंबर कवि ज्वालामुखी, त्रिपुरनेनि गोपीचंद, आरुद्रा, डी. कामेश्वरी आदि के साहित्यिक अवदान के बारे में भी जानकारी उपलब्ध कराई गई है. स्मरणीय है कि भारतीय नवजागरण का सांस्कृतिक और साहित्यिक परिदृश्य वीरेशलिंगम पंतुलु और गुरजाडा अप्पाराव जैसे कालजयी रचनाकारों के कृतित्व को जाने बिना नहीं समझा जा सकता. नीरजा की पुस्तक से पता चलता है कि वीरेशलिंगम पंतुलु आंध्र साहित्य के भारतेंदु हैं. उन्हें गद्य ब्रह्म और गद्य तिक्कना भी कहा जाता है. उन्होंने आंध्र में जाति-विरोध आंदोलन का सूत्रपात किया था. वे लिखती हैं, “तत्कालीन सामाजिक और राजनैतिक परिस्थितियों से प्रभावित होकर वीरेशलिंगम ने जनता को चिर निद्रा से जगाया, चेताया, स्त्री सशक्तीकरण को प्रोत्साहित किया, स्त्री शिक्षा पर बल दिया, बालविवाह का खंडन किया, विधवा पुनर्विवाह का समर्थन किया और ज़मींदारी प्रथा का विरोध किया. उनकी कथनी और करनी में कोई अंतर दिखाई नहीं देता. उन्होंने 11 दिसंबर, 1881 को प्रथम विधवा पुनर्विवाह संपन्न करवाया जिसके कारण उनकी कीर्ति देश-विदेश में फ़ैल गई. वीरेशलिंगम पंतुलु ने अपने एक-सौ तीस ग्रंथों से तेलुगु साहित्य को समृद्ध किया, जिनमें राजशेखर चरित्रमु जैसा मौलिक उपन्यास तथा कालिदास के अभिज्ञान शाकुंतलम का तेलुगु रूपांतर शामिल है.” प्रो. देवराज ने आगे लिखा है कि “वर्तमान में भारतीय भाषाओं के साहित्य और भारतीय साहित्य पर नए सिरे से विमर्श की शुरूआत हुई है. इस परिघटना में हिंदी समालोचना से सबसे अधिक सक्रियता की अपेक्षा है. जो समीक्षक हिंदी में हिंदी के इतर भाषाओं और उनके साहित्य पर केंद्रित कार्य करने में समर्थ हैं वे भारतीय साहित्य की परिकल्पना को यथार्थ बनाने में वास्तविक रचना-घटक की भूमिका निभा सकते हैं. इस अभियान में इतनी सावधानी भी ज़रूरी है कि उनके द्वारा प्रतुत सामग्री विश्लेषणपरक और प्रामाणिक हो. उसमें अंतिम निष्कर्ष देने की जल्दबाजी न हो. गुर्रमकोंडा नीरजा भारतीय साहित्य के इस अभियान से जुड़ने को संकल्पबद्ध हुई हैं, उन्हें मेरी शुभकामनाएँ; और उनसे यह अपेक्षा भी कि वे अपने अध्ययन में और अधिक गंभीरता, और अधिक गहराई लाने की कोशिश करेंगी.” 



नीरजा अध्यापक, संपादक, समीक्षक और कवयित्री तो हैं ही, बहुभाषाविद होने के नाते अच्छी अनुवादक भी हैं. उन्होंने हिंदी से तमिल और तेलुगु में तथा अंग्रेजी से हिंदी व हिंदी से अंग्रेजी में काफी साहित्यिक और साहित्येतर पाठों का अनुवाद किया है. तेलुगु के नागार्जुन माने जाने वाले प्रजाकवि पद्मविभूषण डॉ. कालोजी नारायणराव की जन्मशताब्दी पर विशेष रूप से प्रकाशित 100 कविताओं के हिंदी अनुवाद कार्य से वे अनुवादक मंडल के एक सदस्य के रूप में तो संबद्ध रहीं ही, अनुवाद-संपादन का कार्य भी अत्यंत मनोयोग और सफलता से निभाया जिसकी तेलुगु और हिंदी दोनों ही के साहित्यिक हलकों में भूरि भूरि प्रशंसा हुई है. 



परिचयकर्ता  डॉ. पूर्णिमा शर्मा और सम्मानित  डॉ. जी. नीरजा 
हिंदी भाषा और साहित्य की निष्काम सेवा में रत डॉ. नीरजा के काम पर विभिन्न साहित्यिक और शैक्षणिक संस्थाओं का ध्यान जाना स्वाभाविक है. यही कारण है कि उन्हें कई सम्मानों-पुरस्कारों से नवाजा जा चुका है जिनमें आंध्र प्रदेश हिंदी अकादमी का ‘युवा लेखक पुरस्कार (2012)’ तथा तमिलनाडु हिंदी साहित्य अकादमी का ‘साहित्य सेवी सम्मान (2014)’ उल्लेखनीय हैं. इतना ही नहीं, 2012 में जब हैदराबाद से भाषा, संस्कृति और विचारों की अंतरराष्ट्रीय मासिक पत्रिका ‘भास्वर भारत’ आरंभ हुई तो उसके संपादक-प्रकाशक डॉ. राधेश्याम शुक्ल ने डॉ. नीरजा को मानद साहयक संपादक के रूप में उसमें शामिल करना आवश्यक समझा. 



कुलमिलाकर यह कहना उचित होगा कि डॉ. गुर्रमकोंडा नीरजा हिंदी और तेलुगु के बीच साहित्यिक सेतुबंध के महान अनुष्ठान में अपना शक्तिभर योगदान करने में सदा निरभिमान हिंदी सेवी की तरह तत्पर रहती है.उनको ''परिलेख हिंदी साधक सम्मान -2014'' से सम्मानित किया जाना उचित ही है. मैं उनके उज्ज्वल भविष्य और समृद्ध जीवन के लिए शुभकामना करती हूँ. 



-   डॉ. पूर्णिमा शर्मा, 



208 ए, सिद्धार्थ अपार्टमेंट, गणेश नगर, रामंतापुर, हैदराबाद – 500013, मो. 08125336300

रविवार, 25 मई 2014

नहीं रहे जादुई यथार्थवाद के जादूगर !

गेब्रियल गार्सिया मार्केज़
6 मार्च 1927 - 17 अप्रैल 2014
गेब्रियल गार्सिया मार्केज़ उर्फ गाबो ! यह नाम हिंदी साहित्य जगत के लिए अपिरिचित नाम नहीं है; अंग्रेजी साहित्य जगत के लिए तो सुपरिचित है ही. ‘वन हंड्रेड इयर्स ऑफ सॉलिटयूड’ (1967) के रचनाकार के रूप में विश्वविख्यात साहित्यकार मार्केज़ भले ही भौतिक रूप से साहित्य जगत से विदा ले चुके हैं पर अपनी कालजयी कृतियों के माध्यम से पाठकों के हृदय में अमिट छाप छोड़ गए हैं. 

मार्केज़ का जन्म 6 मार्च 1927 को कोलंबिया के अरैकाटैका (Aracataca) में हुआ था. उनका बचपन ननिहाल में गुजरा. उनके नाना कर्नल निकोलास रिकर्डो मार्केज़ ने गेब्रियल को परियों की कहानियों के स्थान पर युद्धों की भीषण त्रासदी के विवरण सुनाकर उन्हें यथार्थ दुनिया के साथ जोड़ा. दूरसे ओर, उनकी नानी जादुई कहानियों को इस तरह सुनाती थीं कि सुनने वाले उन्हें सच मान बैठते थे. इस तरह ग्रेब्रियल के मन पर बचपन से ही एक छाप जादूई किस्म की कहानियों की पड़ी और दूसरी छाप यथार्थपरक किस्सों की. इनका इतना गहरा प्रभाव उनके अचेतन पर पड़ा कि बाद में वह जादुई यथार्थवाद की शैली के रूप में उनकी रचनाओं में प्रस्फुटित हुआ. उनकी राजनैतिक एवं साहित्यिक विचारधारा के गठन में भी काफी हद तक इन कहानियों का योगदान रहा. अतः कहा जा सकता है कि गेब्रियल के व्यक्तित्व और वैचारिकता के निर्माण में उनके नाना-नानी का योगदान उल्लेखनीय है. 

कोलंबिया राष्ट्रीय विश्वविद्यालय में क़ानून की पढ़ाई के साथ साथ गेब्रियल मार्केज़ ने अपनी आजीविका पत्रकारिता से शुरू की. 1948 और 1949 में उन्होंने ‘एल यूनिवर्सल’ (El Universal) में काम किया तथा 1950-1952 तक रोम और पैरिस में ‘स्पेक्टेटर’ के संवाददाता के रूप में कार्यरत रहे. उसके बाद उन्होंने 1959 से 1961 तक हवाना और न्यूयार्क में क्यूबा की संवाद एजेंसी के लिए काम किया. उनके लिए पत्रकारिता आजीविका थी और साहित्य शौक. 

गेब्रियल गार्सिया मार्केज़ के उपन्यासों में ‘इन ईविल अवर’ (In Evil Hour, 1962), ‘वन हंड्रेड इयर्स ऑफ सॉलिटयूड’ (One Hundred Years of Solitude,1967), ‘द ऑटम ऑफ द पैट्रिआर्क’ (The Autumn of the Patriarch, 1975), ‘लव इन द टाईम ऑफ कॉलेरा’ (Love in the Time of Cholera, 1985), ‘द जेनरल इन हिस लेबरिंथ’ (The General in His Labyrinth, 1989) तथा ‘ऑफ लव एंड अदर डेमंस’ (Of Love and Other Demons,1994) काफी चर्चित हैं. लघुउपन्यासों में ‘लीफ स्टॉर्म’ (Leaf Storm, 1955), ‘नो वन राइट्स टु द कर्नल’ (No One Writes to the Colonel, 1961), ‘क्रॉनिकल ऑफ ए डेथ फोरटोल्ड’ (Chronicle of a Death Foretold, 1981) तथा ‘मेमोरीज ऑफ माइ मेलंकॉली व्होर्स’ (Memories of My Melancholy Whores, 2004) उल्लेखनीय हैं. उनकी अन्य प्रमुख रचनाएँ हैं – कहानी संग्रह : ‘आइज़ ऑफ ए ब्लूडॉग’ (Eyes of a Blue Dog, 1947), ‘बिग मामास फ्युनरेल’(Big Mama's Funeral, 1962), ‘द इनक्रेडिबल एंड सैड टेल ऑफ इन्नोसेंट एरंडीरा एंड हर हार्टलेस ग्रैंडमदर’ (The Incredible and Sad Tale of Innocent Erendira and Her Heartless Grandmother (1978), ‘स्ट्रेंज पिल्ग्रिम्स’ (Strange Pilgrims, 1993) आदि. 

उनका प्रथम लघुउपन्यास ‘लीफ स्टार्म’ 1955 में प्रकाशित हुआ था. इसमें लेखक ने एक ऐसे बच्चे के अनुभवों, अनुभूतियों तथा मानसिक स्थिति को मार्मिक ढंग से अभिव्यक्त किया है जिसने जिंदगी में पहली बार मृत्यु से साक्षात्कार किया है. यह वस्तुतः एक मनोवैज्ञानिक उपन्यास है जो बालक के मनोविज्ञान को परत-दर-परत खोलता है. साथ ही इसमें लेखक ने कर्नल की बेटी इसाबेल के दृष्टिकोण को उजागर किया है जिसमें उत्तरआधुनिक विमर्श, मुख्य रूप से स्त्री विमर्श, के अनेक पहलू उभर कर सामने आए हैं. उसके बाद वे लगातार सृजनात्मक साहित्य लिखते रहे. शिल्प और शैली की दृष्टि से उनकी रचनाएँ श्रेष्ठ मानी जाती हैं. 

1972 में नोबेल पुरस्कार से सम्मानित उनके कालजयी उपन्यास ‘वन हंड्रेड इयर्स ऑफ सॉलिटयूड’ (One Hundred Years of Solitude,1967) आज भी बहुचर्चित है. कहा जाता है कि 18 वर्ष की आयु से ही गेब्रियल के मन में बचपन की स्मृतियों को अक्षरबद्ध करने की प्रबल इच्छा थी. यह इच्छा समय के साथ बलबती होती गई. अपने विचारों एवं बचपन की स्मृतियों को कथासूत्र के एक निश्चित साँचे में ढालने के लिए वे जूझते रहे. पूरे उपन्यास को लिखने के लिए उन्हें डेढ़ साल लग गया. उस समय उनके परिवार की आर्थिक स्थिति दयनीय हो गई. परिवार को चलाने के लिए उधार लेना पड़ा. लेकिन जब 1967 में यह उपन्यास पुस्तक के रूप में पाठक जगत के सामने आया तो उनकी आर्थिक समस्याएँ दूर हो गईं. इसकी 2 करोड़ से अधिक प्रतियाँ बिक चुकी हैं. विश्व की लगभग 37 भाषाओं में इसका अनुवाद हो चुका है. 

‘वन हंड्रेड इयर्स ऑफ सॉलिटयूड’ (एकांत के सौ वर्ष). 363 पृष्ठों के इस उपन्यास में लेखक ने एक काल्पनिक परिवार बुएंदिआ (Buendia) की सात पीढ़ियों की कथा को एकसूत्र में पिरोया है. इस कहानी का घटना स्थल कोलंबिया देश के ओरिनोको नदी के तट पर स्थित माकोंदो नामक शहर है. इस शहर को बुएंदिआ परिवार का पितामह जोस आर्कादियो बुएंदिआ (Jose Arcadio Buendia) स्थापित करता है. इस उपन्यास में लेखक ने सच (यथार्थ) और जादू का सम्मिश्रण बखूबी किया है. संपन्न जीवन जीने के लिए एक दिन जोस आर्कादियो बुएंदिआ अपनी पत्नी के साथ कोलंबिया से किसी दूसरे शहर में बसने के लिए जाता है. रात को वे दोनों ओरिनोको नदी के किनारे रुक जाते हैं. जोस अजीब सपना देखता है. उस सपने में पूरी तरह से शीशों से भरा हुआ एक शहर देखता है जो दुनिया की सब चीजों के बारे में जानकारी देता है. वह मन ही मन निश्चय कर लेता है कि वह नदी के तट पर स्थित उस माकोंदो शहर को ढूँढ़ निकालेगा. वह इधर उधर भटकता है. जंगल जंगल घूमता है और पाता है कि वह एक स्वप्नलोक है. आदर्शलोक है. वह यह पाता है कि माकोंदो शहर एक द्वीप है. वहाँ से जोस अपनी धारणाओं के अनुसार दुनिया का आविष्कार करने लगता है. बुएंदिआ परिवार बदकिस्मती का शिकार हो जाता है. समुद्री तूफ़ान शीशों के शहर माकोंदो को तहस नहस कर देता है. कथा के अंत में एक पात्र उस अनबूझे रहस्य को विखंडित करता है जिसके कारण बुएंदिआ परिवार सात पीढ़ियों से शापग्रस्त है. उस रहस्यमय संदेश में हर वह सूचना निहित होती है जिसके कारण सौभाग्य और दुर्भाग्य बुएंदिआ परिवार के साथ होते हैं. 

इस उपन्यास में प्रयुक्त जादुई यथार्थवादी शैली ने सबका ध्यान आकृष्ट किया है. एक ओर लेखक ने सच्ची घटनाओं को आधार बनाकर उपन्यास का सृजन किया तो दूसरी ओर बीच बीच में जादुई घटनाओं का मिश्रण भी बखूबी किया है. लेखक ने प्रतीकों और रूपकों के माध्यम से कथासूत्र को बुना है. एक महत्वपूर्ण बात यह है कि इस उपन्यास में लेखक ने उत्तर कोलंबिया के माकोंदो शहर से संबंधित ऐतिहासिक तथ्यों को उजागर किया है. साथ ही मुख्य पात्रों के चित्रण में अतीत और समय की जटिलताओं को पिरोया गया है. उपन्यास के आदि से लेकर अंत तक सभी पात्र भूतों से साक्षात्कार करते हैं. भूत यहाँ प्रतीक हैं अपने अतीत के जो व्यक्ति को हर वक्त हांट करता है. मार्केज़ ने रंगों को भी प्रतीकों के रूप में प्रयोग किया है. इस उपन्यास में पीतवर्ण और सुवर्ण का ज्यादा प्रयोग दिखाई पड़ता है. ये दोनों ही वस्तुतः साम्राज्यवाद के प्रतीक हैं. सुवर्ण आर्थिक स्थिति का द्योतक है तथा पीतवर्ण परिवर्तन, विनाश और मृत्यु का द्योतक है. माकोंदो शहर बदकिस्मती का द्योतक है. कथा के अंत तक आते आते शीशों का शहर मृगतृष्णा का द्योतक बन जाता है. माकोंदो शहर वह सुनहरा शहर है जिसे निर्मित करने के लिए अमेरिका ने लोगों को दिवास्वप्न दिखाया और अंततः वह केवल एक मृगतृष्णा साबित हुई. इसी यथार्थ को इस उपन्यास में बड़े रोचक ढंग से दर्शाया गया है. इस उपन्यास में मार्केज़ ने लेटिन-अमेरिकी सांस्कृतिक घटकों को भी उभारा है. साथ ही, आशा, आकांक्षा, सुख, दुःख, भय, अकेलापन, संत्रास, विसंगति और मृत्युबोध आदि का चित्रण भी प्रभावी बन पड़ा है. 

8 दिसंबर 1982 को गेब्रियल गार्सिया मार्केज़ को साहित्य के क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार प्रदान किया गया था. यह पुरस्कार प्राप्त करने वाले प्रथम कोलंबिया निवासी गेब्रियल गार्सिया मार्केज़ ही हैं. 17 अप्रैल 2014 को मेक्सिको में उनका देहावसान हो गया. कोलंबिया के राष्ट्रपति ने अपनी श्रद्धांजलि में उन्हें ‘सार्वकालिक महानतम कोलंबियन’ के रूप में याद किया. 

हम उनकी स्मृति के नमन करते हैं.