शुक्रवार, 19 फ़रवरी 2021

डॉ. गुर्रमकोंडा नीरजा की दो पुस्तकें लोकार्पित

हैदराबाद, 19.2.2021 (मीडिया विज्ञप्ति)।

'तेलुगु साहित्य : एक अंतर्यात्रा' का लोकार्पण 


यहाँ दक्षिण भारत हिंदी प्रचार सभा के खैरताबाद स्थित परिसर में विगत 11 फरवरी को डॉ. गुर्रमकोंडा नीरजा की दो पुस्तकों ‘तेलुगु साहित्य : एक अंतर्यात्रा’ और ‘कुछ कोलाहल, कुछ सन्नाटा’ का लोकार्पण संपन्न हुआ। समारोह की अध्यक्षता करते हुए सभा के सचिव श्री जी. सेल्वराजन ने कहा कि एक तेलुगुभाषी लेखिका के रूप में डॉ. नीरजा की उपलब्धियों पर सभा गर्व का अनुभव करती है।

दोनों पुस्तकों का लोकार्पण लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, नई दिल्ली के कुलपति और केंद्रीय हिंदी निदेशालय के निदेशक डॉ. रमेश कुमार पांडेय ने किया। उन्होंने लेखिका को बधाई देते हुए कहा कि हिंदीतरभाषी हिंदी सेवियों ने ही हिंदी को भारत की राष्ट्रभाषा बनाया है। उन्होंने आगे कहा कि डॉ. नीरजा की ये दोनों पुस्तकें हिंदी और तेलुगु भाषा-समाजों के बीच सेतु को सुदृढ़ करने वाली हैं।

विशेष अतिथि के रूप में पधारे केंद्रीय हिंदी निदेशालय के उपनिदेशक डॉ. राकेश कुमार शर्मा ने यह जानकारी दी कि विमोचित पुस्तकों में सम्मिलित ‘तेलुगु साहित्य : एक अंतर्यात्रा’ के लिए लेखिका को केंद्रीय हिंदी निदेशालय से एक लाख रुपए का ‘हिंदीतरभाषी हिंदी लेखक पुरस्कार’ भी प्राप्त हुआ है। उन्होंने इस पुस्तक में शामिल तेलुगु भाषा और साहित्य विषयक सामग्री को भारतीय साहित्य के विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।

'कुछ कोलाहल, कुछ सन्नाटा' का लोकार्पण

लोकार्पित पुस्तकों की समीक्षा करते हुए प्रो. ऋषभदेव शर्मा ने कहा कि ‘कुछ कोलाहल, कुछ सन्नाटा’ में जहाँ कवयित्री की हिंदी में रचित मौलिक कविताएँ शामिल हैं, वहीं उनके द्वारा किया गया हिंदी, तमिल और तेलुगु के कुछ प्रसिद्ध रचनाकारों की कविताओं का अनुवाद भी सम्मिलित है। उन्होंने बताया कि ‘तेलुगु साहित्य : एक अंतर्यात्रा’ में जहाँ तेलुगु भाषा और साहित्य के उदय से लेकर इक्कीसवीं सदी तक के विकास को अलग-अलग निबंधों के माध्यम से दर्शाया गया है, वहीं इसमें सम्मिलित 76 तेलुगु साहित्यकारों का ‘परिचय कोश’ इसकी उपादेयता को और भी बढ़ा देता है।

लेखिका का परिचय देते हुए शिक्षा महाविद्यालय की प्राध्यापक डॉ. के. चारुलता ने कहा कि डॉ. गुर्रमकोंडा नीरजा बहुभाषाविद लेखिका हैं और उन्होंने साहित्यिक मासिक पत्रिका ‘स्रवंति’ के सह-संपादक के रूप में साहित्य जगत में अपनी विशेष पहचान बनाई है।

इस अवसर पर दक्षिण भारत हिंदी प्रचार सभा और शिक्षा महाविद्यालय, हैदराबाद की ओर से लेखिका का भावभीना अभिनंदन किया गया। 000


- वुल्लि श्रीसाहिती 
304, मेधा टावर्स, राधाकृष्ण नगर
अत्तापुर, हैदराबाद - 500048 

सोमवार, 8 फ़रवरी 2021

Role of Language Classrooms in Transforming the students into Better Citizens


I got an opportunity to hear the renowned Resouce Person Prof. Gopal Sharma (Professor, Department of English Language and Literature, Arba Minch University, Ethiopia) on "THE ROLE OF LANGUAGE CLASSROOMS IN TRANSFORMING THE STUDENTS INTO BETTER CITIZENS" in an international webinar conducted by English department of Sardar Patel College, Secunderabad in collaboration with IQAC.

I am presenting a zist of it what I recollected.

1. It's a well known fact that every language has 4 SKILLS - LSRW - Listening, Speaking, Reading📖 and ✍️Writing. But there is one more skill which is very important and that is the CRITICAL THINKING. This will transform students 👩 into better students👩‍🎓

2. Language is the medium of expression. So we have to use positive ➕ language. We can comment on one's behavior to change them and their arrogant attitude but we should never comment ON THEM. If we comment on them there is a possibility for that student Or a person to develop negativity ❎ We should never hurt one's feelings with our vocabulary. So we should be careful while speaking. We should never use such a language which focuses on the weakness of a person. We should use the language that focuses on self-esteem.

3. Every student 👩‍ is unique and different. Hence the teacher 👩‍🏫‍ should be flexible and also should give space to students. And the student👩‍🎓 should also be responsible. Flexibility should not be taken for granted.

4. Most of the things can be corrected ✅ if we adopt ALLNESS AND TOGETHERNESS along with the INVOLVEMENT.

5. Always a teacher 👩‍🏫‍ should be an observant. When he or she is an observant then they can create a lively, interactive and a happy atmosphere in the classroom.

6. An observant teacher can bring out the unique talents hidden in the students. A teacher should become a role model for the students.

7. A teacher can expect more from the students. High expectations must be there so that they can encourage students to face challenges and to prove themselves.

8. Everyone should cross the gender wall to achieve the goal.

9. We all should know that THE REAL CLASSROOM IS AN EXTENDED FORM. IT IS NOT RESTRICTED TO THE FOUR 4⃣ WALLS.

10. Hence keep a broader aspect. We are all equally responsible to create a healthy atmosphere in the classrooms.

11. Then definitely students 👩‍🎓can be transformed into better CITIZENS.

"WE SEEK HARM TO NONE
AND HARMONY TO ALL" (AMANDA GORMAN)

(This is just a zist of what I recollected.)

'नई कविता : साहित्यिक और सामाजिक संदर्भ' पर व्याख्यान

 

हिंदी विभाग, तमिलनाडु केंद्रीय विश्वविद्यालय, तिरुवारूर, तमिलनाडु द्वारा आयोजित एकदिवसीय व्याख्यान में विषय विशेषज्ञ के रूप में प्रतिष्ठित तेवरीकार, कवि, भाषाविद, समीक्षक और शिक्षाविद प्रो. ऋषभदेव शर्मा ने "नई कविता: साहित्यिक और सामाजिक संदर्भ" पर विस्तृत रूप से प्रकाश डाला.

उनके व्याखान का सार संक्षेप यहाँ प्रस्तुत किया जा रहा है.

1. सामाजिक संदर्भ के बदलने से लोगों की चित्तवृत्ति बदलती है. साथ ही साहित्य का संदर्भ भी बदल जाता है.

2. दुनिया भर में घटित परिवर्तनों से भी जनता की चित्तवृत्ति में परिवर्तन आता है.

3. तार सप्तकीय प्रयोगवादी कविता एक तरह से 'नई कविता' की भूमिका है.

4. नई कविता को दो मुख्य धाराओं में विभाजित किया जा सकता है -
(अ) आत्मनिष्ठ या व्यक्तिनिष्ठ धारा और
(आ) समाजनिष्ठ या जनवादी धारा. इन दोनों धाराओं ने नई कविता को विस्तार दिया.

5. नई कविता एक आंदोलन के रूप में उस काल खंड का एक हिस्सा है अर्थात स्वतंत्रता प्राप्ति से लेकर इमर्जेंसी लगने तक का समय.

6. नई कविता का सामाजिक संदर्भ उसके साहित्यिक अवदान का आधार बनाकर अभिव्यक्ति पक्ष में ढलता है.

7. नई कविता में 'नई' शब्द नवीन या काल सापेक्ष न रहकर विशिष्ट/ नए भाव बोध को व्यक्त करता है तथा 'कविता' शब्द अभिव्यक्ति के नए माध्यम और नए शैली रूपों को व्यक्त करता है.

8. 1920 में डी. एच. लारेंस ने 'न्यू पोयट्स' शीर्षक पुस्तक का संपादन किया. यहीं से नवलेखन के संदर्भ में 'न्यू/ नया' शब्द की शुरूआत हुई।

9. 1950 के आसपास समसामयिक कविता को 'न्यू पोयट्री/ न्यू वर्स' कहा जाने लगा. इसमें 'नई कविता' के वैश्विक साहित्यिक संदर्भ के सूत्र निहित हैं।

10. जी. एस. फ्रेज़र ने उस समय के नए काव्य को 'न्यू मूवमेंट' कहा.

11. डेनाल्ड हाल ने नए अमेरिकी काव्य को 'न्यू पोयट्री' कहा.

12. 1952 में आकाशवाणी, पटना के एक प्रसारण में अज्ञेय ने 'नई कविता' शब्द का प्रयोग किया. इससे पहले इलाहाबाद की 'परिमल' नामक संस्था द्वारा आयोजित एक गोष्ठी में पहली बार इस पदबंध का प्रयोग हुआ था।

13. डॉ. रामविलास शर्मा: “अज्ञेय ने सन् '37 में निराला के लिए जो लिखा था “एज ए लिटररी फोर्स, एट ऐनी रेट, निराला इज़ आलरेडी डेड", वही बात सन् '61 की नई पीढ़ी ने अज्ञेय के लिए दुहराई।"

14. 'नई कविता' की विशिष्ट संवेदना या साहित्यिक व सामाजिक लक्ष्य हैं -
¶ आधुनिक सभ्यता के आंतरिक संघर्ष की अभिव्यक्ति
¶ वैज्ञानिक एवं रूढ़ चिंतन के बीच टकराव की अभिव्यक्ति
¶ परंपरा का पुनर्मूल्यांकन
¶ बढ़ते मशीनीकरण के प्रभाव की अभिव्यक्ति
¶ युद्ध की विभीषिका का चित्रण
¶ इकाई व्यक्ति को महत्व

15. नई कविता में इकाई व्यक्ति के अस्तित्व के लिए संघर्ष है, जिजीविषा है.

16. 1990 के बाद जो विमर्शीय कविता उभरी, उसकी भूमिका नई कविता के अस्तित्व/ अस्मिता की खोज वाले मूल्य से तैयार होती है.

17. नई कविता में जहाँ 'व्यक्ति' की जिजीविषा और अस्तित्व के संघर्ष की बात है, वहीं आगे चलकर विमर्शीय कविता में यह व्यक्ति हाशियाकृत समुदाय में बदल जाता है. उस समुदाय की जद्दोजहद ही विमर्श है. जैसे स्त्री/ दलित/ अल्पसंख्यक/ आदिवासी/ इतरलिंगी विमर्श।


शुक्रवार, 1 मई 2020

रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ की कहानियों में सुधारवादी दृष्टिकोण

साहित्यकार समाज से जुड़ा हुआ उत्तरदायी प्राणी होता है। कोई भी उत्तरदायी साहित्यकार जागरूक होता है और वह अपने समय के यथार्थ से असंतुष्ट रहता है चूँकि समाज में चारों ओर विसंगतियाँ और विकृतियाँ होती हैं। ऐसी स्थिति में साहित्य अपने आप में सुधारवादी होता है। यदि यह कहा जाए कि आदर्श और मूल्य सुधारवादी दृष्टिकोण के आधार तत्व हैं या प्रतिरूप हैं तो गलत नहीं होगा। एक तरह से आदर्श समाज की इच्छा करना सुधारवादी दृष्टिकोण का ही परिचायक है। रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ एक ऐसे ही जागरूक तथा उत्तरदायी साहित्यकार हैं। उनके साहित्य में पग-पग पर सुधारवादी दृष्टिकोण को भलीभाँति देखा जा सकता है। इसीलिए वे कहते हैं 
“लक्ष्य उसका क्या निहित, गंतव्य उसका कहाँ है, 
आज ढूँढ़ो व्यक्ति को ये भटकता भी जहाँ हैं।
सोच कोरी रह गई
हर श्वास दूषित हो गई,
आज तो बस हर कदम पर 
मनुजता भी रो रही।
आज तो सब छोड़ कर, इनसान ढूँढ़ो कहाँ है?
आज ढूँढ़ो व्यक्ति को ये भटकता भी जहाँ है।
आदर्श का चोला लिए/ अब बात लंबी हो गई,
मतलब नहीं इस बात का, कि
क्या गलत है क्या सही।
खो गया क्यों सत्य ढूँढ़ो, सत्यवादी कहाँ है?
आज ढूँढ़ो व्यक्ति को ये भटकता भी जहाँ है।
बंधु-बांधव को समझना 
अब दिखावा रह गया,
प्रेम था वह है कहाँ
स्वार्थ में सब बह गया।
कहाँ है आत्मीयता,बंधुत्व खोया कहाँ है?
आज ढूँढ़ो व्यक्ति को ये भटकता भी जहाँ है।” (इनसान ढूँढ़ो कहाँ हैं?)।



उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जनपद के ग्राम पिलानी में 15 अगस्त, 1959 को जन्मे रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने पत्रकारिता में एम.ए. तथा पीएच.डी. की उपाधियाँ अर्जित की हैं। वे कवि के साथ-साथ उपन्यासकार, कहानीकार, बाल साहित्यकार, यात्रावृत्तकार, निबंधकार और संपादक हैं। वे अनेक सम्मानों से सम्मानित हो चुके हैं। समर्पण, नवांकुर, मुझे विधाता बनना है, तुम भी मेरे साथ चलो, मातृभूमि के लिए, जीवन पथ में, कोई मुश्किल नहीं, प्रतीक्षा, ए वतन तेरे लिए आदि उनके कविता संग्रह हैं तो रोशनी की एक किरण, बस एक ही इच्छा, क्या नहीं हो सकता, भीड़ साक्षी है, खड़े हुए प्रश्न, विपदा जीवित है, एक और कहानी, मेरे संकल्प, टूटते दायरे, मील का पत्थर, केदारनाथ आपदा की सच्ची कहानियाँ आदि कहानी संग्रह हैं। निशांत, मेजर निराला, बीरा, पहाड़ से ऊँचा, छूट गया पड़ाव, अपना पराया, पल्लवी, प्रतिज्ञा, भागोंवाली, शिखरों से संघर्ष और कृतघ्न उनके उपन्यास हैं। मेरी व्यथा-मेरी कथा पत्र संकलन है। सफलता के अचूक मंत्र, भाग्य पर नहीं परिश्रम पर विश्वास करें, संसार कायरों के लिए नहीं और सपने जो सोने न दें आदि व्यक्तित्व विकास से संबंधित कृतियाँ हैं। उनके साहित्य को देश-विदेश में विश्व की विभिन्न भाषाओं जैसे- जर्मन, अंग्रेजी, फ्रेंच, तेलुगु, मलयालम, मराठी, कन्नड आदि में अनूदित किया जा चुका है।

रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ की दृष्टि सुधारवादी है। वे मनुष्यता को कायम रखने की बात करते हैं। उनकी कहानियों में आदर्श की स्थिति को देखा जा सकता है। वे यथार्थ की परिस्थितियों की ओर पाठकों का ध्यान आकर्षित करते हैं, उन्हें सोचने के लिए बाध्य करते हैं और उन परिस्थितियों को सुधारने के लिए राह भी सुझाते हैं। वे मानवीय मूल्यों एवं आदर्श परिवार को प्रमुखता देते हैं। ‘दे सको तो’ शीर्षक कहानी में कामिनी नितिन को उसके परिवार से अलग करना चाहती है। लेकिन नितिन यह सहन नहीं कर सकता। वह किसी भी हालत में अपने भाई से अलग नहीं होना चाहता। माता-पिता, भाई और छोटी बहन को वह पहले ही खो चुका था और शेष बचा हुआ है उसका एक मात्र भाई जिससे भी कामिनी दूर करना चाहती है। लेकिन नितिन “उससे अलग रहना तो दूर अलग होने की कल्पना तक नहीं कर सकता।” (निशंक : 2007. पृ. 8)। ज्यादा खुशियाँ पाकर नितिन सहम जाता है कहीं “ये खुशियाँ गम के बादल न बन जाएँ।” (वही)। इसीलिए वह कामिनी से कहता है कि “दे सको तो मुझे वचन दो कि मुझे भाई से अलग होने की बात नहीं कहोगी।” (वही)। यहाँ निशंक एक आदर्श परिवार की कल्पना करते हैं और यह दर्शाते हैं कि एक बार रिश्तों से दूर हो जाएँगे तो वापस मिल नहीं सकते। ‘दरार कहाँ पड़ी’ शीर्षक कहानी में भी परिवार के महत्व को दर्शाया गया है। मंगल की पत्नी कंपनी में नौकरी करती है। अहं की टकराहट के कारण छोटी-छोटी बातों पर दोनों झगड़ते रहते हैं। रिश्तों में कड़ुवाहट आ जाती है। मंगल अपने दोस्त से आक्रोश में कह उठता है - “इसने तो वर्षों पहले मुझे जीते जी मार डाला, सबसे संबंध तोड़ डाला, मेरे माँ-बाप, भाई-बहन किसी से भी तो रिश्ता नहीं रहा मेरा।” (2007 : 36)। निशंक ऐसी स्थितियों से दूर रहने की सलाह देते हैं और बार-बार इस बात पर बल देते हैं कि मिलजुलकर रहने में ही सबकी भलाई है चूँकि इन सबका बुरा प्रभाव बच्चों पर पड़ता है। रिश्तों के बीच कड़ुवाहट अहं के कारण ही बढ़ती है। नौकरी करने वाली स्त्री के बारे में पुरुष यह सोचता है कि “सर्विस वाली लड़की का मतलब पूरा परिवार अस्त-व्यस्त।” (2007 : 12)। निशंक मानते हैं कि इस दकियानूसी सोच में बदलाव आना जरूरी है; तभी परिवार का वातावरण स्वस्थ रहेगा और बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव होगा।

स्त्री को अपने से कमतर और कमजोर समझने वाले पुरुष उसकी सत्ता को बर्दाश्त नहीं कर सकते हैं। ऐसी मानसिकता से ग्रस्तपति पत्नी पर अधिकार जमाता है और गुस्से में उस पर हाथ भी उठाता है। ‘दरार कहाँ पड़ी’ शीर्षक कहानी का मंगल गुस्से में पत्नी को ज़ोर से पेट पर लात मारता है। (2007 : 34)। मंगल की पत्नी स्वावलंबी है। वह मंगल के व्यवहार से आहत हो उठती है और कहती है कि “किसी की भीख पर नहीं जी रही हूँ। नौकरी करती हूँ नौकरी! ठाठ से रहूँगी और अलग रहूँगी तो कम से कम ये रोज-रोज का सिर दर्द तो मेरा दूर होगा।” (2007 : 35)। निशंक अपने स्त्री पात्रों को कमजोर नहीं पड़ने देते बल्कि अन्याय के खिलाफ संघर्ष करने के लिए तथा अभद्र पुरुष व्यवहार के विरुद्ध आवाज उठाने के लिए प्रेरित करते हैं।

समाज में चारों ओर भष्ट तंत्र पनप चुका है। लोकतंत्र इतना भ्रष्ट हो चुका है कि ईमानदार व्यक्ति चारों तरफ़ से पिस रहा है। “अब तो ठीक काम करने वाले दंडित होते हैं, उन्हें सजा मिलती है।” (2007: 23)। ईमानदार व्यक्ति को ही दर दर भटकना पड़ता है। अधिकारियों की चापलूसी न करें तो उसकी सजा भुगतनी पड़ती है स्थानांतरण के रूप में। ‘किसे दोष दूँ’ शीर्षक कहानी के धर्मेंद्र को नौकरी में कभी भी इच्छित स्थान नहीं मिल पाता। हर बार आवेदन पत्र देता है पर उसे आश्वासन के सिवाय कुछ नहीं मिलता। और तो और तीन-चार साल में इतना जरूर होता है कि यदि वह पश्चिम माँगता तो उसका पूरब दिशा में स्थानांतरण कर दिया जाता । अपनी इस हालत पर आक्रोश व्यक्त करते हुए वह कहता है कि “कुछ भ्रष्ट और क्रूर लोगों के कारण मुझे यह खामियाजा भुगतना पड़ा”। (2007 : 29)। निशंक अपने पाठक को सचेत करते हैं कि भले ही मुसीबतों का सामना करना पड़ जाए पर कभी भी ईमानदारी की राह से न हटें क्योंकि भगवान के घर में देर है अंधेर नहीं।

समाज में गरीबी और आर्थिक समस्या के कारण बेरोजगारी, रिश्वतख़ोरी, मौकापरस्ती और भ्रष्टाचार का साम्राज्य है। यदि मंत्री की सिफ़ारिश न हो तो पैसे खिलाने की हिम्मत होनी चाहिए। यदि वह भी न हो तो प्रतिभा होने के बावजूद नौकरी नहीं मिलेगी। आज तो ईमानदार लोगों को उँगलियों पर गिना जा सकता है। स्थिति यह है कि “पैसा दो और नौकरी लो, सब बिके हुए हैं।” (2007 : 14)। लेकिन इस भ्रष्ट तंत्र से ऊब कर आत्महत्या करने के लिए सोचने वाले युवाओं को निशंक यह संदेश देते हैं कि ईमानदार रहकर मेहनत करने से क्या नहीं हो सकता। नौकरी के चक्कर में पड़कर मालिक बनने की इच्छा रखते हैं तो लघुउद्योग शुरू करके भी तो अपने पैरों पर खड़े हो सकते हैं। इस प्रकार निशंक युवा पीढ़ी में सकारात्मक सोच को विकसित करते हैं।

नेता भी भ्रष्ट होते जा रहे हैं। अपने स्वार्थ के लिए शहर में हड़ताल करवाते हैं, दुकानें बंद करवाते हैं और तोड़-फोड़ करवाते हैं। इन सबसे जनता को नुकसान झेलना पड़ता है। गरीब मजदूरों की स्थिति तो और भी दयनीय होती है। दंगे-फसाद में बच्चे भूखों मरते हैं और जनता को जान से हाथ धोना पड़ जाता है। निशंक अपने पात्रों के माध्यम से इस भ्रष्ट तंत्र पर टिप्पणी करते हैं कि “एक तरफ राजनीतिक पार्टियाँ बंद और चक्का-जाम करती हैं, दूसरी ओर ट्रेड यूनियनों के नेता आए दिन हड़ताल करवाते हैं, बचे थे सरकारी कर्मचारी तो वे भी अब इससे अछूते नहीं रहे। रोज-रोज का चक्कर हो गया है ये। सबको अपनी-अपनी राजनैतिक रोटियाँ सेंकने से मतलब है। जरा मेहनत करें तो पता चले इनको।” (2007 : 19)। मेहनत करने वाले ज़िंदगी के महत्व को समझते हैं अतः वे इस तरह के ओछे काम नहीं करते। यह तो कम दिमाग वालों का काम होता है। ऐसे व्यक्तियों से न तो दोस्ती अच्छी है और न ही दुश्मनी। इसलिए रहीम भी कह गए –‘रहिमन ओछे नरन सो, बैर भली ना प्रीत।/ काटे चाटे स्वान के, दोउभाँति विपरीत।’

महँगाई दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है। उसके विरोध में हड़ताल की जाती है।लेकिन उस हड़ताल के कारण आम जनता को पिसना पड़ता है। इस पर निशंक का पात्र यह कहकर टिप्पणी करता है कि “महँगाई ने भी तो आसमान छू लिया है। रोज़मर्रा की चीजों के दाम तो इतने बढ़ गए हैं कि सामान्य वर्ग की तो कमर ही टूट जाएगी।” (2007 : 20)। पर हड़ताल और बंद से महँगाई घट तो नहीं जाएगी न! ऐसे बंद और हड़ताल से काम-काज ठप्प पड़ेगा। इससे देश को करोड़ों का नुकसान भुगतना पड़ेगा।निशंक व्यंग्य कसते हैं कि “आने वाला बच्चा पैदा होने से पहले ही विदेशी कर्जवान बना है।” (2007 : 20)।

लालच और लोभ के चक्कर में पड़कर आदमी अपनी बात से मुकर जाता है। पहले यह स्थिति थी कि दुष्ट और अपराधियों को सजा मिलती थी लेकिन आज यह स्थिति है कि अपराधी और हत्यारे चिल्ला-चिल्लाकर हत्याएँ कर रहे हैं और खुले आम सीना चौड़ा करके घूम रहे हैं। पुलिस कुछ नहीं कर पा रही है। भ्रष्ट अधिकारी-कर्मचारियों की अधिक से अधिक सजा निलंबन है।जेल में सरकार महीनों तक उन्हें मेहमान बनाकर खिलाती-पिलाती है। (2007 : 22)। निशंक भारतीय रेल व्यवस्था पर भी टिप्पणी करते हैं। टी.टी.बीस-तीस रुपए के आरक्षण पर खुलकर लोगों से सौ-सौ रुपए लेता है। लोगों की मजबूरी का फायदा उठाता है। यदि गरीब के पास पाँच रुपया कम मिले तो उसे डिब्बे से बेरहमी से उतार देता हैऔर ऊपर से ईमानदारी का पाठ पढ़ाता है!

निष्कर्षतः यह कहा जा सकता है कि डॉ. निशंक अपनी कहानियों में समाज की वास्तविकताओं का चित्रण करते हुए भ्रष्ट व्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाते हैं और श्रेष्ठ मानवीय गुणों से युक्त आदर्श की स्थापना की दिशा में अपने पाठक को प्रेरित करना चाहते है। इस प्रकार उनकी कहानियाँ स्वस्थ समाज के निर्माण के प्रति उनके सकारात्मक दृष्टिकोण की परिचायक हैं।