मंगलवार, 21 दिसंबर 2021

कविता को समझने के लिए ....



तू काव्य :
सदा-वेष्टित यथार्थ
चिर-तनित,
भारहीन, गुरु,
अव्यय।

तू छलता है
पर हर छल में
तू और विशद, अभ्रान्त,
अनूठा होता जाता है। (अज्ञेय)

कविता सहृदय और संवेदनशील मनुष्य के मन की उपज है। इसे एक निश्चित परिभाषा में बाँधना कठिन कार्य है। फिर भी अनेक विद्वानों ने इसे पारिभाषित करने का प्रयास किया है। कविता को पारिभाषित करते हुए रामचंद्र शुक्ल ने अपने निबंध ‘कविता क्या है?’ में कहा है कि ‘कविता मनोवेगों को उत्तेजित करने का एक उत्तम साधन है।’ काव्यशास्त्र में इन्हीं मनोवेगों को रस कहा जाता है।

भारतीय काव्यशास्त्रियों ने कवि और कविता को उदात्त माना है। भारतीय काव्यशास्त्र में कवि को महत्व दिया गया है। भरतमुनि समेत अनेक आचार्यों ने काव्य के गुणों की चर्चा की है। आनंदवर्धन ने तो कवि को प्रजापति कहा है (अपारे काव्य संसारे कविरेव प्रजापति)। पाश्चात्य दार्शनिक प्लेटो ने कविता को उन्माद कहा है, तो विलियम वर्ड्सवर्थ ने कविता को तीव्र मनोभावों का सहज उच्छलन कहा है। चाहे कोई भी कुछ भी कहे, साहित्य अथवा कविता व्यक्ति के आंतरिक मनोभावों की अभिव्यक्ति है। सृजनात्मकता का परिचायक है। कविता की शक्ति का एक बड़ा उदाहरण यह है कि भारत के स्वतंत्रता आंदोलन के समय कविता ने जनमानस को जागृत करने का कार्य किया है। कवि के सामने अनेक तरह की चुनौतियाँ रहती हैं। जब तक पाठक काव्य-वस्तु में नहीं डूबेंगे, तब तक कविता के अर्थ को समझ नहीं पाएँगे। इस ‘डूबने’ की प्रक्रिया को विद्यानिवास मिश्र शब्दार्थ-व्यापार कहते हैं, ‘क्योंकि शब्द ही डूबने का प्रेरक भी है, शब्द ही तिरने का साधन भी।’ (विद्यानिवास मिश्र, रीतिविज्ञान, पृ. 35)। वे आगे यह कहते हैं कि ‘कविता बोलचाल की भाषा से ही नहीं, एकदम भदेसी एवं अंतरंग अनगढ़ बोलचाल की भाषा से शब्द लेने के लिए लाचार हो जाती है।’ (वही, पृ. 47)। कहने का तात्पर्य है कि कवियों की मानसिकता में जैसे-जैसे परिवर्तन होगा, वैसे-वैसे कविता के प्रतिमान बदलने लगेंगे। कविता को समझने के लिए सूक्ष्म दृष्टि की आवश्यकता होती है। मेरे हाथ एक ऐसी पुस्तक लगी जो कविता को समझने के लिए अत्यंत उपयोगी है। ‘हिंदी कविता : अतीत से वर्तमान’ (2021) शीर्षक यह पुस्तक कविता को समझने के लिए सहायक सिद्ध होगी। साहित्य रत्नाकर, कानपुर से प्रकाशित इस पुस्तक के रचनाकार हैं प्रसिद्ध तेवरीकार प्रो. ऋषभदेव शर्मा। इस पुस्तक को पढ़ते समय पाठकों में सहज जिज्ञासा जागृत होगी, क्योंकि इस पुस्तक ने यह स्पष्ट कर दिया है कि कवि महत्वपूर्ण नहीं है बल्कि महत्वपूर्ण है प्रवृत्तियाँ; और वे परिस्थितियाँ जिनके कारण प्रवृत्तियों का जन्म होता है।

इस पुस्तक में कुल आठ सोपान हैं। पहला सोपान है ‘नींव का परिवेश और विचारों की यात्रा’, जो विशेष रूप से 1950 के बाद की कविता को समझने में सहायक है। इसमें यह देखने को मिलता है कि 1950 से लेकर 1970 तक की काव्य-यात्रा का एक महत्वपूर्ण पक्ष है लोक जीवन और लोक संस्कृति तथा प्रकृति के साथ कविता का रागात्मक संबंध। इस कालखंड में अनेक काव्यांदोलन उभर कर सामने आए। इन आंदोलनों की पृष्ठभूमि में परिस्थितियों के प्रति आक्रोश और नए रास्ते खोजने की चाहत को प्रमुख रूप से देखा जा सकता है, जिनके कारण काव्य-स्थितियाँ बदलीं और नई प्रवृत्तियों का जन्म हुआ। परिवर्तनों को प्रोत्साहन मिला। कवियों की मानसिकता बदलने लगी। ‘परंपरा और परिवेश के बीच संवाद-सेतु के रूप में कार्य करने वाला कवि जब दोनों को ही आत्मसात कर लेता है, तब उस युग की सच्ची कविता पैदा होती है।’ (पृ. 38)। सो, हुई।

कविता और राष्ट्रीयता का गहरा संबंध होता है। दोनों को अलग करके देखना कठिन कार्य है। ‘कविता जिस परंपरा से जीवन ग्रहण करती है, वह किसी समाज और राष्ट्र की सांस्कृतिक परंपरा ही होती है।’ (पृ. 48)। साहित्य के विद्यार्थी यह भलीभाँति जानते हैं कि आठवें-नवें दशक की कविता का मूल स्वर यही ‘राष्ट्रीय चेतना’ है। इसे लेखक ने ‘देश के सिर से बहते हुए रक्त से कविता की बातचीत’ शीर्षक दूसरे सोपान में बखूबी उकेरा है। इसमें यह स्पष्ट कर दिया गया है कि ‘कविता ने व्यक्ति को देश के एकदम निकट ले जाने की कोशिश की है, क्योंकि उसकी निकटता प्राप्त किए बिना निर्माण की संभावनाएँ क्षीण हो जाती हैं। ... राष्ट्र-निर्माण के लिए गाँव को समझना और उसके जीवन को पहचानना अनिवार्य है।’ (पृ. 57)।

आधुनिक समाज को नियंत्रित करने वाले दो प्रमुख तत्व हैं - विज्ञान और परंपरागत सामाजिक मान्यताएँ तथा मूल्य। स्वस्थ समाज के निर्माण में इन दोनों की भूमिका को नकारा नहीं जा सकता। 1970 के बाद की परिस्थितियों पर दृष्टि केंद्रित करने से यह स्पष्ट होता है कि सामाजिक मूल्य तेजी से बदलने लगे। मूल्य-ह्रास की प्रक्रिया तेजी से शुरू हुई। इन परिस्थितियों ने कवि की रचनाशीलता को भी प्रभावित किया। परिणामस्वरूप कविता की प्रवृत्तियाँ बदलने लगीं। नई सभ्यता विकसित होने लगी। मनुष्य का जीवन दबावों के बीच फँस गया। ‘पारस्परिक प्रेम, सहानुभूति और परिचय के अभाव ने मनुष्य को एक कैलेंडर की शक्ल दे दी है, जिसमें वर्ष भर के समय का लेखा-जोखा तो होता है किंतु जीवंतता नहीं होती’ (पृ. 72), तो कवि पुनर्विचार करने के लिए प्रेरित हुआ। जनपक्षधरता का गुण उभरकर सामने आने लगा। इसका खुलासा ‘सामाजिकता, परंपराबोध और कविता’ शीर्षक तीसरे सोपान में हुआ है।

‘कविता और राजनीति का आमना-सामना’ शीर्षक चौथे सोपान में यह स्पष्ट कर दिया गया है कि ‘कविता ने जनपक्षीय राजनैतिक मूल्यों को ग्रहण करके राजनीति के यथार्थ तथा जनता के मन के आक्रोश को मुख्य रूप से अभिव्यक्ति दी है।’ (पृ. 99)। आज़ादी के बाद देश में धीरे-धीरे कुर्सीधर्मी राजनीति पनपने लगी। ‘हिंसा’ इस कुर्सीधर्मी राजनीति का दूसरा चरित्र है। सन सत्तर के बाद देश भर में जो हिंसक घटनाएँ हुईं उनके पीछे राजनीति का हाथ है। जन-प्रतिनिधि ‘रक्षक’ के बदले ‘भक्षक’ बनने लगे। व्यक्ति केंद्रित राजनीति पनपने लगी। तानाशाही का उदय होने लगा। जनता का मोहभंग होने लगा। उनके स्वप्न बिखरने लगे। निरंकुशता बढ़ने लगी। ऐसी स्थिति में संघर्ष अनिवार्य था। 1970 के बाद की कविता ने इन परिस्थितियों को चित्रित ही नहीं किया, बल्कि इनके कारण उत्पन्न असंतोष और आक्रोश को भी अभिव्यक्त किया।

1960 के आस-पास हिंदी कविता के क्षेत्र में अनके काव्यांदोलन हुए। जैसे नवगीत, अकविता, अभिनव कविता या एण्टी कविता, ताजी कविता, सांप्रतिक कविता, अस्वीकृत कविता, सचेतन कविता, बीट कविता, विद्रोही कविता, युयुत्सावादी कविता, साठोत्तरी कविता, सहज कविता, सनातन सूर्योदयी कविता, अगीत, ग़ज़ल, तेवरी, मंत्र कविता आंदोलन आदि। इनमें से कुछ आंदोलन आठवें-नवें दशक की कविता के साथ भी चलते देखे जा सकते हैं। ‘आंदोलनों के मंच पर बोलती कविता’ शीर्षक पाँचवे सोपान में इन आंदोलनों और परिस्थितियों का परिचय सम्मिलित है, जो हर पाठक को जानना बेहद जरूरी है।

1970 के बाद कविता जिन सामाजिक परिस्थितियों से प्रभावित हुई उनसे ‘कविता की समग्र दृष्टि से साक्षात्कार’ शीर्षक सोपान में परिचित हुआ जा सकेगा। सत्तर के बाद की कविता के संबंध में कुछ आक्षेप हैं। जैसे वक्तव्य की प्रधानता, शहरी वातावरण की प्रधानता, भारतीय जीवन की ठोस चुनौतियों का अभाव आदि। परंतु इस सोपान में यह स्पष्ट किया गया है कि ‘इस काल की कविता में जनवादी काव्यांदोलन नए तेवर और तैयारी के साथ उभरा। इन कविताओं में संघर्ष का तेवर मुख्य है और राजनीतिक तथा आर्थिक शोषण इनका उपजीव्य है।’ (पृ. 182)। उपलब्धियों की दृष्टि से इस दशक की कविता संपन्न कविता है।

इक्कीसवीं सदी की कविता में एक बार फिर कथात्मकता, छंद और लय की वापसी हुई। समकालीन रचनाधर्मिता के मर्म को जानना हो, तो ‘कविता की रचनाधार्मिता : जनपद और लोक’ शीर्षक सोपान से गुजरना काफ़ी है। लेखक ने यह प्रतिपादित किया है कि विश्वसनीयता, लोकचित्त, विचार, नई भाषा की तलाश आदि समकालीन रचनाधार्मिता के प्रमुख बिंदु हैं। उन्होंने यह भी निरूपित किया है कि इस कविता में स्थानीयता और तात्कालिकता के बावजूद सार्वभौमता और विश्वदृष्टि को साधा जा सका है।

उत्तर आधुनिक विकेंद्रीकरण के कारण समाज, राजनीति, साहित्य, कला और दर्शन आदि सभी क्षेत्रों में नए-नए खंड बन रहे हैं- स्त्री, दलित, आदिवासी, अल्पसंख्यक, किन्नर, किसान, वृद्ध आदि। कहने का आशय है कि हाशिये के भीतर धकेले गए समुदाय अब अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। ‘उत्तर आधुनिकता के क्षितिज पर विमर्शों का इंद्रधनुष’ शीर्षक अंतिम सोपान में इस बात की गहन चर्चा करते हुए लेखक ने विशेष रूप से दलित, स्त्री और आदिवासी विमर्श पर केंद्रित कविता का आकलन किया है और निरूपित किया है कि बहुकेंद्रीयता नई सदी के आरंभिक दशकों की मुख्य परिस्थिति भी है, और प्रवृत्ति भी।

अंततः कहना ही होगा कि कविता के क्षेत्र में अनुसंधानरत शोधार्थियों और शोध निर्देशकों के लिए ‘हिंदी कविता : अतीत से वर्तमान’ निश्चित रूप से एक आकर ग्रंथ सिद्ध होगा। यह पुस्तक बहुत ही प्रासंगिक है। इस पुस्तक को ध्यान से पढ़ेंगे तो आप अनेक प्रवृत्तियों और उप-प्रवृत्तियों को जरूर चिह्नित कर सकेंगे। लेकिन इसके लिए परिश्रम करना ही होगा। जिन खोजा तिन पाइयाँ, गहरे पानी पैठ, मैं बपुरा बूडन डरा, रहा किनारे बैठ! (कबीर)। लेखक ने समकालीन कविता के सागर में गहरा गोता लगाकर ही ये मोती खोजे हैं।

***

समीक्षित पुस्तक : हिंदी कविता : अतीत से वर्तमान तक
लेखक : ऋषभदेव शर्मा
प्रकाशन वर्ष : 2021
प्रकाशक : साहित्य रत्नाकर, कानपुर
पृष्ठ : 224
मूल्य : रु. 495/-

'महाबली' : संतन कहा सीकरी सों काम




यह अत्यंत हर्ष का विषय है कि 2021 का प्रतिष्ठित व्यास सम्मान असग़र वजाहत (5 जुलाई, 1946) को उनके नाटक ‘महाबली’ (2019) के लिए प्रदान किया जा रहा है। ‘स्रवंति’ परिवार की ओर से उन्हें हार्दिक अभिनंदन! स्मरणीय है कि वे हिंदी अकादमी दिल्ली के श्रेष्ठ नाटककार सम्मान (2009-10), संगीत नाटक अकादमी अवार्ड (2014), दिल्ली हिंदी अकादमी के सर्वोच्च शलाका सम्मान (2016) से अलंकृत हो चुके हैं।

असग़र वजाहत सुप्रसिद्ध नाटककार, कहानीकार, उपन्यासकार और व्यंग्यकार हैं। अँधेरे से (1977), दिल्ली पहुँचना है (1983), स्विमिंग पूल (1990), सब कहाँ कुछ (1991), मैं हिंदू हूँ (2006), डेमोक्रेसिया (2010) आदि उनके प्रसिद्ध कहानी संग्रह हैं। मुश्किल काम (2010) और भीड़तंत्र (2018) लघुकथा संग्रह हैं। 10 प्रतिनिधि कहानियाँ, मेरी प्रिय कहानियाँ, पिचासी कहानियाँ और असग़र वजाहत : श्रेष्ठ कहानियाँ - उनकी चयनित कहानियों के संग्रह हैं। फ़िरंगी लौट आये, वीरगति (1981), इन्ना की आवाज़ (1986), समिधा, जिस लाहौर नहीं देख्या ओ जम्याइ नई (1991), गोडसे@गांधी.कॉम (2012), पाकिटमार रंगमंडल आदि उनके प्रसिद्ध नाटक हैं। सबसे सस्ता गोश्त (2015) उनके 14 नुक्कड़ नाटकों का संग्रह है। सात आसमान (1996), पहर-दोपहर, कैसी आगी लगाई (2006), बरखा रचाई (2011), धरा अँकुराई (2014) उनके उपन्यास हैं। इनके अतिरिक्त उन्होंने आलोचना, धारावाहिक, यात्रावृत्तांत और पटकथाएँ भी लिखी हैं।

असग़र वजाहत ने लेखन की शुरूआत कहानी के माध्यम से की। इस पर प्रकाश डालते हुए एक साक्षात्कार में उन्होंने कहा है कि ‘सबसे पहले कहानी लिखी। उर्दू में लिखी पहली कहानी ‘वो बिक गई’ शहरे तमन्ना अख़बार में 1962-63 में अलीगढ़ में छपी थी।’ उनकी मान्यता है कि साहित्य को सार्थक दिशा नई चुनौतियों से मिलती है। रंगों से संवेदना प्रकट करना यदि कला है, तो शब्दों से संवेदना की अभिव्यक्ति लेखन है। उन्होंने इसी लेखन को अपना शस्त्र बनाया। अपने लेखन के संबंध उन्होंने कहा है, ‘अभिव्यक्ति या अपनी बात कहने और जो कुछ हमारे आस-पास हो रहा है इसका एक तरह से विरोध करने का जो कलात्मक जीवन हो सकता है या लोगों के बदलने और लोगों के अंदर कुछ इच्छाएँ जगाने की कोशिश की जा सकती है, उसके लिए अलग-अलग तरीके अपनाते हैं। इसके लिए मैंने लेखन को अपनाया।’ साहित्य में एक दौर ऐसा भी आया, जब अपशब्दों को यथार्थ की पहचान माना जाने लगा था। लेकिन असग़र वजाहत अपशब्दों के प्रयोग का यह कहकर खंडन करते हैं कि चटखारे के लिए अपशब्दों के प्रयोग कहानी को कमज़ोर व भद्दा बनाते हैं। अतः ऐसे प्रयोगों से साहित्यकार को बचना चाहिए।

असग़र वजाहत एक सफल नाटककार हैं। उन्हें यह पता है कि नाटक के माध्यम से न ही पैसा कमाया जा सकता है और न ही किसी का समर्थन, फिर भी उन्होंने इस विधा को सशक्त बनाया। उनका कहना है, ‘मैं अच्छी तरह जानता हूँ कि नाटक में न पैसा है, न प्रसिद्धि और न ही कोई सरकारी समर्थन या सहयोग। फिर भी नाटक लिख रहा हूँ। सिर्फ आत्माभिव्यक्ति और आत्म-संतुष्टि के लिए।’ आत्माभिव्यक्ति और आत्म-संतुष्टि के लिए लिखे गए नाटक ‘महाबली’ के कारण उन्हें आज व्यास सम्मान से पुरस्कृत किया जा रहा है।

‘महाबली’ नाटक के बारे में कहें तो यह नाटक सत्ता और कला के बीच के संबंधों पर आधारित है। इसमें मुगल सम्राट अकबर और तुलसीदास की बातचीत है जो सत्ता और कला के संबंधों पर विस्तृत प्रकाश डालती है। इस नाटक की भूमिका में स्वयं असग़र वजाहत ने इस बात की पुष्टि की है कि ‘सम्राट अकबर को अपने दरबार में प्रतिभाओं को जमा करने का शौक था। वह आज भी अपने नौ रत्नों के लिए जाना जाता है। नौ रत्नों के अतिरिक्त उसके दरबार में अलग-अलग प्रकार के विद्वान, धर्मशास्त्री, कलाविद् और हर क्षेत्र की प्रतिभाएँ दिखाई देती हैं। ऐसी स्थिति में सहज ही अनुमान लगाया जा सकता है कि सम्राट अकबर ने महाकवि तुलसीदास को अपने दरबार में बुलाने की कोशिश की होगी। इतिहास में इसका कोई प्रमाण नहीं मिलता। लेकिन इसकी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। नाटक में यह दर्शाया गया है कि सम्राट अकबार ने तुलसीदास को सीकरी बुलाया था और वे सीकरी नहीं गए। इस घटना के माध्यम से तुलसीदास और अकबर ही नहीं, बल्कि राजसत्ता और कला के पारस्परिक द्वंद्व को उभारा गया है।’

इतिहास में इसका कोई प्रमाण नहीं कि तुलसीदास और सम्राट अकबर दोनों की भेंट हुई थी। लेकिन असग़र वजाहत यह मानते हैं कि दोनों का मिलना जरूरी है। उन्होंने अपनी कल्पना को विस्तार दिया और दोनों के बीच संवाद स्थापित किया। और इस संवाद के माध्यम से उन्होंने लोकतंत्रीकरण, राजसत्ता और कला के संबंध में गहन विचार-विमर्श प्रस्तुत किए। वे नई पीढ़ी के रचनाकारों से यह अपील करते हैं कि ‘नई पीढ़ी के लेखकों को वही लिखना चाहिए जो वे पूरी तरह अनुभव करते हों। जिस पर उनका विश्वास हो। जो उन्हें दिल से निकली हुई बात लगती हो। नए लेखकों को किसी तरह का विशेष आग्रह लेकर नहीं चलना चाहिए।’

पुनश्च : दक्षिण भारत में असग़र वजाहत शोधार्थियों और शोध निर्देशकों में अति लोकप्रिय हस्ताक्षर हैं। उच्च शिक्षा और शोध संस्थान, दक्षिण भारत हिंदी प्रचार सभा के हैदराबाद केंद्र में ‘असग़र वजाहत के कहानी संग्रह ‘डेमोक्रेसिया’ में समकालीन बोध और व्यंग्य’ विषय पर मेरे ही निर्देशन में राहुल ने 2014 में लघुशोध प्रबंध प्रस्तुत किया था।

गुरुवार, 16 दिसंबर 2021

(पुस्तक समीक्षा) साहित्य, संस्कृति और भाषा

साहित्य, संस्कृति और भाषा (2021)
ऋषभदेव शर्मा
अमन प्रकशन, कानपुर
 पृष्ठ 200, मूल्य : रु 495



साहित्य, संस्कृति और भाषा – इन तीनों का परस्पर संबंध अटूट है क्योंकि देश-दुनिया की संस्कृति की जितनी प्रभावी अभिव्यक्ति साहित्य के माध्यम से संभव है, उतनी किसी अन्य माध्यम से नहीं; तथा यह अभिव्यक्ति भाषा पर निर्भर है। साथ ही, यह भी महत्वपूर्ण है कि ये तीनों सतत प्रवाहशील है, जड़ नहीं। साहित्य का मूल भाव ‘सहित’ है जो उसे संस्कृति का वाहक बनाता है। साहित्यकार अपने आस-पास के परिवेश से तथा अपने अनुभूत संसार से ही कथ्य ग्रहण करता है और उसे भाषाबद्ध करता है। वह अपनी संस्कृति और परिवेश को अपने अनुभवों के माध्यम से इस तरह शब्दों में पिरोता है कि पाठक को रोचक लगे। इसलिए जब हम किसी रचना को पढ़ते हैं तो उस देश-काल की स्थितियों एवं वहाँ की संस्कृति को आत्मसात करते चलते हैं। अतः इसमें कोई संदेह नहीं कि साहित्य मनुष्य की संवेदनात्मक क्षमता का परिणाम है।

इसी प्रकार संस्कृति मानव जीवन को संस्कारित करने में सहायक सिद्ध होती है। संस्कृति जीवन के मानवीय मूल्यों का पुंज है। और समय के साथ-साथ इन मूल्यों को संस्कारित करना पड़ता है और यह देखना पड़ता है कि वे आज के युग में कहाँ ठहरते हैं। महादेवी के शब्दों में कहें तो संस्कृति के मूल में मानवीय तत्व हैं। लेकिन प्रश्न यह उठता है कि हम इन तत्वों का कहाँ तक उपयोग कर पा रहे हैं? इन सब बातों को रचनाकार किसी न किसी साहित्यिक माध्यम के द्वारा अभिव्यक्त करता है।

प्रतिष्ठित हिंदी सेवी, कवि और समीक्षक प्रो. ऋषभदेव शर्मा (1957) ने अपनी सद्यः प्रकाशित पुस्तक ‘साहित्य, संस्कृति और भाषा’ (2021) में बड़े रोचक ढंग से इन तीनों के विविध आयामों एवं चुनौतियों को कुल चार खंडों में सम्मिलित 18 आलोचनात्मक आलेखों में बखूबी उजागर किया है।

‘भारतीय संस्कृति : आज की चुनौतियाँ’, ‘बदलती चुनौतियाँ और हिंदी की आवश्यकता’, ‘हिंदी की दुनिया : दुनिया में हिंदी’, ‘देश और उसकी भाषा’, ‘विश्वशांति और हिंदी’ तथा ‘हिंदी भाषा की विश्वव्यापकता’ शीर्षक छह आलेख प्रथम खंड में सम्मिलित हैं। इन आलेखों से पता चलता है कि लेखक की दृष्टि वैश्विक है। उनका मानना है कि “भारतीय संस्कृति मनुष्य के भीतर छिपी हुई उसकी दिव्यता को प्रकाशित करने के प्रयत्नों का सामूहिक नाम है।“ (पृ.11)। भारतीय संस्कृति का केंद्रीय मूल्य ‘भारतीयता’ है। लेखक ने इसे ‘अविरोधी भाव’ कहा है। हमारी संस्कृति बहुत ही प्राचीन संस्कृति है। इसके अपने मूल्य हैं। लेखक ने यह स्पष्ट किया है कि भारतीय मूल्य दृष्टि के दो लक्ष्य हैं – अभ्युदय और निःश्रेयस। जहाँ धर्म, अर्थ और काम अभ्युदय से जुड़े हैं वहीं मोक्ष निःश्रेयस से जुड़ा हुआ है। लेखक ने यह चिंता व्यक्त की है कि “किसी एक साहित्यिक कृति का खो जाना या विकृत हो जाना संस्कृति के किसी पक्ष का खो जाना या विकृत हो जाना है। इसी प्रकार एक मातृभाषा का लुप्त हो जाना भी उसके साथ जुड़ी हुई समूची सांस्कृतिक विरासत का लुप्त हो जाना है। नित नएपन की झोंक में यदि हम अपने साहित्य को विकृत करते हैं या भाषा के एक भी प्रतीक को मर जाने देते हैं, शब्दों को प्रचलन के बाहर चला जाने देते हैं, साहित्यिक धाराओं को लुप्त हो जाने देते हैं तो वस्तुतः हम संस्कृति की हत्या कर रहे होते हैं।“ (पृ.14)। इस समस्या का समाधान भी प्रस्तुत करते हुए प्रो. शर्मा कहते हैं कि हजारों मातृभाषाओं और जनभाषाओं से लेकर अनेक क्लासिक भाषाओं तक की विराट भाषिक और साहित्यिक संपत्ति को सँभालकर रखना होगा और साथ ही उसमें निहित उच्च मानवीय मूल्यों तथा उदात्त भारतीय संस्कृति को विश्व के समक्ष रखना होगा।

किसी देश की संस्कृति और इतिहास को जानने और पहचानने का माध्यम या कहे साधन भाषा ही होती है। लंबे समय से हिंदी को राष्ट्रभाषा का दर्जा दिलाने के लिए प्रयास जारी है। सितंबर का महीना आते ही हिंदी पर्व की गहमागहमी शुरू हो जाती है। 1918 में महात्मा गांधी ने हिंदी को भारतीय स्वाधीनता संग्राम की राष्ट्रभाषा के रूप में प्रस्तावित किया था और स्वीकृत भी। लेकिन संविधान के अंतर्गत हिंदी को ‘राजभाषा’ ही कहा जा सका। वह भी अभी तक केवल सिद्धांत रूप में ही है, व्यवहार में नहीं। भाषा के नाम पर यह देश टुकड़ों में बँटता जा रहा है। लेखक को इसकी चिंता सालती है। अतः वे स्पष्ट स्वर में घोषित करते हैं कि “बदली हुई परिस्थितियों के परिप्रेक्ष्य में हिंदी को ‘राष्ट्रभाषा’ और ‘राजभाषा’ जैसी नारेबाजी से दूर रखकर, ‘भाषा’ के रूप में प्रचारित-प्रसारित किए जाने की जरूरत है – जिसे मनुष्य सूचनाओं के आदान-प्रदान, जिज्ञासाओं की शांति, आत्मा की अभिव्यक्ति और संप्रेषण की सिद्धि के निमित्त सीखा करते हैं।“ (पृ.17)। प्रो. शर्मा यह मानते हैं कि ग्लोबल विस्तार तथा संयुक्त राष्ट्र संघ की भाषा के रूप में हिंदी की दावेदारी बेहद मजबूत है।

इस पुस्तक के दूसरे खंड में तीन आलेख सम्मिलित हैं जिनका अपना महत्व है। नीना पाले की एनीमेशन फिल्म ‘सीता सिंग्स द ब्ल्यूज’ को आधार बनाकर लेखक ने ‘रामकथा आधारित एनीमेशन ‘सीता सिंग्स द ब्ल्यूज’ : एक अध्ययन’ शीर्षक आलेख में यह स्पष्ट किया है कि यह फिल्म “स्त्री-प्रश्नों के अलावा सत्य और न्याय के भी शाश्वत प्रश्नों पर सोचने के लिए अपने ग्लोबल दर्शक समुदाय को प्रेरित करती है और राम-संस्कृति की विश्वयात्रा को आगे बढ़ाती है।“ (पृ.51)

‘प्रवासी हिंदी कवियों की संवेदना : सरोकार के धरातल’ शीर्षक आलेख में प्रो. शर्मा ने 10 प्रतिनिधि प्रवासी हिंदी कवियों की कविताओं का विश्लेषण करते हुए यह निरूपित किया है कि “अलग-अलग देशों में रह रहे प्रवासी भारतीयों द्वारा रची जा रही हिंदी कविता में सामाजिक न्याय, मानव अधिकार, जीवन मूल्य, सांस्कृतिक बोध, इतिहास बोध, लोकतत्व, प्रेम और सौंदर्य समान रूप से मुख्य कथ्य बनते दिखाई देते हैं।“ (पृ. 63)। एक और आलेख में प्रवासी साहित्यकार अभिमन्यु अनत के साहित्य में निहित समाजार्थिक चेतना को उजागर किया गया है।

तीसरे खंड में भारतीय साहित्य के विविध आयामों पर प्रकाश डाला गया है। ‘तुलनात्मक भारतीय साहित्य : अवधारणा और मूल्य’ शीर्षक आलेख में लेखक ने सामान्य साहित्य, राष्ट्रीय साहत्य और विश्व साहित्य की अवधारणा को स्पष्ट करते हुए कहा है कि राष्ट्रीय साहित्य द्वारा तुलनात्मक साहित्य का आधार तैयार होता है तथा तुलनात्मक अध्ययन द्वारा ही राष्ट्रीय साहित्य और उसमें निहित राष्ट्रीयता के तत्वों की पहचान की जा सकती है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि भारतीय साहित्य की पहचान का मूल आधार भारतीयता है। इस आलेख में लेखक ने भारतीय साहित्य के पारंपरिक महत्व पर भी प्रकाश डाला है।

‘भारतीय साहित्य का अंतरराष्ट्रीय परिप्रेक्ष्य : विविध आयाम’ शीर्षक आलेख में प्रो. शर्मा ने कुछ प्रमुख एवं गौण आयामों पर प्रकाश डाला है। उनके अनुसार मनुष्यता, संस्कृति, लोकतांत्रिक चेतना, जिजीविषा प्रमुख आयाम हैं तो भारतीय साहित्य का भौगोलिक विस्तार गौण आयाम। उन्होंने आगे यह भी स्पष्ट किया है कि अनुवाद तथा अनुसृजन के माध्यम से इसका निरंतर प्रसार हो रहा है। ‘भारतीय साहित्य में दलित विमर्श : मणिपुरी समाज का संदर्भ’ शीर्षक आलेख में लेखक ने यह चौंकाने वाला तथ्य उजागर किया है कि मणिपुर के साहित्य में दलित विमर्श है ही नहीं क्योंकि मणिपुरी समाज में वर्ण और जाति की प्रथा कभी नहीं रही। उन्होंने यह निरूपित किया है कि वहाँ “जनजाति की व्यवस्था अभी भी सभ्यता की आदिम अवस्था में सुरक्षित है और उनकी अपनी जनजातीय संस्थाएँ हैं जिनमें वर्ण या जातिगत सामाजिक अन्याय और भेदभाव की कोई अवधारणा ही नहीं है।“ (पृ. 97)

‘आंध्रप्रदेश और तेलंगाना की पत्रकारिता’ शीर्षक आलेख में लेखक ने दोनों तेलुगु भाषी प्रांतों की पत्रकारिता के ऐतिहासिक विकास क्रम को उजागर किया है। प्रामाणिक रूप से उन्होंने यह स्पष्ट किया है कि तेलुगु पत्रकारिता 19वीं सदी के दूसरे दशक से ही आरंभ हो गई थी। “इसके बाद उर्दू पत्रकारिता का उदय 1857 के प्रथम स्वाधीनता संग्राम के दिनों में हुआ जबकि हिंदी पत्रकारिता स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान महात्मा गांधी द्वारा चलाए गए हिंदी अभियान के दौर में और खास तौर से ब्रिटिश और निजाम शासन के विरुद्ध आर्य समाज की राष्ट्रीय गतिविधियों के साथ बीसवीं शताब्दी के तीसरे दशक के आरंभिक वर्षों में उदित हुई।“ (पृ. 99-100)। निश्चित रूप से यह आलेख दस्तावेजी महत्व का है।

पुस्तक के अंतिम खंड में कुल पाँच आलेख शामिल हैं। इस खंड के पहले आलेख में हिंदी साहित्य के वैश्विक परिप्रेक्ष्य को उजागर किया गया है। पहले भी कहा जा चुका है कि लेखक की दृष्टि वैश्विक है। उन्होंने यह निरूपित किया है कि “हिंदी का चरित्र मूलतः समाज-सांस्कृतिक चरित्र है और इसकी समाज-सांस्कृतिकता दूसरे देशों से आयातित समाज-सांस्कृतिकता नहीं है बल्कि यह अपनी भाषाओं से, अपने देश की स्थितियों से, अपने देश के सामाजिक विकास से, अपने देश के सभ्यतागत विकास से, अपने देश के परंपरागत ज्ञान की बड़ी बृहत परंपराओं से ग्रहण की हुई समाज-सांस्कृतिकता है, इसलिए हिंदी साहित्य वैश्विक परिप्रेक्षय के संदर्भ में जो चीज ग्रहण कर रहा है वह अपनी समाज-सांस्कृतिकता के परिप्रेक्ष्य में ही ग्रहण कर रहा है।“ (पृ. 120)। इके पश्चात लेखक ने कुल 43 पृष्ठों में आदिकाल से लेकर रीतिकाल पर्यंत हिंदी साहित्य के ऐतिहासिक परिप्रेक्षय को सरल एवं सुबोध भाषा शैली में समेटा है।

तेलुगु भाषी हिंदी साहित्यकार आलूरि बैरागी चौधरी के बारे में हिंदी पाठक बहुत कम जानते हैं। आंध्र प्रदेश में जन्मे आलूरि बैरागी की स्कूली शिक्षा कक्षा 3 तक ही हो सकी लेकिन स्वाध्याय द्वारा उन्होंने तेलुगु, हिंदी और अंग्रेजी पर अधिकार प्राप्त करने के साथ-साथ इन तीनों भाषाओं में काव्य-सृजन भी किया। लेखक ने हिंदी पाठकों को उनके कविकर्म से परिचित करवाया है। जहाँ एक ओर उन्होंने तेलुगुभाषी हिंदी साहित्यकार का परिचय दिया है वहीं दूसरी ओर समकालीन हिंदी कविता की राष्ट्रीय चेतना को उकेरा है। यह महज एक आलेख नहीं बल्कि एक संपूर्ण शोध की रूपरेखा है।

ऋषभदेव शर्मा सकारात्मक सोच रखने वाले संवेदनशील साहित्यकार हैं। उनका संवेदनशील हृदय समाज की विसंगतियों को देखकर उद्वेलित हो उठता है। उनकी निष्पक्षता इस बात से प्रमाणित होती है कि उनके लेखन में कहीं भी गुटबाजी नहीं दीखती। हर बात पर वे बहुत स्पष्ट विचार प्रस्तुत करते हैं। नकारात्मक पक्ष को भी सकारात्मक दृष्टि से ही आँकते हैं। समाज के निचले स्तर के लोगों तथा हाशिये पर ढकेले गए लोगों के प्रति उनके मन में सहानुभूति है। उनके अनुसार कोई भी वर्ग निम्नतर नहीं है। इस समाज में वेश्याओं को हेय दृष्टि से देखा जाता है। ऐसी स्थिति में उन पर लिखने के लिए कोई भी सौ बार सोचता है। डॉ. शर्मा ने चार उपन्यासों (सेवासदन, अप्सरा, तिनका तिनके पास और दस द्वारे का पिंजरा) के हवाले से वेश्याओं के पुनर्वास की बात उठाई है क्योंकि वे यह मानते हैं कि मनुष्य को रहने के लिए बेहतर व्यवस्था, बेहतर धरती और बेहतर भविष्य की आवश्यकता है। वे तुलसी की भाँति लोकमंगल की कामना करने वाले साहित्यकार हैं- ‘परहित सरिस धर्म नहीं भाई, परपीड़ा सम नहिं अधमाई।‘








भाषा (केंद्रीय हिंदी निदेशालय भारत सरकार), अंक 298 वर्ष 60, सितंबर-अक्टूबर 2021, पृ. 137-140  


बुधवार, 27 अक्टूबर 2021

साइबर अपराध, बच्चे और साहित्य



साइबर दुनिया की सबसे और जटिल समस्या है साइबर अपराध। मूल रूप से यह अवैध और जघन्य कार्य है। इसमें कंप्यूटर या तो उपकरण है या फिर लक्ष्य। इंटरनेट क्रांति के कारण हम आसानी से दुनिया भर से सूचनाएँ एक क्लिक में प्राप्त कर पा रहे हैं। इससे अनेक लाभ उठा सकते हैं, लेकिन मनुष्य का मस्तिष्क इतना विकृत हो चुका है कि वह साइबर पोर्नोग्राफ़ी, साइबर स्टाकिंग, ईमेल बम विस्फोट, वायरस अटैक, वेब जैकिंग आदि अपराध के लिए कंप्यूटर और इंटरनेट का दुरुपयोग कर रहा है। ये सब तो अपनी जगह है ही, पर साइबर दुनिया का उपयोग बाल शोषण के लिए किया जा रहा है। एक ओर अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस, बाल दिवस, विश्व बालश्रम विरोधी दिवस, बाल अधिकार दिवस, बाल सुरक्षा दिवस आदि मनाए जा रहे हैं और दूसरी ओर बच्चों का शोषण किया जा रहा है।

बाल शोषण अक्षम्य अपराध है। बाल मानवाधिकारों के उल्लंघन को रोकने के लिए अनेक कानून हैं। फिर भी समाज से बाल शोषण को मिटाना असंभव हो रहा है। हर दिन बच्चों के खिलाफ हो रहे अपराध सामने आ रहे हैं। महिला और बाल विकास मंत्रालय ने बच्चों का सर्वेक्षण करवाया था। 53 प्रतिशत बच्चों ने कहा कि वे किसी न किसी रूप से यौन शोषण के शिकार हुए हैं। उस अध्ययन से यह भी पता चला कि पाँच से 12 वर्ष तक की उम्र के छोटे बच्चे सबसे अधिक शिकार होते हैं। राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) द्वारा जारी एक रिपोर्ट के अनुसार बाल यौन शोषण संरक्षण कानून (पोक्सो) के तहत जहाँ वर्ष 2017 में 32,608 मामले दर्ज किए गए वहीं 2018 में इस कानून के तहत 39,827 मामले दर्ज किए गए। जब कि 2019 में 1,28,531 मामले दर्ज हुए। इससे यह स्पष्ट है कि कोरोना महामारी के समय बच्चों का शोषण दर बढ़ गया। बाल अधिकार संगठन ने कहा कि “हालांकि बच्चों के खिलाफ अपराधों की कुल संख्या में गिरावट आई है, लेकिन बाल विवाहों के मामलों में 50 प्रतिशत इजाफा हुआ है जबकि एक वर्ष में ऑनलाइन दुर्व्यवहार के मामलों में 400 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।” चाइल्ड राइट्स एंड यू (क्राई) की प्रीति महारा का कहना है कि यह चिंता का विषय तो है ही, पर लोग इसके बारे में सूचनाएँ दे रहे हैं जिससे एक सकारात्मक बात सामने आती है कि लोगों का कानून में विश्वास बढ़ रहा है।

साइबर शोषण सर्वसाधारण बात नहीं है, बल्कि चिंता का विषय है। जब प्रिंट या इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से ऐसी खबरें सामने आती हैं तो एक क्षण के लिए हम सब संवेदनशील हो जाते हैं लेकिन अगले ही क्षण उसे भूल भी जाते हैं।

बच्चों के खिलाफ अपराध कोई नई बात नहीं है। फर्क बस इतना ही है कि आज यह बात सामने आ रही है। यह भी निर्विवाद सच है कि इस समाज में ऐसे अनेक माता-पिता हैं जो अपने बच्चों के साथ हुए शोषण को अनदेखा करते हैं या फिर दबा देते हैं। आजकल ऑनलाइन के माध्यम से ही पढ़ाई हो रही है। अतः बच्चों को साइबर अपराध के प्रति जागरूक करना आवश्यक है। इसीलिए एनसीआरटी के द्वारा साइबर जागृति दिवस के तहत सभी स्कूली बच्चों को जागरूक करने के लिए अनेक कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। यह सिर्फ बच्चों के लिए ही नहीं बल्कि अभिभावकों के लिए भी आवश्यक है।

शिक्षाविद या समाज सेवी ही नहीं बल्कि संवेदनशील साहित्यकारों ने भी इस ओर ध्यान दिया है। नासिरा शर्मा का लघु उपन्यास ‘शब्द पखेरू’ यह आगाह करता है कि नई पीढ़ी अनजाने में साइबर क्राइम का हिस्सा बन सकती है। इस उपन्यास की नायिका शैलजा अनजाने में फ़ेसबुक दोस्त के कारण साइबर अपराध में फंस जाती है। नासिरा शर्मा ने इस उपन्यास के माध्यम से सबको आगाह किया है कि यदि हम जागरूक हों तो बढ़ते साइबर अपराध से अपने आपको बचा सकते हैं। प्रो. त्रिवेणी सिंह (आईपीएस) और अमित दुबे की पुस्तक ‘अदृश्य जाल’ (2021) में संकलित कहानियाँ साइबर क्राइम की सच्ची घटनाओं पर आधारित हैं। कहानिकारों ने स्पष्ट किया है कि यह पुस्तक एक प्रयास है “अधिक-से-अधिक लोगों को जागरूक करने और ऑनलाइन की दुनिया के बढ़ते खतरों से बचाने के लिए। इसलिए इस पुस्तक की बिक्री से अर्जित पूँजी रूट 64 फाउंडेशन (root64.in) नामक संस्था को दी जाएगी, जो कि इस साइबर क्राइम के प्रति लोगों में जागरूकता फैलाने के साथ-साथ पुलिस और दूसरी लॉ एंफोर्समेंट एजेंसी को ट्रेनिंग देना काम करती है।”

बच्चों को एक सुरक्षित वातावरण देने के बजाय हम शोषणपूर्ण परिवेश दे रहे हैं। बच्चों पर ही कल आधारित है। अतः यह प्रत्येक नागरिक कर्तव्य है कि बच्चों को हर तरह के अपराधों के प्रति जागरूक करें। इसके लिए अभियान चलाना होगा। उन्हें स्वस्थ समाज देना होगा।